देश में कोरोना वायरस से संक्रमण की तेज रफ्तार के चलते अब हर दिन मिलने वाले मरीजों की संख्या न सिर्फ बढ़ रही है बल्कि सक्रिय मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पहली बार देश में 30,84,814 सक्रिय मरीज हैं जिनका इलाज घर और अस्पतालों में चल रहा है। एक दिन में 1,06,105 सक्रिय मामले बढ़े हैं। देश में सक्रिय दर 16.79 फीसदी है जिसका मतलब यह हुआ कि देश में हर 100 में से करीब 17 कोरोना मरीज अभी इलाज करा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, देश में कोरोना संक्रमित हुए लोगों का आंकड़ा पिछले साल सात अगस्त को 20 लाख के पार हुआ था। इसी तरह 50 लाख का आंकड़ा 16 सितंबर और एक करोड़ का आंकड़ा पिछले वर्ष 19 दिसंबर को पार हुआ था। वहीं, 1.5 करोड़ का आंकड़ा इसी महीने की 19 तारीख को पार हुआ। मंत्रालय ने बताया कि पिछले एक दिन में देश में 17,23,912 सैंपल की जांच हुई है जिनमें 20 फीसदी से भी ज्यादा कोरोना संक्रमित मिले हैं।
लुधियाना में हालात सबसे खराब, 1,322 की मौत
पंजाब के लुधियाना में हालात सबसे ज्यादा खराब दिखाई दे रहे हैं। यहां अब तक 51,492 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें से 1,322 लोगों की मौत हो चुकी है। जालंधर में 1 हजार 60, अमृतसर में 913, होशियारपुर में 711, पटियाला में 744 और बठिंडा में 325 लोगों की मौत हो चुकी है। गुजरात के अहमदाबाद में 2500 से अधिक मौत हो चुकी हैं। यहां मृत्युदर 2.4 फीसदी तक पहुंच गई है। गुजरात में अब तक हुई 6 हजार 656 मौतों में से 4 फीसदी से ज्यादा 2,844 मौतें अकेले अहमदाबाद में हुई हैं।
मुंबई में हर 100 में दो मरीजों की मौत
ठीक इसी तरह मुंबई में हर 100 में से दो कोरोना मरीजों की मौत हो रही है। अब तक यहां 12,920 की मौत हो गई है। जिन शहरों में सबसे ज्यादा मौतें कोरोना से हो रही हैं उनमें दिल्ली के बाद मुंबई का नंबर आता है। मुंबई की कोरोना मृत्यु दर 1.5 फीसदी है। पिछले एक दिन में दिल्ली में 368 मरीजों ने दम तोड़ दिया। मध्य प्रदेश की बात करें तो यहां हर 100 में से एक कोरोना संक्रमित की मौत हो रही है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, सागर और बुरहानपुर में मृत्युदर एक फीसदी तक पहुंच गई है। यहां की राजधानी भोपाल में अब तक 724 लोगों की मौत हो चुकी है।
80 फीसदी मौतें इन 10 राज्यों में
राज्य मौत
महाराष्ट्र 1035
दिल्ली 368
छत्तीसगढ़ 279
उत्तर प्रदेश 265
कर्नाटक 229
गुजरात 174
झारखंड 149
पंजाब 142
राजस्थान 120
उत्तराखंड 108