टीकाकरण के दौरान अफवाहें फैलाने से बचें
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि टीकाकरण के दौरान अफवाहें न फैलाई जाएं, ऐसी अफवाहें जो देश विरोधी और मानव विरोधी हैं। इस प्रकार, सभी राजनीतिक दलों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सभी भारतीयों को इस तरह की अफवाहों से बचाएं।
भारत में कम है मृत्यु दर
प्रधानमंत्री ने कोरोना वायरस के कारण होने वाली मौतों पर कहा, भारत उन देशों में भी शामिल है, जहां पर कोरोना से होने वाली मृत्यु दर इतनी कम है। भारत ने जिस तरह कोरोना के खिलाफ लड़ाई को लड़ा है, वो प्रत्येक देशवासी की अदम्य इच्छाशक्ति को दिखाता है। साथ ही रिकवरी रेट (ठीक होने की दर) भी सबसे अधिक है।
सबसे पहले एक करोड़ स्वास्थ्य कर्मियों को दिया जाएगा कोविड-19 का टीका
कोरोना वायरस के हालात और इसके संभावित टीके पर शुक्रवार को हुई सर्वदलीय बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक प्रस्तुति में कहा कि कोविड-19 का टीका विकसित होने के बाद सबसे पहले सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के करीब एक करोड़ स्वास्थ्य कर्मियों को दिया जाएगा और उसके बाद अग्रिम मोर्चे पर काम कर रहे अन्य दो करोड़ कर्मियों को दिया जाएगा। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने प्रस्तुति दी। सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय ने इसमें कहा कि कोविड-19 का टीका सबसे पहले डॉक्टरों और नर्सों समेत करीब एक करोड़ स्वास्थ्य कर्मियों को दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद पुलिस, सशस्त्र बल कर्मियों और निगम कर्मियों समेत अग्रिम मोर्चे पर रहकर काम करने वाले करीब दो करोड़ लोगों को टीका लगाया जाएगा।