देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लॉकडाउन की अवधि 18 मई तक बढ़ाई जा सकती है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने शनिवार को कहा, राज्य के अन्य हिस्सों में 4 मई से लॉकडाउन हट सकता है लेकिन सर्वाधिक कोरोना ग्रस्त मुंबई-पुणे में 18 मई तक लॉक डाउन जारी रहने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
टोपे ने कहा, राज्य के प्रवासी मजदूरों को घर वापस भेजने के विषय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सोमवार को होने वाली वीडियो कांफ्रेंसिंग में चर्चा होगी।
‘महाराष्ट्र में 512 कंटेनमेंट जोन हैं। बीते एक महीने में मुंबई-पुणे में सर्वाधिक मामले मिले हैं। ऐसे में मुंबई-पुणे के हॉटस्पाट में लॉकडाउन बढ़ाना होगा। मेरा व्यक्तिगत मत है कि 18 मई तक लॉकडाउन जारी रखा जाए। - राजेश टोपे, स्वास्थ्य मंत्री, महाराष्ट्र
मुंबई में शनिवार को कोरोना पॉजिटिव एक 57 वर्षीय कांस्टेबल की मौत हो गई। महाराष्ट्र में कोरोना से किसी पुलिस कर्मी की यह पहली मौत है। यह साउथ मुंबई के वर्ली नाका इलाके में रहता था। वहीं महाराष्ट्र में अब तक 96 पुलिस कर्मी कोरोना संक्रमित हुए हैं, जिनमें 15 अधिकारी हैं। इनमें तीन अधिकारी और चार पुलिस कर्मी संक्रमण से ठीक होकर घर लौट चुके हैं।