अमेरिका-कनाडा सीमा को पार करने की कोशिश करते हुए भयंकर ठंड के चलते एक भारतीय परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर सुनने के बाद गुजरात के गांधीनगर जिले में दिंगुचा गांव का एक व्यक्ति और उसका परिवार बहुत परेशान है। उसका कहना है कि वह अपने परिजनों से संपर्क नहीं कर पा रहा है जो हाल ही में कनाडा गए थे। माना जा रहा है कि मृत लोग गुजराती थे और अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।
गांधीनगर के कलेक्टर कुलदीप आर्या ने बताया कि हमें दिंगुचा गांव के एक परिवार के वैध वीजा पर कनाडा जाने के बारे में पता चला है। लेकिन हमें मृतकों के बारे में कोई सूचना नहीं मिली है न ही हमें यह पता है कि क्या वह इसी गांव के रहने वाले थे। आर्या ने कहा कि इस मामले को लेकर विदेश मंत्रालय या केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से भी कोई संपर्क या संवाद नहीं किया गया है। बता दें कि अमेरिका-कनाडा सीमा पर अत्यधित ठंड से जान गंवाने वालों में एक नवजात भी शामिल था।
दिंगुचा गांव के जसवंत पटेल का कहना है कि उनके चचेरे भाई जगदीश पटेल हाल ही में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ कनाडा गए थे। जगदीश का परिवार गुजरात के कलोल तालुका में रहता है और उनसे कोई संपर्क न हो पाने की वजह से बहुत परेशान है। जसवंत ने कहा, हम एक परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर सुन कर बहुत चिंतित हैं। मेरा चचेरा भाई हाल ही में अपने परिवार के साथ कनाडा गया था और पिछले तीन-चार दिन से हमारी उनसे बिल्कुल बात नहीं हो पाई है।
इस घटना की मानव तस्करी के बड़े गिरोह के दृष्टिकोण से जांच हो रही है और इस मामले में अमेरिका में गैरकानूनी रूप से मौजूद सात अन्य भारतीयों को गिरफ्तार भी किया गया है।