गुजरात के अहमदाबाद में पिछले 24 घंटों में 58 कोविड-19 पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए हैं। यहां एक व्यक्ति ने 30 लोगों को संक्रमित कर दिया। सबसे बड़ी बात यह है कि इन 30 लोगों में कोरोना के लक्षण न होने के बाद भी सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। गुजरात में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 308 हो गई है जबकि 19 लोगों की मौत हो चुकी है।
राजस्थान में 10 दिनों में 450 नए मामले
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 553 हो गई है। वहीं, अभी तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में मार्च के आखिर तक कोरोना के मरीजों की संख्या 93 थी जो पिछले 10 दिनों में बढ़कर 500 के पार पहुंच गई है।
तमिलनाडु में पांच दिनों में 15 लाख लोगों से पूछताछ
तमिलनाडु में कोविड-19 के मरीजों की संख्या बढ़कर 911 हो चुकी है। इस जानलेवा बीमारी से प्रदेश में अभी तक आठ लोग जान गंवा चुके हैं। मार्च अंत तक राज्य में कोरोना के कुल 67 मामले थे जो अब बढ़कर 911 हो गए हैं। तमिलनाडु में चिकित्साकर्मी हर दिन करीब तीन लाख घरों में जाकर पूछताछ कर रहे हैं। पिछले पांच दिनों में 15 लाख लोगों से पूछताछ की गई है। ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन ने विशेष सर्वे अभियान शुरू किया है जिसके तहत 12500 चिकित्साकर्मी 18.5 लाख घरों का सर्वे करेंगे।