मणिपुर ने चीन, म्यांमार और दक्षिणपूर्व एशियाई देशों से आने वाले डिब्बा बंद खाने के सामान के आयात पर रोक लगा दी है। राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशालय से जारी नोटिफिकेशन में लोगों से यह भी कहा गया है कि वे इन देशों से किसी भी आने वाले भोजन से परहेज करें।
उल्टी करने वाले चीनी यात्री को शक के चलते विमान से उतारा
यहां से दिल्ली जा रहे विमान में चीन के यात्री की तबियत खराब होने के बाद उसे विमान से उतार दिया गया। स्थानीय प्रशासन को उसके कोरोनावायरस से पीड़ित होने का शुबहा है। इस यात्री ने चक्कर आने और उल्टी की शिकायत की थी। जैसे ही विमान पुणे एयरपोर्ट पर उतरा, उसे फौरन ही उतारा गया और सरकारी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। उसे यहां एक अलग वार्ड में रखा गया है।
भारतीय चावल का अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाम चढ़ा
भारत से निर्यात होने वाले चावल का अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाम चढ़ गया है। बीते चार सप्ताह में भारतीय चावल अपने सर्वोच्च स्तर पर आ गया। भारत के पांच फीसदी टूटे उबले चावल वाली वैरायटी का भाव 370 से 373 डॉलर प्रति टन चल रहा था जो अब बढ़कर 370 से 375 डॉलर प्रति टन हो गया है। कारोबारियों ने इसकी एक वजह कोरोना वायरस के कारण थाईलैंड और वियतनाम के बाजारों पर दबाव को बताया है।
पाक समेत सभी पड़ोसी मुल्कों को बढ़ाया था मदद का हाथ : जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को राज्यसभा में बताया कि जब वुहान से अपने नागरिकों को वापस लाया जा रहा था तो भारत ने पाकिस्तान समेत अपने सभी पड़ोसी मुल्कों को मदद का प्रस्ताव दिया था। उन्होंने कहा कि इनमें से केवल मालदीव ने उनका प्रस्ताव स्वीकार किया। हम न केवल अपने लोग बल्कि पड़ोसी देशों के नागरिकों को भी वहां से निकालने के लिए तैयार थे।
आंध्र प्रदेश की युवती का सरकार पर आरोप
चीन में रह रही एक युवती के केंद्र सरकार पर कथित आरोप लगाने वाला वीडियो अब वायरल हो गया है। इस वीडियो में आंध्र प्रदेश की रहने वाली युवती ने सरकार पर आरोप लगाया कि चीन में रहने वाले भारतीय को निकालने के समय उसे वहीं छोड़ दिया गया। उसका दावा है कि वह केवल बुखार से पीड़ित थी लेकिन तब भी उसके साथ अमानवीय भेदभाव हुआ। उसने यह भी कहा कि कई और भारतीयों को संक्रमण के शक में वहीं छोड़ दिया गया है।
नायडू ने एयर इंडिया टीम की प्रशंसा की
उपराष्ट्रपति वैंकैया नायडू ने शुक्रवार को वुहान से करीब 600 भारतीयों को निकाल लाने वाले एयर इंडिया चालक दल के सदस्यों की प्रशंसा की है। उन्होंने ट्विटर पर कहा कि एयर इंडिया की यह 34 सदस्यीय टीम को बहुत बहुत बधाई।