कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर का सामना कर रहे देश में महामारी की स्थिति को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को एक प्रेसवार्ता की। इस दौरान मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि देश के आठ राज्यों में एक लाख से ज्यादा संक्रमण के मामले हैं। 10 राज्यों में कोरोना के मामले 50 हजार से एक लाख के बीच हैं और 18 राज्य ऐसे हैं जहां सक्रिय मामलों की संख्या 50 हजार से कम है। पढ़िए प्रेसवार्ता के प्रमुख बिंदु।
अग्रवाल ने कहा कि तीन मई को देश में कोरोना से ठीक होने की दर 81.7 फीसदी थी तो अब बढ़कर 85.6 फीसदी हो गई है। पिछले 24 घंटों में चार लाख 22 हजार 436 मरीज ठीक हुए हैं, जो कि एक दिन में अब तक का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। संयुक्त सचिव ने कहा कि कोरोना संक्रमण से ठीक होने को लेकर एक सकारात्मक रुख देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि आज देश में केस पॉजिटिविटी दर 14.10 फीसदी है।
विज्ञापन
संयुक्त सचिव ने बताया कि देश में 199 जिले ऐसे हैं जहां पिछले तीन सप्ताह से नए मामलों और पॉजिटिविटी में लगातार कमी दर्ज की गई है। मंत्रालय ने कहा कि अभी तक देश की कुल आबादी का 1.8 फीसदी हिस्सा कोरोना वायरस महामारी से प्रभावित हो चुका है। हम संक्रमण के प्रसार को दो फीसदी आबादी के अंदर-अंदर रोकने में सफल हुए हैं।
अग्रवाल ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे देश में कोरोना के दो लाख 63 हजार से कुछ ज्यादा नए मामले दर्ज किए गए हैं। सात मई को देश में एक दिन में सबसे ज्यादा चार लाख 14 हजार मामले सामने आए थे। उसके मुकाबले आज की तारीख में कोरोना के मामलो में 27 फीसदी की कमी आई है।
विज्ञापन
इलाज प्रोटोकॉल में शामिल की जाएगी 2-डीजी दवा
प्रेसवार्ता में मौजूद रहे नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने डीआरडीओ द्वारा विकसित की गई कोविड रोधी दवा 2-डीजी पर बात की। डॉ. पॉल ने कहा कि हम इस दवा को इलाज प्रोटोकॉल में शामिल करने के लिए कोविड-19 नेशनल टास्क फोर्स में इसका परीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने इस कोविड रोधी दवा के आपातकालीन इस्तेमाल की अनुमति दे दी है।
डॉ. पॉल ने कहा कि डीसीजीआई ने दो से 18 वर्ष आयुवर्ग के लिए कोवाक्सिन टीके के दूसरे/तीसरे चरण के ट्रायल की अनुमति दे दी है। मुझे बताया गया है कि ये ट्रायल अगले 10 से 12 दिन के अंदर शुरू हो जाएंगे।
राज्यों को मिलीं टीके की 20.78 करोड़ से ज्यादा खुराकें
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि केंद्र सरकार अभी तक मुफ्त और सीधी खरीद के जरिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को टीके की 20.78 करोड़ से ज्यादा खुराकें उपलब्ध करवा चुकी है। राज्यों के पास अभी भी 1.84 करोड़ से अधिक खुराकें बची हुई हैं, जिनका उपयोग किया जाना बाकी है। एक लाख खुराकें पाइपलाइन में हैं और राज्यों को अगले तीन दिन के अंदर मिल जाएंगी।