बंद पड़ी किंगफिशर एयरलाइंस के प्रवर्तक विजय माल्या के खिलाफ चेक बाउंस मामले में सुनवाई कर रही मुंबई की एक अदालत ने माल्या को अगली सुनवाई के समय हाजिर होने का निर्देश दिया है। शनिवार को मुंबई के अंधेरी की मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अदालत ने चेतावनी दी कि यदि वह हाजिर नहीं हुए, तो उनके खिलाफ वारंट जारी किया जाएगा। मामले की अगली सुनवाई जुलाई में होगी।
अदालत भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण के आवेदन पर सुनवाई कर रही है। प्राधिकरण ने 100 करोड़ रुपये का चेक बाउंस होने के मामले में किंगफिशर एयरलाइंस के खिलाफ मामला दायर किया है। प्राधिकरण ने दो आवेदन अदालत में दायर किए हैं, जिसमें माल्या को अदालत में हाजिर होने से स्थायी तौर पर दी गई छूट खत्म करने और उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने की अपील की गई है। इसके बाद से ही माल्या देश से बाहर हैं।