कोरोना संक्रमण के मामले में महाराष्ट्र की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बीते एक सप्ताह में संक्रमितों की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई है। संक्रमण को लेकर राज्य सरकार ने नई और सख्त गाइडलाइन जारी की है।
इसके तहत स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं को छोड़कर कहीं भी 50 फीसदी से अधिक लोगों के पाए जाने पर संबंधित संस्थान पर फौजदारी के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। नागपुर में सोमवार से रविवार 21 मार्च तक के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया है। वहीं, मुंबई में रात्रि कर्फ्यू लगाने की तैयारी शुरू की गई है। मुख्यमंत्री उद्ध्व ठाकरे चेता चुके हैं कि लोग सहयोग नहीं करेंगे तो कड़े प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
महाराष्ट्र में फरवरी के पहले सप्ताह से मरीजों की संख्या में फिर बढ़ोतरी होने लगी है। बीते एक हफ्ते में 400 से अधिक मरीजों की मौत हो चुकी है। मार्च के दूसरे सप्ताह में 4 फीसदी बढ़ोतरी के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 90 हजार हो गया। बीते साल अगस्त के दूसरे व तीसरे सप्ताह में संक्रमितों का आंकड़ा 89 से 90 हजार तक था।
85 फीसदी मरीजों में नहीं हैं कोरोना के लक्षण : टोपे
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने सोमवार को सूबे में लॉकडाउन की संभावना से इनकार किया। लेकिन कठोर प्रतिबंध लगाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में 85 फीसदी मरीजों में कोरोना के लक्षण नहीं हैं। इसलिए अधिकतर कोरोना संक्रमितों को घर में ही क्वारंटीन होने की सलाह दी जा रही है। संक्रमण को रोकने के लिए ट्रैकिंग, टेस्टिंग और ट्रीटमेंट अभियान तेज किया गया है।
कल मुख्यमंत्रियों से चर्चा करेंगे पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वार्ता करेंगे। इस दौरान वह कोरोना की स्थिति और टीकाकरण अभियान में तेजी लाने पर चर्चा करेंगे। कोरोना के बाद से प्रधानमंत्री लगातार मुख्यमंत्रियों से महामारी पर विचार विमर्श कर रहे हैं।
90 फीसदी कम हुआ टीकाकरण
रविवार को छुट्टी के चलते कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण में 90 फीसदी तक की कमी दर्ज हुई है। पिछले एक दिन में 1.40 लाख लोगों को ही टीका दिया गया। जबकि इससे पहले 18 और 20 लाख लोग एक-एक दिन में वैक्सीन ले चुके हैं।
गौहर खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज
बृहन्मुंबई नगर निगम ने बॉलीवुड अभिनेत्री गौहर खान खिलाफ के कोरोना दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। बीएमसी के मुताबिक संक्रमित होने के बावजूद वह सार्वजनिक स्थानों पर गई।