पांच राज्यों में शून्य है मृत्यु दर
मंत्रालय ने कहा, जमीनी स्तर पर आशा और एएनएम (सहायक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं) जैसे अग्रिम मोर्चे पर सेवा देने वाले स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रवासी लोगों के प्रबंधन में सराहनीय योगदान दिया तथा समुदाय स्तर पर जागरुकता बढ़ाई। मणिपुर, नगालैंड, सिक्किम, मिजोरम, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में सीएफआर शून्य है।
देश के मुकाबले इन राज्यों में कम मृत्यु दर
जिन राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में सीएफआर राष्ट्रीय औसत से कम है उनमें त्रिपुरा (0.19 प्रतिशत), असम (0.23), केरल (0.34), ओडिशा (0.51), गोवा (0.60), हिमाचल प्रदेश (0.75), बिहार (0.83), तेलंगाना (0.93), आंध्र प्रदेश (1.31), तमिलनाडु (1.45), चंडीगढ़ (1.71), राजस्थान (1.94), कर्नाटक (2.08) और उत्तर प्रदेश (2.36) शामिल हैं।
भारत में एक दिन में कोविड-19 के सर्वाधिक 38,902 मामले आने के साथ ही रविवार को संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़ कर 10,77,618 हो गई, जबकि इस रोग से उबरने वाले लोगों की कुल संख्या 6,77,422 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार एक दिन में इस रोग से 543 लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या 26,816 हो गई।
पिछले 24 घंटों में 23,672 मरीज इस रोग से उबरे हैं, जो अब तक की सर्वाधिक संख्या है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि दुनिया में कोविड-19 से सबसे अधिक प्रभावित 11 देशों अमेरिका, ब्राजील, रूस, पेरू, चिली, मेक्सिको, दक्षिण अफ्रीका, ब्रिटेन, ईरान, पाकिस्तान, स्पेन में कुल मिलाकर भारत से आठ गुना अधिक मामले हैं और 14 गुना अधिक मौतें हुई हैं।
देश में अब भी 3,73,379 लोग संक्रमित हैं। संक्रमितों की कुल संख्या में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। यह लगातार चौथा दिन है, जब कोरोना वायरस के एक दिन में 30,000 से अधिक मामले सामने आए हैं।