बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने दबाव के कम तीव्रता वाले चक्रवात में तब्दील होने की संभावना
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना दबाव 24 अक्तूबर तक कम तीव्रता वाले चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक बुलेटिन में कहा कि यह दबाव ओडिशा के पारादीप से लगभग 610 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। इसके अगले 24 घंटे में गहरे दबाव में तब्दील होने की संभावना है। यह उसके अगले 12 घंटे में उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और फिर अगले तीन दिनों में बांग्लादेश-पश्चिम बंगाल तटों की ओर बढ़ेगा।
बहुत कमजोर रहने की संभावना
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक उमाशंकर दास ने बताया कि एक चक्रवाती तूफान बनने की आशंका है, लेकिन इसके बहुत कमजोर रहने की संभावना है। इसका ओडिशा पर मामूली प्रभाव पड़ेगा, जिससे हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होगी। समुद्र में यह राज्य के तट से लगभग 200 किलोमीटर दूर होगा।
ओडिशा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है
उन्होंने बताया कि तटीय ओडिशा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके प्रभाव से 23 अक्तूबर को तटीय ओडिशा में कुछ स्थानों पर और 24-25 अक्तूबर को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना है।