इस बीच, अरुणाचल प्रदेश ने राज्य में विदेशियों के प्रवेश पर फिलहाल रोक लगा दी है। सरकार ने विदेशियों को जारी किए जाने वाला प्रोटेक्टेड एरिया परमिट को अस्थायी तौर पर निलंबित करने का फैसला किया है। सिक्किम के बाद ऐसा करने वाला वह दूसरा राज्य है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को डीटीसी व क्लस्टर बसों, मेट्रो व अस्पतालों को नियमित तौर पर संक्रमण मुक्त रखने का आदेश दिया है। सीएम ने बताया, दिल्ली में अब तक तीन पॉजिटिव केस मिले हैं। एक महिला मरीज की जांच चल रही है। अब तक 337 लोगों को अलग रखा गया है।
पहले संक्रमित मरीज के संपर्क में 105 लोग, दूसरे मरीज के संपर्क में 168 लोग और तीसरे मरीज के संपर्क में 64 लोग आए थे। सभी लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। सीएम ने केंद्र सरकार से प्रभावित देशों की यात्रा पर रोक लगाने का अनुरोध किया है।
ईरान में कोरोनावायरस से रविवार को 49 लोगों की मौत हो गई। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, वायरस फैलने की शुरुआत से अब तक यह एक दिन में हुई सबसे ज्यादा मौतें हैं। इसके साथ ही अब तक 194 लोगों की जान जा चुकी है। चीन के बाहर सबसे ज्यादा मौतें इटली और ईरान में हुई है। इटली में अब तक 230 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में रविवार को एक व्यक्ति की अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में मौत हो गई है। इस व्यक्ति को डायबिटीज थी। जानकारी के मुताबिक सऊदी अरब से लौटे व्यक्ति को एक दिन पहले ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
डॉक्टरों के मुताबिक बुखार, खांसी ओर जुकाम की वजह से उसे भर्ती किया गया था। स्वास्थ्य सेवा के निदेशक अजय चक्रवर्ती ने बताया कि कोरोनावायरस की जांच के लिए भेजे गए उसके नमूने की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। ऐसे में हो सकता है कि जनारुल हक की मौत डायबिटीज से हुई हो।
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में कोरोना वायरस से दो मरीजों के संक्रमित पाए जाने के एक दिन बाद एक संदिग्ध अली मोहम्मद की (73) की मौत एनएनएम अस्पताल लेह में हो गई। इस मरीज के सैंपल जांच के लिए पुणे भेजे गए हैं। मृतक ईरान से 26 फरवरी को लौटे एक दल का हिस्सा था।
इस दल के दो सदस्य पहले से संक्रमित पाए गए हैं और उनका उपचार लेह अस्पताल में चल रहा है। इस बीच जिला प्रशासन ने अली मोहम्मद के गांव चुचोट की ओर जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया है। अब उनके परिवार और अन्य ग्रामीणों का परीक्षण किया जा रहा है।
कोरोनावायरस के संक्रमण को देखते हुए बाजारों के साथ-साथ अब ऑनलाइन शॉपिंग साइटों पर भी फेस मास्क की डिमांड बढ़ गई है। पिछले कुछ दिनों से लोग ऑनलाइन साइटों से मास्क खरीद रहे हैं। इसलिए कीमतों में पांच से छह गुना तक बढ़ोतरी हो गई है। वायरस से बचने के लिए लोगों को मास्क पहनने की सलाह दी जा रही है। इससे मास्क की मांग बढ़ रही है। पहले बाजारों में और अब ऑनलाइन साइटों पर मास्क की कीमतों में भारी उछाल आया है।
शापिंग साइट अमेजन पर 500 रुपये तक के मास्क बिक रहे हैं। वहीं, जो मास्क कुछ दिन पहले तक बाजार में 30 रुपये का बिकता था अब वह ऑनलाइन खरीद पर 120 से 200 रुपये तक मिल रहा है। फिल्पकार्ट पर एन-95 मास्क 300 रुपये तक का बिक रहा है। पिछले सप्ताह तक यह मास्क बाजार में 90 रुपये तक का बिक रहा था। तमाम बड़े मेडिकल विक्रेताओं का कहना है कि उनके पास जो मास्क हैं वो बहुत तेजी से खत्म हो रहे हैं।