सरकार ने सोमवार को कहा कि पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों के लिए बिना किसी अतिरिक्त खर्च के क्रेडिट या डेबिट कार्ड से ईंधन के भुगतान की सुविधा 13 जनवरी के बाद भी जारी रहेगी। अर्थात देशभर के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल या डीजल खरीदने के लिए डेबिट या क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल पर अब ग्राहकों को कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह शुल्क पेट्रोल पंप मालिकों को भी नहीं चुकाना होगा। कार्ड के जरिये होने वाले भुगतान पर लगने वाले शुल्क बैंक या तेल कंपनी ही चुकाएंगे।
सरकार का कहना है कि कार्ड से लेन-देन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) का बोझ कौन उठाए, इस पर बैंकों और तेल कंपनियों के बीच बातचीत चल रही है। गौरतलब है कि रविवार को पेट्रोल पंपों ने धमकी दे दी थी कि वे 13 जनवरी के बाद कार्ड से भुगतान लेना बंद कर देंगे, क्योंकि बैंक उनसे कार्ड मशीन से भुगतान पर एक प्रतिशत एमडीआर शुल्क मांग रहे हैं। सरकार ने लाखों ग्राहकों के लिए संकट की इस स्थिति को टालने के एक दिन बाद यह बयान दिया है।
पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने वित्त मंत्री अरुण जेटली से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा कि एमडीआर रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही लागू किया जाएगा। इसका बोझ किस पर पड़े, इस बारे में तेल विपणन कंपनियां और बैंकों के बीच बातचीत चल रही है।