महाराष्ट्र में मानसूनी के आखिरी दौर में हुई बारिश से फसलें बर्बाद हो गई हैं। इसका असर प्याज की नई फसल पर भी पड़ा है। इसकी वजह से तड़के में महंगाई का छौंक लगना तय है। मुंबई महानगर में प्याज का भाव आसमान छूने लगा है। माना जा रहा है कि दीपावली तक प्याज फिर देशवासियों को रुलाएगी।
महाराष्ट्र के नासिक जिले में एशिया की सबसे बड़ी प्याज मंडी है लेकिन यहां प्याज की कमीं देखी जा रही है। नई प्याज नहीं आने से पुरानी प्याज का भाव प्रतिदिन बढ़ रहा है। नासिक जिले की प्याज मंडियों में पांच दिन पहले प्याज की कीमत प्रतिक्विंटल अधिकतम 4300 रुपए थी जो अब 9700 के पार पहुंच गई है।
व्यापारियों का मानना है कि प्याज के दामों में बृद्धि की यह स्थिति अक्तूबर के आखिर तक कायम रहेगी। नासिक लासलगांव के प्याज व्यापारी भागवत सोनावणे ने बताया कि महाराष्ट्र में होटल और रेस्टोरेंट शुरू होने से भी प्याज की मांग बढ़ गई है।
वहीं, दक्षिण के राज्यों केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में पुराने प्याज की मांग तेजी से बढ़ी है। हर साल नवंबर महीने में प्याज की नई फसल तैयार हो जाती है लेकिन बारिश होने के कारण नए प्याज की आवक में समय लगेगा। इसके चलते अब दिसंबर महीने में ही नई प्याज बाजार में आ सकेगी। तब तक पुराने प्याज के भाव में तेजी बरकरार रहेगी।
ईरान से मंगाई गई 600 टन प्याज
नवी मुंबई एपीएमसी मार्केट में मांग के अनुरूप कम प्याज आने से भाव पर नियंत्रण कठिन हो गया है। इसके चलते मुंबई में 70 रुपए से लेकर 90 रुपए प्रतिकिलो प्याज बिक रही है। इस बीच ईरान से 600 टन प्याज मंगाई गई है जिसमें से 25 टन प्याज नवी मुंबई की मंडी में पहुंच चुकी है फिरभी प्याज में दाम में कोई गिरावट नहीं दिखाई दी है।
मंगलवार को नासिक में प्याज का भाव प्रति क्विंटलः
| नासिक की प्रमुख प्याज मंडी |
बाजार भाव न्यूनत/अधिकतम |
प्याज की आवक |
| सटाणा |
2000- 8325 |
500 वाहन |
| लासलगांव |
1500-7892 |
300 वाहन |
| उमराणा |
1751-8509 |
800 वाहन |
| कलवण |
3000-8900 |
340 वाहन |
| देवला |
4000-8000 |
200 वाहन |
| नामपुर |
2500-8005 |
550 वाहन |
| अमोणा |
2000-9700 |
190 वाहन |