बिहार, तेलंगाना और मध्य प्रदेश के कुछ जिले कोरोना महामारी के लिहाज से सबसे अधिक संवेदनशील हो सकते हैं। देश के इन तीन राज्यों के कुछ जिलों में संक्रमण का सबसे बुरा असर पड़ सकता है। मशहूर पत्रिका ‘द लांसेट’ के अध्ययन के मुताबिक, इन राज्यों में आवास, स्वच्छता और स्वास्थ्य प्रणाली जैसे अहम मानकों का विश्लेषण किया गया है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, शोध में संवेदनशीलता का मतलब संक्रमण के नतीजों के खतरों से है, जिसमें संक्रमण का प्रसार, मरीजों की संख्या, मृत्युदर और महामारी के सामाजिक और आर्थिक प्रभाव शामिल हैं। शोध में कहा गया है कि देश के 30 में से नौ राज्यों मध्य प्रदेश, बिहार, तेलंगाना, झारखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और गुजरात में संक्रमण का सबसे बुरा असर पड़ा है।
वैज्ञानिकों ने कहा, हमारे सूचकांक का मकसद नीति निर्माताओं को कोविड-19 महामारी से निपटने में बेहतर तैयारी के लिए संसाधनों का आवंटन करने और जोखिम दूर करने की रणनीति बनाने के लिए क्षेत्रों का चयन करने में मदद करना है। उन्होंने भारत में कई संवेदनशील जिलों की पहचान की है, जहां अभी कोरोना के ज्यादा मामले नहीं हैं, लेकिन वे इस महामारी से बुरी तरह प्रभावित हो सकते हैं।
शोध में इस्तेमाल डेटा 2-5 साल पुराना
शोध में मध्यप्रदेश को सबसे अधिक संवेदनशील बताया गया है, वहीं सिक्किम में सबसे कम असर पड़ेगा। शोधकर्ताओं ने कहा कि इस शोध में इस्तेमाल डेटा दो से पांच साल पुराना है और ऐसा हो सकता है कि उन जिलों में संवेदनशीलता का सटीक आकलन न हो, जहां बहुत तेजी से बदलाव हुए हैं।