दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या 503 हो गई है। रविवार को एक ही दिन में 58 नए संक्रमित मिले, जिनमें 19 तब्लीगी जमाती हैं। कुल मरीजों में 320 संक्रमित निजामुद्दीन स्थित मरकज से निकाले गए थे। वहीं, शनिवार को दिल्ली के महाराजा अग्रसेन अस्पताल में हुई कोरोना संक्रमित मरीज की मौत की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने कर दी है।
यह मरीज हरियाणा के सोनीपत जिले का निवासी था। 52 वर्षीय मरीज को पहले से किडनी की परेशानी थी। अब दिल्ली में कोरोना से मरने वालों की संख्या सात हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, रविवार को विदेश यात्रा से लौटे तीन, मरकज से जुड़े 19 और 11 लोग संपर्क में आने के कारण कोरोना की चपेट में आए हैं, जबकि 25 संक्रमितों की अभी पहचान चल रही है। हालांकि, तीन मरीजों की छुट्टी भी हुई। दिल्ली में अब तक 18 मरीज डिस्चार्ज होकर घर जा चुके हैं, जबकि एक मरीज देश छोड़कर भाग गया था।
गृहमंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बताया कि देशभर में 27,661 राहत शिविर बनाए गए हैं। इनमें से 23,924 सरकारों और 3,737 गैर सरकारी संगठनों द्वारा बनाए गए हैं। इन शिविरों में 12.5 लाख लोग इन शिविरों में रह रहे हैं। इसके अलावा 19,460 भोजन कैंप बनाए गए हैं।
इनमें 9,951 सरकारों द्वारा, जबकि 9,509 गैर सरकारी संगठनों द्वारा बनाए गए हैं। 75 लाख से ज्यादा लोगों को खाना मुहैया कराया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि 13.6 लाख कामगारों को खाने-पीने और ठहरने के इंतजाम उनके नियोक्ताओं द्वारा कराए गए हैं।