भारत में सोमवार को कोरोनावायरस के दो नए मामलों की पुष्टि हुई है। भारत सरकार ने देश में कोरोनावायरस से दो और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि की है। इसमें से एक मरीज नई दिल्ली और दूसरा तेलंगाना से है। दोनों मरीजों की हालत अभी स्थिर बताई जा रही है और उनपर करीबी से नजर रखी जा रही है। दिल्ली और तेलंगाना में कोरोनावायरस का यह पहला मामला है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन कोरोना वायरस को लेकर लगातार संवेदनशील बने हुए हैं। देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, बंदरगाहों, नेपाल से भारत आने के रास्तों पर उच्च स्तर की सतर्कता बरती जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी कहते हैं लेकिन इतना भर काफी नहीं है। विदेश मंत्रालय के सूत्रों का भी कहना है कि कोरोना वायरस लगातार गंभीर रूप ले रहा है। यह चीन, ईरान, जापान, इटली समेत तमाम देशों में फैल रहा है। बताते हैं करीब 50 देशों में कोरोना वायरस के संक्रमति हो सकते हैं। वहीं वित्त मंत्रालय के एक संयुक्त सचिव ने भारतीय अर्थव्यवस्था इसके गंभीर असर पडऩे की संभावना जताई है।
दिल्ली में कोरोना वायरस की दस्तक
दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में कोरोना वायरस से संक्रमित एक मरीज पहुंच चुका है। यह मरीज हाल में इटली से आया है। दुबई से एक मरीज तेलंगाना में लौटा है और उसके भी कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इटली में कोरोना वायरस के संक्रमण से करीब 34 लोगों की मौत होने की सूचना है। चीन में यह संख्या 2900 की संख्या को पार कर गई है। विश्व का आंकड़ा 3000 से अधिक लोगों की मृत्यु का है। पूरे विश्व में करीब 88 हजार लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं।
देश में कोरोना के अबतक पांच मरीज
दिल्ली और तेलंगाना में मिले कोरोनावायरस के दो नए मामलों के मद्देनजर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि इन दोनों मरीजों के पुराने रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला है कि ये इटली और दुबई गए थे। इन दो मामलों के साथ ही देश में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।
केंद्रीय मंत्री ने सोमवार को बताया कि यात्रियों की स्कीनिंग के लिए 21 हवाई अड्डों, 12 बड़े बंदरगाहों और 65 छोटे बंदरगाहों पर व्यवस्था की गई है। हवाई अड्डों पर अब तक 5,57,431 लोगों की जांच की जा चुकी है और 12,431 यात्रियों की जांच विभिन्न बंदरगाहों पर की गई।
स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि जैसे-जैसे स्थिति बदल रही है, हम अन्य देशों पर भी यात्रा प्रतिबंध लगाने पर विचार कर सकते हैं। मौजूदा यात्रा एडवाइजरी के अंतर्गत चीन और ईरान के ई-वीजा समेत सभी तरह के वीजा को निलंबित किया जा चुका है। अगर स्थिति आगे बदलती है, तो अन्य देशों पर भी यह एडवाइजरी लागू की जा सकती है।
डॉक्टर हर्षवर्धन ने भारतीयों को सलाह दी है कि अगर बहुत जरूरी न हो तो चीन, ईरान, कोरिया, सिंगापुर और इटली जानें से बचें। उन्होंने कहा कि हमने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं और अन्य देशों पर करीब से निगाह बनाए हुए हैं। हम इस पर भी चर्चा कर रहे हैं कि क्या हमें अपने फैसलों की फिर से समीक्षा करनी है और किसी एक ही दिशा पर फोकस करना है। इस बीच तेलंगाना में एक और मरीज के पुष्टि होने पर राज्य के स्वास्थ्य शिक्षा निदेशक रमेश रेड्डी ने कहा कि मरीज का हैदराबाद स्थित एक अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में इलाज चल रहा है।
इटली और ईरान से आने वाले सभी यात्रियों की सम्पूर्ण जांच जरूरी: डीजीसीए
इस बीच नागर विमानन डीजीसीए ने कहा कि इटली और ईरान से आने वाले सभी यात्रियों की थर्मल जांच की जाएगी। सरकार के दो यात्रियों के इस वायरस से पीड़ित होने की घोषणा के कुछ घंटों बाद यह बयान जारी किया गया है। भारतीय हवाई अड्डों पर पहले ही 10 देशों चीन, हांगकांग, जापान, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड, सिंगापुर, नेपाल, इंडोनेशिया, वियतनाम और मलेशिया से आने वाले यात्रियों की जांच की जा रही थी।
डीजीसीए ने सोमवार को एक परिपत्र में कहा कि कोरोना वायरस को भारत में फैलने से रोकने के लिए, इटली और ईरान से आने वाले सभी यात्रियों की भी सम्पूर्ण जांच करने का निर्णय किया गया है।