जेएनयू प्रकरण में कन्हैया का समर्थन करते हुए नगर विकास मंत्री मो. आजम खां ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। कहा कि कन्हैया पर लगे आरोप अभी सिद्ध नहीं हुए हैं।
उन्होंने देशवासियों और आरएसएस को नसीहत दी कि वे उसका भाषण सुनें और उससे सीखें। वहीं, संघ पर नाथू राम गोडसे जैसा राष्ट्रवादी होने का इशारा करते हुए कहा कि ये अंधा, गूंगा, बहरा और बुद्धिहीन राष्ट्र बनाना चाहते हैं। आजम ने प्रधानमंत्री की पाकिस्तान यात्रा पर एक बार फिर सवाल उठाए।
शनिवार को गंगाजल प्रोजेक्ट की समीक्षा करने आगरा आए नगर विकास मंत्री सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान आरएसएस और प्रधानमंत्री पर जमकर बरसे। कहा कि 1947 से पहले राष्ट्रवाद जितना मजबूत था, आरएसएस के समय में नहीं रहा।
आजम ने कहा कि राष्ट्रवाद की परिभाषा वह नहीं है जो नाथू राम गोडसे ने बताई, बल्कि वह है जो महात्मा गांधी ने बताई। कहा कि कोई पूछे कितने आरएसएस वालों के पास डिग्रियां हैं या फिर सभी चाय बेचने वाले हैं।