लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर भीड़...
- फोटो : Amar Ujala
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच सार्वजनिक आवागमन पर लगाए गए कड़े प्रतिबंधों के एक दिन बाद बुधवार को लंबी दूरी की ट्रेन पकड़ने के लिए लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) के बाहर भारी संख्या में यूपी-बिहार के प्रवासियों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
इसी तरह नागपुर और पुणे में भी स्टेशनों पर बस डिपो परिसर में प्रवासी मजदूरों की भीड़ जमा होने लगी है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) की अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है। वहीं, मध्य रेलवे ने लोगों से परेशान नहीं होने और रेलवे स्टेशन पर भीड़ नहीं लगाने की अपील की है।
राज्य में कोरोना की अप्रत्याशित लहर से निपटने के लिए महा विकास आघाड़ी सरकार ने बुधवार की रात से अगले 15 दिन के लिए कड़े प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर बुधवार रात आठ बजे से एक मई सुबह सात बजे तक पाबंदियां जारी रहेंगी।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि इस दौरान दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू रहेगी। जिनके पास कंफर्म टिकट नहीं है वे यात्री मायूस हैं। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवाजी सुतार ने कहा कि लोगों को घबराना नहीं चाहिए और रेलवे स्टेशन पर भीड़ नहीं लगानी चाहिए।
उन्होंने कहा, केवल उन यात्रियों को विशेष ट्रेन में जाने की अनुमति है जिनके पास पहले से ही आरक्षित टिकट है। उन्हें ट्रेन के खुलने के समय से डेढ़ घंटा पहले स्टेशन पहुंचना होगा।