कोरोना वायरस के दैनिक मामले पिछले तीन सप्ताह से एक स्तर पर बने हुए थे, लेकिन इस सप्ताह भारत में नए कोविड-19 मामले पिछले सात दिनों से लगभग 16 फीसदी कम हो गए। वहीं, 6 से 13 सितंबर के बीच कोरोना के अपने चरम पर रहने के दौरान सामने आए मामलों की तुलना इस सप्ताह सामने आए मामलों से करने पर पता चलता है कि इसमें 62 फीसदी की गिरावट हुई है। इस तरह देश में कोरोना की दूसरी लहर की संभावना भी नहीं दिखाई पड़ती है।
दूसरी तरफ, पिछले चार हफ्तों में कोरोना से होने वाली मौतों में भी खास बढ़ोतरी नहीं देखी गई है। पिछले चार हफ्तों में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या हर सप्ताह 3,500 के करीब रही है। इस सप्ताह (29 नवंबर से 6 दिसंबर) कोरोना से कुल 3,539 मरीजों ने जान गंवाई है।
कोरोना से होने वाली मृतकों की संख्या के पीक सप्ताह (जिस सप्ताह सबसे अधिक मौतें हुईं) से तुलना करने पर पता चलता है कि इसमें 58 फीसदी की गिरावट हुई है। एक सप्ताह में कोरोना से होने वाली सबके अधिक मौतें 13 से 20 सितंबर के बीच रिपोर्ट की गईं, जब 8,175 मरीजों ने वायरस से जान गंवाई।
यह भी पढ़ें: ब्रिटेन में आ गई कोरोना वैक्सीन: भारत में मुश्किल है फाइजर के टीके तक पहुंचने की राह, जानिए क्यों
इस सप्ताह 2,45,599 मामले सामने आए, जबकि पिछले सप्ताह (22 से 29 नवंबर) 2,91,903 मामले रिपोर्ट किए गए थे। पिछले दो हफ्तों में साप्ताहिक मामलों की संख्या 2.9 लाख के आसपास थी। पिछले चार सप्ताह की तुलना में इस सप्ताह कोरोना मामलों में बड़ी गिरावट देखी गई।
दैनिक मामलों में हुई गिरावट इस बात का भी संकेत देती है कि देश में कोरोना की दूसरी लहर की अभी तक कोई संभावना नहीं है। हालांकि, कई राज्यों में दैनिक मामलों में गिरावट और बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। कुल मिलाकर, एक सप्ताह को छोड़कर देश में कोरोना के साप्ताहिक मामले अब 12 सप्ताह से कम हो रहे हैं।
इस बीच, देश में सक्रिय मामले 139 दिनों में पहली बार चार लाख से नीचे आ गए। सितंबर में महामारी के चरम पर पहुंचने के बाद से सक्रिय मामलों में लगातार कमी हो रही है। हालांकि, हाल के हफ्तों में सक्रिय मामलों में कमी की दर काफी धीमी हो गई है।
यह भी पढ़ें: ब्रिटेन के बाद बहरीन ने दी फाइजर की वैक्सीन को मंजूरी, लेकिन तापमान बन सकता है टीकाकरण में रोड़ा
सक्रिय मामलों को पांच लाख से चार लाख तक पहुंचने में 26 दिनों का समय लगा। इसके विपरीत, छह लाख से पांच लाख तक की गिरावट महज 12 दिन में हुई थी। पिछले दो सप्ताह में हर सप्ताह एक लाख मामलों की गिरावट हुई।