कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला
- फोटो : पीटीआई (फाइल)
पार्टी नेतृत्व को लेकर विद्रोही रुख अपनाए जी-23 नेताओं की मांगों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को जल्द ही बैठक आयोजित करने की बात कही। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक का आयोजन बहुत जल्द किया जाएगा। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार सुरजेवाला ने कहा कि शिमला जाने से पहले ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने संकेत दे दिया था कि सीब्ल्यूसी की एक बैठक जल्द ही बुलाई जाएगी। इसी के अनुसार आने वाले दिनों में बैठक की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि पंजाब में कांग्रेस सरकार में बदलाव होने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने बुधवार को सवाल उठाते हुए कहा था कि पार्टी का अध्यक्ष ही नहीं है तो फैसले कौन ले रहा है? सिब्बल और गुलाम नबी आजाद ने मांग की थी कि तत्काल सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलाई जाए ताकि इस पर खुलकर बात हो सके। इसके बाद सिब्बल के घर के बाहर प्रदर्शन भी हुआ था। दरअसल, पंजाब में हाल ही में नेतृत्व में बदलाव हुआ है। कैप्टन अमरिंदर सिंह के स्थान पर अब मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी चरणजीत सिंह चन्नी को दी गई है।
इस दौरान कपिल सिब्बल ने कहा था, 'हमारी पार्टी में इस समय कोई अध्यक्ष नहीं है। इसलिए हमें नहीं पता कि ये फैसले कौन ले रहा है। हम जानते हैं और फिर भी हम नहीं जानते हैं... मैं मानता हूं कि मेरे एक वरिष्ठ साथी ने कांग्रेस अध्यक्ष को तत्काल सीडब्ल्यूसी की बैठक आयोजित करने के लिए पत्र लिखा है। यह बैठक आयोजित होनी चाहिए जिससे यहां हम उन बातों पर खुलकर बात कर सकें जो हम सार्वजनिक रूप से नहीं बोल सकते हैं। इस मुद्दे पर खुलकर विचार-विमर्श होना चाहिए कि हम (कांग्रेस पार्टी) इस स्थिति में क्यों हैं।'