देश के सबसे बड़े केंद्रीय अर्धसैनिक बल 'सीआरपीएफ' में एक सिपाही को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। इसके पीछे यह वजह बताई जा रही है कि उसने सोशल मीडिया में अपने कंपनी कमांडर के खिलाफ एक धमकी भरी टिप्पणी की थी। उस पोस्ट में खून खराबा और उसके बाद खुद आत्महत्या करने जैसी बात लिखी गई थी। सीआरपीएफ ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए सिपाही के खिलाफ जांच बैठाई थी। जांच के आधार पर उसे शुक्रवार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें:
साइबर ठगी पर गोवा पुलिस का बड़ा एक्शन: 16 राज्यों में छापेमारी, 24 गिरफ्तार; कितनी रकम की हुई धोखाधड़ी?
बल के विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, सिपाही 'पिनाक नाथ' एक दो वर्ष पहले ही सीआरपीएफ में भर्ती हुआ था। फिलहाल वह बल की 33वीं बटालियन में तैनात था। जम्मू सेक्टर के सोशल मीडिया निगरानी सेल ने पाया कि उसने अपने सोशल मीडिया पर धमकी भरा वीडियो पोस्ट किया था। सिपाही ने अपने वीडियो पोस्ट में सीआईएसएफ की उस घटना को आधार बनाया था, जिसमें 29 सितंबर को जेएंडके के कठुआ जिले में सेवा-2 हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के हेड कांस्टेबल अवधेश सिंह ने कैंप में सर्विस राइफल से अपने साथियों पर फायरिंग कर दी थी।
उस घटना में असिस्टेंट कमांडेंट एवं कंपनी कमांडर अंकित कुमार पांडे, सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल रफीक अहमद और कांस्टेबल संजीव कुमार की मौत हो गई थी। उसके बाद सीआरपीएफ के सिपाही पिनाक नाथ ने अपनी पोस्ट में सीआईएसएफ के हवलदार की तरह ही खून-खराबा करने की धमकी दी थी। अपनी पोस्ट में पिनाक ने यह भी लिखा कि उसके बाद वह भी आत्महत्या कर लेगा। सीआरपीएफ ने इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया। इस तरह के वीडियो से बल के जवानों पर गलत असर पड़ रहा था। बल के एक अधिकारी ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई जरुरी थी। एक अनुशासनिक फोर्स में इस तरह की धमकी देने वाले के लिए कोई जगह नहीं है। 33वीं बटालियन के जवानों को उक्त कार्रवाई से अवगत कराने के लिए कहा गया है। बटालियन के कैंपों की नियंत्रण व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि वह बर्खास्त सिपाही किसी भी शिविर या पोस्ट में प्रवेश न कर सके।