रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में आगामी डिफेंस एक्सपो 2022 की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान अधिकारियों ने रक्षा मंत्री को एक्सपो संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। गुजरात के गांधीनगर में 18-22 अक्टूबर, 2022 तक आयोजित होने वाला डिफेंस एक्सपो अभी तक का सबसे बड़ा संस्करण होगा। बैठक के दौरान रक्षा सचिव अजय कुमार और रक्षा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
डिफेंस एक्सपो का यह सबसे बड़ा संस्करण इसलिए भी माना जा रहा है कि इसमें रिकॉर्ड 1,136 कंपनियों ने पंजीकरण कराया है। यह एक्सपो करीब एक लाख वर्ग मीटर में आयोजित होगा।। इससे पहले एक्सपो 76,000 वर्गमीटर में आयोजित किया गया था। 12वें डिफेंस एक्सपो की थीम 'पाथ टू प्राइड' है जो भारत के साथ भारतीय एयरोस्पेस और रक्षा विनिर्माण क्षेत्रों के लिए साझेदारी का समर्थन, प्रदर्शन और फोर्जिंग करके भारत को एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र में बदलने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
'मेक इन इंडिया, के तहत यह एक्सपो घरेलू रक्षा उद्योग की ताकत को प्रदर्शित करेगा। भारतीय कंपनियों के आयोजन के लिए यह विशेष रुप से पहला संस्करण होगा। एक साल पहले शुरू हुई देश की सात नई रक्षा कंपनियों के लिए यह एक्सपो खास होगा। ये सभी कंपनियां पहली बार डिफेंस एक्सपो में भाग लेंगी। 12वां डिफेंस एक्सपो के दौरान पांच दिवसीय प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। जिसमें 18-20 अक्टूबर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए होंगे, जबकि 21 और 22 अक्टूबर सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए होंगे।
सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स के वार्षिक सत्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे देश में वह सब कुछ उपलब्ध है जो रक्षा कंपनी के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। हर लिहाज से भारत ने हाल के दिनों में रक्षा कंपनियों के लिए एक अनुकूल वातावरण प्रदान किया है।