नलगोंडा में स्कूल में 500 बच्चे फंसे
नलगोंडा जिले में एक आवासीय स्कूल में 500 बच्चे और 26 शिक्षक और कर्मचारी फंस गए। बाद में उन्हें निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। वहीं महबूबाबाद जिले में यार्ड में पानी भरने के कारण कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया, जबकि कुछ ट्रेनों को आंशिक तौर पर रद्द कर दिया गया और दूसरे रास्ते से निकाला गया।
ये भी पढ़ें:- Delhi: वायु प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए एनडीएमसी ने दोगुना किया पार्किंग शुल्क, ग्रेप 2 के तहत उठाया कदम
बंगाल में आज भी बारिश का अलर्ट
चक्रवात मोंथा के कमजोर पड़ने के बाद शुक्रवार तक पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने मुताबिक मौसम प्रणाली उत्तर-उत्तर पश्चिम की दिशा में बढ़ रही है और इसलिए दक्षिण बंगाल में हल्के से सामान्य बारिश होने के आसार हैं। वहीं, दक्षिण 24 परगना, पूरबा और पश्चिम मेदनीपुर, झारग्राम, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, पूरबा बर्धमान और पुरुलिया जिलों में शुक्रवार तक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में शुक्रवार को एक या दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा (7 से 20 सेमी तक) और मालदा, उत्तर दिनाजपुर व दक्षिण दिनाजपुर में 7 से 11 सेमी तक बारिश हो सकती है। शनिवार को भी अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने चेतावनी दी है कि दार्जिलिंग और कालिम्पोंग के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हो सकता है।
ओडिशा में 2,000 गर्भवती महिलाओं को प्रसूति गृह में रखा गया
ओडिशा में 25 जगहों पर भारी बारिश हुई। चक्रवात के असर से बचाने के लिए 2,000 से ज्यादा गर्भवती महिलाओं को प्रसूती गृहों में भर्ती कराया गया। चक्रवात बुधवार सुबह ओडिशा के गंजम जिले पहुंचा और यहां समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठीं। हवा की रफ्तार 80-100 किमी प्रति घंटे पहुंच गई है। मौसम विभाग की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि गजपति जिले में सबसे ज्यादा बारिश हुई। यहां 150.5 मिलिमीटर बारिश दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।