आईएमडी ने दक्षिणी गुजरात में मछुआरों के लिए समुद्र तट से दूर रहने का रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने मछुआरों को अगले 24 घंटे में महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक और दक्षिणी गुजरात के साथ ही उत्तर-पूर्व अरब सागर में अपनी नाव नहीं उतारने के लिए कहा है। इसके चलते केरल, महाराष्ट्र और तमिलनाडु की 500 मछली पकड़ने वाली नावों (आईएफबी) को करवाड़ भेज दिया गया है, जबकि 120 आईएफबी ने उडुपी और मंगलूरू में शरण ली है।
ओमान की तरफ मुड़ने के आसार
आईएमडी के मुताबिक, शनिवार सुबह 5.30 बजे ‘क्यार’ का केंद्र महाराष्ट्र के रत्नागिरी से 270 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण में, मुंबई से दक्षिण-पश्चिम में 360 किलोमीटर और ओमान के सालाह शहर से दक्षिण-पूर्व में 1780 किलोमीटर दूर मध्यपूर्व अरब सागर में था। हालांकि सुबह 11.30 बजे तक तूफान रत्नागिरी से 350 किलोमीटर और मुंबई से 410 किलोमीटर पहुंच गया था, जबकि सालाह से उसकी दूरी घटकर 1690 किलोमीटर रह गई थी। आईएमडी का अनुमान है कि पूर्व-उत्तरपूर्व की तरफ मुड़ता दिखाई दिए चक्रवाती तूफान का रुख अगले पांच दिन में पूरी तरह ओमान की तरफ मुड़ जाएगा।
भारतीय तटरक्षक बल ने भी ‘क्यार’ के आगमन की भविष्यवाणी को देखते हुए अपने सर्च एंड रेस्क्यू (सार) दलों को सतर्क कर दिया है। तटरक्षक बल का एक डोर्नियर विमान मंगलूरू स्थित कोस्ट गार्ड एयर एंक्लेव में तैनात किया गया है। इसके अलावा कर्नाटक-गोवा के तटों पर समुद्र प्रहरी, अमल, अपूर्व, अमर्त्य और राजदूत तटरक्षक पोत तैनात किए गए हैं।