असम के जोरहाट जिले में पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
बिहार का रहने वाला पंकज मिश्र नामक उक्त जवान जिले के रोहरिया स्थित सीआरपीएफ कैंप में तैनात था। एक स्थानीय अदालत में पेश करने पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पढ़ें- कर्नाटक के मंत्री ने मोदी को कहे अपशब्द, वीडियो वायरल होने पर बीजेपी ने दर्ज करवाई शिकायत
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बटालियन कमांडर बी बेहरा की ओर से दर्ज प्राथमिकी के आधार पर जवान को गिरफ्तार किया गया है। मालूम हो कि सीआरपीएफ जवान ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री व गृह मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उसकी पोस्ट के वायरल होने के बाद उसे रविवार को ही निलंबित कर दिया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जवान ने सीआरपीएफ के शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ टिप्पणी करते हुए उन पर जवानों से निजी काम कराने के भी आरोप लगाए थे।