हैलो...क्या आप घर पर हैं? क्या आपने कोरोना के बारे में सुना है? आप जानते हैं कोरोना के लक्षणों के बारे में? कुछ ऐसे ही सवाल आगामी दिनों में आपसे पूछे जा सकते हैं। केंद्र सरकार ने एक टेलीफोन सर्वे शुरू करने का फैसला लिया है जिसके तहत आपको 1921 नंबर से कॉल आएगा। इस कॉल पर कोरोना के बारे में आपसे बातचीत की जाएगी। इसकी मदद से सरकार ज्यादा से ज्यादा लोगों तक अपनी पहुंच बनाएगी। आंकड़े भविष्य में किए जाने वाले अध्ययनों के लिए बहुपयोगी साबित हो सकती है।
केंद्र ने सभी राज्य व केंद्र शासित राज्यों को इसे शुरू करने के लिए पत्र लिखा है। केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मीडिया के जरिये जनता को इस सर्वे की मंशा बताने और इसके नाम पर प्रैंक से सावधान रहने को कहा है। लोगों से भी अपील की है कि 1921 नंबर से फोन आने पर सहयोग करें।
ऐसा ही एक सर्वे हाल ही में नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लाइड इकोनॉमिक रिसर्च ने भी किया था। यह सर्वे लॉकडाउन के पहले व दूसरे सप्ताह पर केंद्रित था। दिल्ली एनसीआर के शहरी व ग्रामीण इलाकों के 1750 लोगों को फोन करके जानकारी लेने के साथ ही उन्हें बचाव के तरीके भी बताए गए थे। सर्वे के पहले चरण की रिपोर्ट के अनुसार सर्वे में शामिल 55 फीसदी लोग कोरोना के तीनों लक्षणों के बारे में नहीं बता पाए थे।