कोरोना वायरस के खिलाफ जारी जंग में सभी प्रमुख महाद्वीपों से रविवार को कई सकारात्मक खबरें सामने आईं। इनमें मरीजों के ठीक होने, संक्रमण का केंद्र रहे शहरों से संक्रमण खत्म होने, महीने भर तबाही के बाद नए मामलों में कमी और जांच में संक्रमित मिलने वालों की संख्या में कमी शामिल हैं। जानिए वायरस से मानवता की जंग में हमारी भावी जीत के इन सकारात्मक संकेतों के बारे में:
चीन: वुहान के अस्पताल में अब एक भी संक्रमित नहीं
- विश्व को महामारी देने वाले चीन के शहर वुहान में रविवार को एक भी संक्रमित अस्पताल में नहीं बचा है। यहां के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के प्रवक्ता मी फेंग ने बीजिंग में बताया अस्पतालों में रखे गए सभी संक्रमित ठीक हो चुके हैं। उन्हें अब अस्पताल की जरूरत नहीं है। क्वारंटीन में रखे गए लोगों की नियमित जांच हो रही है, जिसके पूरा होने पर शहर को संक्रमण मुक्त घोषित किया जा सकता है।
अमेरिका: संक्रमितों की संख्या 12% घटी
- अब तक सबसे अधिक मौत और लाखों में संक्रमण झेल रहे अमेरिका के लिए शनिवार सुधार के संकेत दिखे। यहां जांच में पॉजिटिव मिल रहे मामलों में 12% की कमी आई है। तीन लाख लोगों की रोजाना जांच हो रही है। विशेषज्ञ कमी को शुभ संकेत के रूप में ले रहे हैं।