महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में हुई नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ के बाद पूर्वी महाराष्ट्र की इंद्रावती नदी में 17 और नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। सोमवार को यह शव महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर मिले हैं। सुरक्षाबलों ने रविवार को दावा किया था कि उन्होंने मुठभेड़ में 16 नक्सलियों को मार गिराया है। न्यूज एजेंसी एएनआई को मुताबिक सोमवार शाम पुलिस ने 6 और नक्सलियों को मार गिराया। मरने वालों का आंकड़ा 37 पर पहुंच गया है। पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर गढ़चिरौली इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया था।
इस अभियान के दौरान अलग-अलग मुठभेड़ हुईं, जिनमें कम से कम 37 नक्सली मारे गए। सफल ऑपरेशनों के बाद जवानों ने इसका जश्न भी मनाया है। सपना चौधरी के गाने पर जवानों ने डांस किया है। इसे अब तक की सबसे बड़ी मुठभेड़ माना गया था जिसमें नक्सल कमांडर साईंनाथ और सीनू भी ढेर हो गए थे। राले-कसनासुर जंगल में हुए इस अभियान को सी-60 कमांडो पुलिस और सीआरपीएफ की नौवीं बटालियन के जवानों ने अंजाम दिया था। यह माओवादियों के खिलाफ काफी बड़ा ऑपरेशन था।
सीनियर अधिकारियों का दावा है कि 11 शवों को रविवार को हुई मुठभेड़ के बाद ट्रेस नहीं किया जा सका था। हालांकि ऐसा लगता है कि पुलिस ने शवों को खोजने की कोशिश नहीं की। शवों के साथ हथियार देखे जा सकते हैं। सामान्य मुठभेड़ दृश्यों के विपरीत मुठभेड़ स्थल पर खाली गोलियां नहीं मिली हैं। 12 बोर कार्टरेज की जिंदा कारतूस पड़ी हुई मिली हैं। नक्सली आमतौर पर इसी पैमाने की बंदूक का इस्तेमाल करती हैं। पुलिस ने रविवार को 16 शवों को बरामद किया था।
मुठभेड़ की जगह पर अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है और माना जा रहा है कि अभी और भी शव मिल सकते हैं। पुलिस का कहना है कि मारे गए गए नक्सलियों पर 76 लाख का इनाम था। इस मामले पर गढ़चिरौली एसपी अभिनव देशमुख ने कहा है कि सर्च ऑपरेशन के लिए एक टीम गठित करके भेज दी गई है। मुठभेड़ में शामिल सुरक्षाबलों ने बताया कि कुछ नक्सली नदी में कूद गए थे और उन्हें तभी ट्रेस किया जा सकता था जब उनकी लाशें तैरकर पानी के ऊपर आ जातीं।