महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख बुधवार को भ्रष्टाचार के मामले में पूछताछ के लिए सीबीआई के सामने पेश हुए। सीबीआई ने देशमुख से मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीर सिंह की तरफ से लगाए गए वसूली के आरोपों को लेकर करीब 8 घंटे तक सवाल-जवाब किए।
सूत्रों का कहना है कि देशमुख ने सभी आरोपों को नकार दिया है। सीबीआई ने सोमवार को देशमुख को नोटिस भेजा था, जिसमें उन्हें पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिया गया था।
एक अधिकारी ने बताया कि देशमुख सुबह करीब 10 बजे सांतक्रूूज के बाहरी क्षेत्र में डीआरडीओ गेस्टहाउस पहुंचे, जहां सीबीआई टीम ठहरी हुई है। यहां उन्होंने शाम करीब 6 बजे तक सीबीआई के सवालों का जवाब दिया।
हालांकि अधिकारी ने सीबीआई की तरफ से पूछे गए सवालों का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया, लेकिन यह बताया कि सवालों का दायरा परमबीर सिंह और मुंबई पुलिस के निलंबित अधिकारी सचिन वाजे की तरफ से देशमुख पर लगाए गए आरोपों के इर्द-गिर्द ही रहा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि देशमुख को बृहस्पतिवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है या नहीं। वाजे फिलहाल उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के करीब विस्फोटकों से लदी मिली एसयूवी गाड़ी से जुड़ी एनआईए जांच के सिलसिले में न्यायिक हिरासत में है।
परमबीर सिंह ने पुलिस आयुक्त पद से हटाए जाने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि देशमुख ने सहायक सब इंस्पेक्टर वाजे को मुंबई में बार और होटलों से हर महीने 100 करोड़ रुपये की वसूली करने का आदेश दिया था। देशमुख ने इन आरोपों से इंकार किया था, लेकिन वाजे ने भी इसकी पुष्टि कर दी थी।
इसके बाद 5 अप्रैल को बॉम्बे हाईकोर्ट ने सीबीआई को इस मामले में प्राथमिक जांच करने का निर्देश दिया था। हाईकोर्ट के निर्णय के बाद देशमुख ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि हाईकोर्ट के निर्णय को महाराष्ट्र सरकार और देशमुख ने 8 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन शीर्ष अदालत ने इसे खारिज कर दिया था।
इनसे पूछताछ कर चुकी है जांच टीम अब तक
अनिल देशमुख से जुड़े इस मामले में सीबीआई अब तक पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह, सचिन वाजे, डिप्टी पुलिस कमिश्नर राजू भुजबल, असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर संजय पाटिल, एडवोकेट जयश्री पाटिल और होटल मालिक महेश शेट्टी के बयान दर्ज कर चुकी है। इनके अलावा देशमुख के निजी सहायक कुंदन शिंदे और निजी सचिव संजीव पलांदे से भी रविवार को पूछताछ की गई था।