कोरोना की जांच के लिए नमूने एकत्र करते स्वास्थ्यकर्मी
- फोटो : PTI
देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी जारी है। यहां रोजाना 60 हजार से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। उधर सरकार भी जांच की संख्या में तेजी से इजाफा कर रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि ‘जांच करो, पता लगाओ और इलाज करो’ की रणनीति के साथ देश में लगातार दूसरे दिन आज आठ लाख से ज्यादा नमूनों की कोविड-19 जांच हुई है। इसके साथ ही देश में अभी तक तीन करोड़ से अधिक (3,17,42,782) नमूनों की जांच की गई है।
देश में रोज होने वाले जांचों की संख्या 10 लाख के पार पहुंचाने की प्रतिबद्धता के साथ पिछले 24 चौबीस घंटे में मंगलवार को 8,01,518 नमूनों की जांच की गई। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 20,37,870 लोग इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हुए हैं। फिलहाल लोगों के संक्रमण मुक्त होने की दर 73.64 प्रतिशत है।
मंत्रालय ने कहा, ‘देश में अभी तक कुल 3,17,42,782 नमूनों की जांच हुई है। प्रति 10 लाख आबादी पर होने वाली जांच में भी तेजी से वृद्धि हुई है और वह 23,002 हो गई है।’
मंत्रालय ने बताया, ‘आक्रामक तरीके से जांच करके ही संक्रमित लोगों की पहचान की जा सकती है, उनके संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा सकता है और उन्हें पृथक-वास में रखकर या समय पर इलाज करके इसे नियंत्रित किया जा सकता है।’