निजी अस्पताल की एक नर्स का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पतालों को सील किया गया। वीडियो में नर्स का दावा था कि अस्पताल में कई स्वास्थ्य कर्मी कोरोना पॉजिटिव हैं। लेकिन अस्पताल का दावा था कि वहां एक ही व्यक्ति पॉजिटिव आया है। वीडियो सामने आने के बाद बीएमसी के शीर्ष अधिकारियों की बैठक के बाद अस्पताल को सील कर दिया गया।
पुणे में 92 स्वास्थ्यकर्मी क्वारंटीन
पुणे के डीवाई पाटिल अस्पताल के 42 डॉक्टरों समेत करीब 92 स्वास्थ्य कर्मियों को क्वारंटीन किया गया है। यहां एक हादसे के पीड़ित में कोरोना संक्रमण मिलने के बाद यह कदम उठाया गया। इस मरीज के इलाज में ये स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।
महाराष्ट्र में सोमवार को कोरोना के 120 पॉजिटिव मामले सामने आए। वहीं, सात लोगों की मौत के साथ ही राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या 52 हो गई है। कुल संक्रमितों की संख्या 868 पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक नए 120 मामलों में से 68 अकेले मुंबई के हैं जबकि 41 मामले पुणे में सामने आए।
उपकरणों के लिए डॉक्टरों का प्रदर्शन
महाराष्ट्र के औरंगाबाद में सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टरों ने अपनी सुरक्षा के लिए पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट और एन95 सर्जिकल मास्क की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस अस्पताल में दो मरीज और एक स्टाफ सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। प्रदर्शनकारी डॉक्टरों ने डीन को ज्ञापन सौंपा।
केंद्र सरकार ने सोमवार को सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को अपने अपने यहां अस्पतालों में ऑक्सीजन की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। केंद्र ने कहा कि संकट के इस दौर में किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए ऑक्सीजन की कमी नहीं होनी चाहिए।
केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशाें के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर इस संबंध में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। इसमें कहा गया कि इस दौरान जरूरी वस्तुओं और मेडिकल ऑक्सीजन की कमी नहीं होनी चाहिए। इनकी सुचारू आपूर्ति की व्यवस्था करनी होगी। भल्ला ने राज्यों को यह पत्र 3 अप्रैल को लिखा था। ब्यूरो
चेन्नई पोर्ट पर अटकी 200 वेंटिलेटर की खेप
चेन्नई के बंदरगाह पर विदेश से मंगाए गए 200 वेंटिलेटर की खेप अटकी हुई है। दरअसल, ये वेंटिलेटर इस्तेमाल किए हुए हैं। भारत में ऐसे उपकरणों को हानिकारक श्रेणी में गिना जाता है। लिहाजा इनका दोबारा इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।