नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विस्फोटकों का पता लगाने में रोबोट जल्द ही सीआरपीएफ की मदद करेगा। नक्सली इलाकों में बारूदी सुरंग का आसानी से पता नहीं लगने के कारण कई बार विस्फोट के दौरान इस अर्धसैनिक बल को भारी जानमाल का नुकसान उठाना पड़ता है।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के महानिदेशक के दुर्गा प्रसाद ने सोमवार को यहां कहा कि रोबोटिक उपकरण की क्षमता के बारे में आईआईटी मुंबई से परामर्श लिया जा रहा है। मंगलवार को सेवानिवृत्त हो रहे दुर्गा ने कहा कि इस उपकरण के इस्तेमाल से कचरे या पक्की सड़क के नीचे छिपा कर रखे बम का आसानी से पता लगाया जा सकता है और उसे निष्क्रिय किया जा सकता है। इस तरह इसके विस्फोट से जवानों को मौत के मुंह में जाने या जख्मी होने से बचाया जा सकता है।