Cyclone Mocha Live Tracking, Wind Speed, IMD Alert: मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज चक्रवात मोका तबाही मचा सकता है और 12 मई की सुबह तक ये बहुत गंभीर चक्रवात बन जाएगा। इसके बाद इसके उत्तर-पूर्व दिशा में फिर से मुड़ने की संभावना है। इसका असर कई राज्यों के मौसम पर पड़ेगा।
बंगाल की खाड़ी में उफान मार रहा नया उष्णकटिबंधीय चक्रवात ‘मोका’ इस समय देश में सुर्खियों में है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहा गहरा दबाव आज यानी 11 मई एक चक्रवाती तूफान 'मोका' में बदल गया। इसका असर कई राज्यों में देखने को मिलेगा। इससे बंगाल की खाड़ी के नजदीकी तटीय राज्यों में तेज हवाएं और बारिश होगी जबकि मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ेगा।
विज्ञापन
फिलहाल चक्रवाती तूफान 'मोका' बांग्लादेश में कॉक्स बाजार से 1210 किमी दक्षिण-दक्षिणपश्चिम और पोर्ट ब्लेयर से लगभग 510 किमी पश्चिम-दक्षिणपश्चिम में केंद्रित है। आज आधी रात तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है।
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, 11 मई को चक्रवाती तूफान 'मोका' तबाही मचा सकता है और 12 मई की सुबह तक बहुत गंभीर चक्रवात बन जाएगा। इसके बाद इसके उत्तर-पूर्व दिशा में फिर से मुड़ने की संभावना है और 14 मई की दोपहर तक दक्षिण पूर्व बांग्लादेश और उत्तरी म्यांमार तट के बीच लैंडफॉल कर सकता है।
विज्ञापन
इन इलाकों में तेज हवाएं और बारिश संभव
मोका के असर से आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। अंडमान सागर और बंगाल की दक्षिणपूर्व खाड़ी में समुद्र की स्थिति बहुत खराब रहेगी। लहर की ऊंचाई बहुत अधिक होगी, 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा कर्नाटक, केरल, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। असम, तमिलनाडु के सिक्किम भागों और तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। वहीं, उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में दिन का तापमान और बढ़ सकता है।