कर्नाटक में बुधवार को कोविड-19 के एक दिन में सबसे अधिक 2,062 नये मामले सामने आए और रिकार्ड 54 मौतें हुईं। इससे राज्य में कोविड-19 के कुल मामले बढ़कर 28,877 हो गए और मृतक संख्या बढ़कर 470 हो गई। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग ने दी। साथ ही बुधवार को 778 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई। आज सामने आए नए मामलों में से 1,148 मामले अकेले बंगलूरू शहर से सामने आए जबकि 54 मौतों में से 22 मौतें राजधानी शहर में हुईं। इससे पहले एक दिन में सबसे अधिक 1925 नए मामले पांच जुलाई को सामने आए थे।
महाराष्ट्र में पुणे के पास कोविड-19 निषिद्ध क्षेत्र घोषित किए जाने के कारण एक गांव में प्रवेश से मना करने पर एक दंपति ने जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना में 40 वर्षीय महिला की मौत हो गयी जबकि उसका पति अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि घटना मंगलवार शाम में हुई जब दंपति की वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से बहस हो गई। पुणे जिले की जुनार तहसील के तहत उम्बराज गांव में अपने घर जाने के लिए उन्हें किसी दूसरे रास्ते से जाने को कहा गया। पुलिस के मुातबिक विरोध में जहरीला पदार्थ खाने के बाद महिला की मौत हो गई जबकि पति का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
राकांपा सांसद अमोल कोल्हे ने बुधवार को ट्वीट किया कि कोरोना वायरस संक्रमित दो व्यक्तियों के सम्पर्क में आने के बाद उन्होंने स्वयं को घर पर पृथक कर लिया है। महाराष्ट्र के शिरूर से लोकसभा सांसद कोल्हे स्वयं एक चिकित्सक हैं। कोल्हे ने कहा कि उन्होंने अपनी कोविड-19 की जांच कराई है जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने इसके बावजूद एहतियात के तौर पर स्वयं को पृथक करने का निर्णय किया है।
मुंबई में आज कोरोना के 1381 नए मामले दर्ज किए गए हैं, इसके अलावा 1101 लोग ठीक हुए हैं और 62 की मौत हुई है। शहर में अब संक्रमण के कुल मामले 87,513 हो गए हैं, इसमें 59,238 लोग ठीक हुए हैं, 23,214 सक्रिय मामले हैं और 5061 लोगों की मौत हुई है।
जम्मू-कश्मीर में आज कोरोना के 330 नए मामले सामने आए। इसमें 59 संक्रमित जम्मू और 271 कश्मीर क्षेत्र में मिले। केंद्र शासित प्रदेश में अब संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 9261 हो गए हैं। इसमें 3545 सक्रिय मामले, 5567 लोग मरीज ठीक हुए और 149 की मौत हुई है।
महाराष्ट्र के लातूर जिले में भाजपा विधायक अभिमन्यु पवार के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अउसा विधानसभा क्षेत्र से विधायक ने ट्विटर पर कहा कि उनकी कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने कहा कि उनका एक अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने बताया, राजधानी दिल्ली में आज कुल 22028 कोविड-19 टेस्ट हुए। इनमें से 9461 आरटीपीसीआर टेस्ट जबकि 12567 रैपिड एंटीजन टेस्ट हैं।
ठाणे के मेयर नरेश म्हास्के ने बुधवार को निगम आयुक्त डॉ. विपिन शर्मा को एक पत्र लिखकर एक सरकारी अस्पताल में कोविड-19 के दो मरीजों के शवों की अदला-बदली की घटना की जांच कराने के लिए कहा है। उन्होंने घटना में संलिप्त कर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है। ठाणे नगर निगम द्वारा हाल में शुरू ग्लोबल हब कोविड अस्पताल में तीन जुलाई को कोविड-19 से मृत 72 वर्षीय व्यक्ति के शव को दूसरे परिवार को सौंप दिया गया। हालांकि, मृतक के परिवारवालों ने पुलिस में एक शिकायत दर्ज करायी थी कि अस्पताल में उन्हें 29 जून को भर्ती कराया गया लेकिन वहां से वे लापता हो गए ।
भोपाल: मंत्री नरोत्तम मिश्रा का बयान, हर रविवार को संपूर्ण मध्यप्रदेश में रहेगा लॉकडाउन। किल कोरोना अभियान के तहत रहेगा लॉकडाउन। दूसरे प्रदेशों से आ रहे लोगों से बदल रही प्रदेश की परिस्थितियां। प्रदेश में आने-जाने वाले लोगों की बॉर्डर पर होगी जांच।
उत्तराखंड में बुधवार को कोविड-19 के 28 नए मामले सामने आने से महामारी से पीड़ितों की संख्या 3258 हो गई जबकि बीमारी से ग्रस्त तीन और मरीजों ने दम तोड़ दिया। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, कोरोना वायरस से संक्रमित 79 वर्षीय पुरुष मरीज ने नैनीताल जिले के हल्द्वानी में सुशीला तिवारी सरकारी अस्पताल में दम तोड़ा। एक 52 वर्षीय पुरुष रोगी की मृत्यु देहरादून जिले के जौलीग्रांट में हिमालयन इंस्टीटयूट में हुई जबकि एक अन्य 51 वर्षीय पुरुष मरीज पौड़ी जिले के कोटद्वार बेस अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया। अब तक प्रदेश में कोविड-19 से कुल 46 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है।बुधवार को आए ताजा मामलों में सर्वाधिक नौ मरीज देहरादून जिले के हैं जबकि छह हरिद्वार, चार-चार पौड़ी और उत्तरकाशी, तीन उधमसिंह नगर और दो नैनीताल जिले के हैं।
महाराष्ट्र के स्वस्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि राज्य में होटल फिर से खुल गए हैं, इसी तरह हम आने वाले समय में रेस्टोरेंट और जिम को भी खोलने के बारे में सोच रहे हैं। अगर सामाजिक दूरी के नियम का सख्ती से पालन किया जाए तो इन दोनों को खोलने में कोई समस्या नहीं होगी।
महाराष्ट्र में आज एक दिन में 6603 नए संक्रमित और 198 लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही राज्य में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 2,23,724 हो गई जिसमें 1,23,192 लोग ठीक हुए हैं और 9448 लोगों की मौत हुई है। यहां सक्रिय मामलों की संख्या इस वक्त 91,065 है।
केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में बुधवार को सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 98 हो गई।
हरियाणा में आज कोरोना के 691 नए मामले दर्ज हुए और तीन मौतों की पुष्टि हुई। इसके साथ ही राज्य में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 18,690 हो गई है, इसके अलावा मृतकों की संख्या भी 282 हो गई है। राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या अभी 4302 है।
उत्तराखंड में कोरोना के 28 नए पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए। कुल मामलों की संख्या 3258 हुई जिनमें 2650 रिकवर, 534 सक्रिय और 46 मौतें शामिल हैं। राज्य में COVID19 रोगियों की रिकवरी दर 81.34% है।
मध्यप्रदेश में आज कोरोना के 409 मामले सामने आए, सात की मौत। संक्रमितों की कुल संख्या 16036 पहुंची, अबतक 629 की मौत।
पंजाब में आज कोरोना के 158 नए मामले सामने आए। तीन की मौत हुई। कुल सक्रिय मामले 1901, अबतक मौत का आंकड़ा 178 पहुंचा।
अहमदाबाद नगर निकाय ने कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए शहर के सभी 48 वार्ड में ‘‘सुपर स्प्रेडर्स’’ (ऐसे लोग जिनसे संक्रमण तेजी से फैलने की आशंका हो) की जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। मई में चलाए गए इसी प्रकार के अभियान में अहमदाबाद नगर निगम ने 33,000 से अधिक ‘‘सुपर स्प्रेडर्स’’ की जांच की थी और उनमें से 700 लोग संक्रमित पाए गए थे।
एएमसी ने सब्जी विक्रेताओं, किराने की दुकान और दूध की दुकान के मालिकों, पेट्रोल पंप कर्मचारियों और कचरा बीनने वालों को सुपर स्प्रेडर्स की श्रेणी में रखा है क्योंकि उनका काम उन्हें कॉविड-19 की चपेट में आने और उसे फैलाने के जोखिम में डालता है। एएमसी के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार, बुधवार को हमने 48 टीमें गठित की। शहर के प्रत्येक वार्ड के लिए एक टीम है और यह संभावित सुपर स्प्रेडर की जांच करेगी।
केरल की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने बुधवार को बताया कि राज्य में कोरोना के 301 नए मामले दर्ज हुए हैं और 107 लोग स्वस्थ्य हुए हैं। मंत्री के मुताबिक राज्य में अब तक 3561 लोग स्वस्थ्य हुए हैं।
ईस्ट कोस्ट रेलवे ने बुधवार को बताया कि ओडिशा सरकार के अनुरोध पर, भुवनेश्वर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुम्बई-भुवनेश्वर स्पेशल ट्रेन का ठहराव जो बालूगाँव, छतरपुर और ब्रह्मपुर में हो रहा था, उसपर नौ जुलाई से अगले आदेश तक के लिए रोक लगा दी गई है।
तमिलनाडु में आज कोरोना संक्रमण से 64 लोगों की मौत हुई है और 3756 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। राज्य में अब संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,22,350 हो गई है, इसमें 46,480 सक्रिय मामले हैं और 1700 मौतें शामिल है।
मुंबई के धारावी इलाके में तीन नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इसके बाद इलाके में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 2338 हो गए हैं। इसमें 329 सक्रिय मामले और 86 मौतें भी शामिल हैं।
मिजोरम में आज तीन नए मामले सामने आए हैं, इसके बाद राज्य में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 201 हो गई है, इसमें सक्रिय मामलों की संख्या 58 है और 143 लोग स्वस्थ्य हुए हैं।
दिल्ली: मुख़्तार अहमद जिनकी उम्र परिवार के मुताबिक 106 वर्ष बताई जा रही है, उन्होंने आज कोरोना से जंग जीत ली। मुख़्तार 1918 में फैली स्पेनिश फ्लू के दौरान चार साल के थे। मुख़्तार कहते हैं, 'मुझे जीवित रहने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन उचित उपचार मिलने के बाद मैं ठीक हो गया। मैंने अपने जीवन में कभी इस तरह की महामारी नहीं देखी।'
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटे में 16833 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं, जिसके बाद देश में इस महामारी से स्वस्थ्य होने वालों की संख्या बढ़कर 4,56,830 हो गई है। इसके साथ ही रिकवरी दर में बढ़ोतरी हुई है और यह बढ़कर 61.53 फीसदी हो गई है।
कल (बृहस्पतिवार) दिल्ली के निर्माण भवन में कोरोना के मुद्दे और मौजूदा स्थिति पर मंत्री समूह की बैठक होगी।
कोविड-19: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य के कंटेनमेंट जोन में सात दिनों के लिए लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। यह प्रतिबंध गुरुवार शाम 5 बजे से लागू होगा।
बिहार की राजधानी पटना में जिलाधिकारी के आदेशानुसार 10 से 16 जुलाई तक के लिए लॉकडाउन लगाया गया। जिलाधिकारी कुमार रवि के मुताबिक बाजारों में अनावश्यक भीड़ के मद्देनजर 1 हफ्ते तक पटना में लॉकडाउन लगाया गया है। आवश्यक सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। धार्मिक स्थान बंद रहेंगे। बिना मास्क के गाड़ी लेकर घूमने वालों का वाहन ज़ब्त कर लिया जाएगा।
महाराष्ट्र पुलिस में पिछले 48 घंटे में कोरोना के 278 नए मामले दर्ज और एक की मौत। इसके साथ ही यहां सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1113 हो गई है, वहीं मृतकों की संख्या भी बढ़कर 71 पहुंच गई है।
बिहार: राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कोरोना महामारी को देखते हुए, राज्य सचिवालय और परिसर की अन्य इमारतों में किसी भी आगंतुक को अनुमति नहीं दी जाएगी।
यूपी में पिछले 24 घंटों में 1196 नए मामले सामने आए हैं। सक्रीय मामले 9980 और पूरी तरह ठीक होकर डिस्चार्ज लोगों की संख्या 20331 है। अब तक कोरोना से कुल 845 मरीजों की मौत हुई है: प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद
कैबिनेट ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के विस्तार को मंजूरी दी है। अगले पांच महीने जुलाई से नवंबर तक ये योजना जारी रहेगी। पहले तीन महीने 1 करोड़ 20 लाख टन अनाज बांटा गया था। आने वाले 5 महीनों में 2 करोड़ 3 लाख टन अनाज बांटने का लक्ष्य है: केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर
श्रीनगर: चार महीनों के बाद घाटी में सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए गार्डन और पार्क दोबारा खोले गए।
अमेरिका के मिसिसिपी के कम से कम आठ सांसदों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें से लेफ्टिनेंट गवर्नर डेल्बर्ट होजमैन और हाउस स्पीकर फिलिप गुन पहले ही कोरोना वायरस से संक्रमित होने की घोषणा कर चुके हैं। राज्य के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. थोमस डोब्स ने कहा कि मंगलवार को कैपिटोल के कर्मचारियों और सांसदों के बीच कोरोना वायरस के कम से कम 11 संदिग्ध मामले थे। डोब्स ने कहा कि घातक वायरस राज्य में पार्टी और अन्य संगोष्ठियों में फैल रहा है।