कोरोना वायरस से निपटने के लिए देश में पिछले दो महीने से ज्यादा दिनों से लॉकडाउन जारी है। लेकिन चिंता की बात यह है कि कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी नहीं आ रही है।
देश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 6,387 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही संक्रमितों कुल संख्या 1,51,767 पर पहुंच गई है। इस दौरान 170 मरीजों की मौत हुई और मृतकों की संख्या बढ़कर 4,337 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के बुलेटिन में यह जानकारी दी गई।
Coronavirus in India Live Updates: संक्रमित मरीजों की संख्या एक लाख 51 हजार के पार, जानें दिनभर के अपडेट्स
मंत्रालय के बुलेटिन के मुताबिक 83,004 लोगों का उपचार चल रहा है जबकि 64,425 लोग स्वस्थ हो गए हैं और एक मरीज विदेश चला गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि करीब 42.45 प्रतिशत मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
मंगलवार सुबह से जिन 170 लोगों की मौत हुई है उनमें से 97 महाराष्ट्र में, 27 गुजरात में, 12 दिल्ली में, नौ तमिलनाडु में, पांच-पांच मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में, तीन राजस्थान में, एक-एक मरीज की मृत्यु आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, केरल, तेलंगाना और उत्तराखंड में हुई है।
अब तक संक्रमण से देश में कुल 4,337 मरीजों की मौत हुई है जिनमें सर्वाधिक 1,792 मरीजों की मौत महाराष्ट्र में, 915 मरीजों की मौत गुजरात में हुई है। मध्यप्रदेश में यह संख्या 305 है, दिल्ली में संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले मरीजों की संख्या 288 और पश्चिम बंगाल में 283 है।
राजस्थान और उत्तर प्रदेश दोनों ही राज्यों में संक्रमण के कारण 170 लोगों की मौत हुई, तमिलनाडु में 127 की और आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना दोनों ही राज्यों में 57 लोगों की मौत हुई।
कोविड-19 के कारण कर्नाटक में मृतकों की संख्या 44 और पंजाब में 40 पहुंच गई है। जम्मू-कश्मीर में 24 लोगों की, हरियाणा में 17 की, बिहार में 13 की, ओडिशा में सात की, केरल में छह की, हिमाचल प्रदेश में पांच लोगों की, झारखंड, उत्तराखंड, चंडीगढ़ तथा असम में चार-चार लोगों की मौत संक्रमण के कारण हुई है। मेघालय में कोविड-19 के कारण एक व्यक्ति की मौत हुई है।
मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक संक्रमण से मौत के 70 फीसदी से अधिक मामलों में मरीज अन्य बीमारियों से भी ग्रसित थे।