IPL से स्वदेश लौटे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के 14 दिन के क्वारंटीन का खर्च बीसीसीआई उठा रहा है। मंगलवार को इस बात की जानकारी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के अंतरिम सीईओ निक हॉकले ने दी। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई ने अपना वादा पूरा किया।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के अंतरिम सीईओ निक हॉकले ने मंगलवार को बताया कि मालदीव से वतन लौटे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के 14 दिन के अनिवार्य पृथकवास के खर्चे का भुगतान बीसीसीआई कर रहा है। हॉकले ने कहा कि बीसीसीआई ने अपना वादा पूरा किया और पूरे अभियान का खर्चा उठाया।
विज्ञापन
बीसीसीआई ने अपना वादा किया पूरा
अनिवार्य पृथकवास का भुगतान बीसीसीआई द्वारा करने के बारे में पूछने पर हॉकले ने 'सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड' से कहा, 'हां। बीसीसीआई ने शुरुआत में ही प्रतिबद्धता जताई थी कि वे सुरक्षित और जल्द से जल्द स्वदेश लौटेंगे। हम उनके साथ मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने शानदार काम किया। उन्होंने अपना वादा पूरा किया।'
सोमवार को सिडनी पहुंचे 38 सदस्यीय दल
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के 38 सदस्यीय दल के अधिकांश लोग सोमवार को सिडनी पहुंचे। इन लोगों में पैट कमिंस और स्टीव स्मिथ जैसे शीर्ष खिलाड़ियों के अलावा अधिकारी और कमेंटेटर भी शामिल हैं। बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने भारत में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण 15 मई तक वहां से आने वाले यात्रियों पर प्रतिबंध लगाया दिया था, जिससे आस्ट्रेलिया के दल को 10 दिन मालदीव में बिताने पड़े।
विज्ञापन
सभी टीमों के कुछ खिलाड़ी और कोच हुए थे संक्रमित
गौरतलब है कि जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में चार विभिन्न टीमों के चार खिलाड़ियों और दो कोचों के कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद चार मई को आईपीएल को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया गया था।