फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in India: देशभर में संक्रमितों की संख्या 52345 हुई, अब तक 1702 लोगों की मौत

Wed, 06 May 2020 11:25 PM IST
Rajeev Rai न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 52,345 हो गई है, जिनमें 33 हजार से ज्यादा मामले सक्रिय हैं, 15 हजार लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1702 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां पढ़ें देश में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट्स...
विज्ञापन
भारत में कोरोना वायरस - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:22 PM, 06-May-2020

देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 52 हजार के पार

पीटीआई के अनुसार, विभिन्न राज्य सरकारों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 52,345 हो गई है, जिनमें 33 हजार से ज्यादा मामले सक्रिय हैं, 15 हजार लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1702 लोगों की मौत हो चुकी है।

10:27 PM, 06-May-2020

पुणे में कोरोना के 99 नए संक्रमित

पुणे स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में पुणे में 99 नए कोरोना के पॉजिटिव मामले सामने आए हैं और सात मौतें हुई हैं। जिले में कुल मामलों की संख्या 2300 है, जिसमें 665 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और 127 लोग इस महामारी की चपेट में आकर दम तोड़ चुके हैं।
 
शराब की दुकान पर एक भी ग्राहक नहीं
मध्य प्रदेश: आज कोरोना लॉकडाउन के बीच बड़वानी जिले में शराब की दुकान पर एक भी ग्राहक को नहीं देखा गया।


 

10:17 PM, 06-May-2020

अहमदाबाद में निजी अस्पतालों, क्लीनिकों, नर्सिंग होम्स को 48 घंटे के भीतर खोलने के आदेश

अहमदाबाद में निजी अस्पतालों, क्लीनिकों, नर्सिंग होम्स को 48 घंटे के भीतर खोलने के लिए कहा गया है। अगर नहीं तो उन सभी का लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने दी।
 

साबरमती सेंट्रल जेल में 11 कैदी और तीन कर्मचारी को हुआ कोरोना
पिछले एक सप्ताह के अंदर अहमदाबाद के साबरमती सेंट्रल जेल में 11 कैदियों और तीन कर्मचारियों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने दी।

विज्ञापन
10:06 PM, 06-May-2020

सोलापुर के MIDC पुलिस स्टेशन के ASI की कोरोना से मौत

कोरोना के कारण सोलापुर के MIDC पुलिस स्टेशन के ASI ताजुद्दीन रहमान शेख की मौत हो गई। उनकी आत्मा को शांति मिले। पुलिस महानिदेशक (DGP) और महाराष्ट्र पुलिस के सभी रैंक के अधिकारी उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रदान करते हैं: महाराष्ट्र पुलिस

तेलंगाना में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 1107 हुई
तेलंगाना में आज 11 और मामले रिपोर्ट किए गए आए। राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या अब 1107 हो गई है, जिनमें 648 डिस्चार्ज/ठीक हो गए हैं, 430 सक्रिय मामले हैं और 29 लोगों की मौत हो चुकी है: राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण निदेशक

राजस्थान में आज 159 नए मामले, चार की मौत
राजस्थान में आज 159 नए मामले सामने आए और चार लोगों की मौत हो गई। राज्य में कुल मामलों की संख्या अब 3317 हो गई है, जिनमें 1485 सक्रिय मामले हैं और 93 लोगों की मौत हो चुकी है: राज्य स्वास्थ्य विभाग

10:02 PM, 06-May-2020

138वें बटालियन बीएसएफ अंबासा के 22 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए

138वें बटालियन बीएसएफ अंबासा के 22 लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इनमें 18 पुरुष, 1 महिला, 3 बच्चे शामिल हैं। त्रिपुरा में कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 64 हो गई है। इनमें से दो पहले ही ठीक हो चुके हैं और 62 मामले सक्रिय हैं: बिप्लब कुमार देब, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री

विज्ञापन
09:58 PM, 06-May-2020

कोलकाता में कोरोना कंटेनमेंट जोन की सूची में 16 और क्षेत्र

पश्चिम बंगाल: कोलकाता में कोरोना कंटेनमेंट जोन की सूची में 16 क्षेत्रों को और जोड़ा गया। शहर में अब कुल 334 कंटेनमेंट जोन हो गए हैं।

09:55 PM, 06-May-2020

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कोरोना पॉजिटिव रोगियों के इलाज के लिए मुंबई में डिफेंस एंड रेलवे अस्पतालों के आईसीयू का उपयोग करने के महाराष्ट्र सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, लेकिन उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि इन आईसीयू बेड को अंतिम उपलब्ध विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जाना चाहिए: महाराष्ट्र स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र टोपे

09:34 PM, 06-May-2020

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का मुख्यालय पिछले शनिवार से बंद होने के बाद आज फिर से खोला गया। इस अवधि के दौरान पूरे मुख्यालय को सैनिटाइजेशन प्रोटोकॉल के अनुसार सैनिटाइज किया गया। इस बात की जानकारी सीआरपीएफ के अधिकारियों ने दी। बता दें कि यहां एक ड्राइवर को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था।

09:21 PM, 06-May-2020

प्रधानमंत्री मोदी कल लोगों को करेंगे संबोधित

प्रधानमंत्री मोदी कल बुद्ध पूर्णिमा समारोह में भाग लेंगे। अंतरराष्ट्रीय बौद्ध संघ के सहयोग से संस्कृति मंत्रालय दुनिया भर के बौद्ध संघों के सर्वोच्च प्रमुखों की भागीदारी के साथ एक वर्चुअल प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित करेगा। पीएम मोदी सुबह लोगों को संबोधित करेंगे। यह आयोजन पीड़ितों और कोरोना के फ्रंटलाइन योद्धाओं के सम्मान के लिए आयोजित किया जा रहा है: प्रधानमंत्री कार्यालय 

09:13 PM, 06-May-2020

मुंबई में आज 769 और मामले, 25 की मौत

मुंबई में आज 769 और कोरोना के मामले सामने आए और 25 लोगों ने दम तोड़ दिया, जिनमें से 19 की मौत अन्य बीमारियों के चलते हुई।  शहर में कुल मामले अब 10527 हो गए हैं, जिनमें 2287 ठीक हो गए हैं और अभ तक शहर में 412 लोगों की मौत हो चुकती हैः बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी)

गोवाः कक्षा 12 और कक्षा 10 के लिए परीक्षा क्रमशः 20 मई और 21 मई से शुरू होगी
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि गोवा बोर्ड ऑफ सेकेंडरी और हायर सेकेंडरी एजुकेशन की कक्षा 12 और कक्षा 10 के लिए परीक्षा क्रमशः 20 मई और 21 मई से शुरू होगी। 

लगभग 1030 प्रवासी मजदूर तेलंगाना से हबीबगंज पहुंचे
मध्य प्रदेश: लगभग 1030 प्रवासी मजदूर तेलंगाना से भोपाल के हबीबगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से पहुंचे।

08:55 PM, 06-May-2020

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने रेलवे कोचों के लिए कोरोना के संदिग्ध/ पुष्ट मामलों के उचित प्रबंधन को लेकर गाइडलाइन जारी की है।
 

08:30 PM, 06-May-2020

अहमदाबाद में कोरोना वायरस के 291 मामले और बढ़े, संक्रमितों की संख्या 4735 हुई

अहमदाबाद में कोरोना वायरस के 291 और मामले बढ़े। इसी के साथ शहर में कुल संक्रमितों की संख्या 4735 हो गई। 25 और लोगों की मौत हो गई। मौत का कुल आंकड़ा 298 हो गयाः स्वास्थ्य अधिकारी

नागपुर में 44 नए केस, सक्रिय मामलों की संख्या 139
नागपुर में 44 नए केस सामने आए हैं। इस शहर में कोरोना के कुल 200 मामले हो गए हैं, जिनमें 139 सक्रिय हैं। 58 मरीज ठीक हो गए हैं और तीन लोगों की बीमारी के कारण मौत हो चुकी हैः नागपुर नगर निगम

08:19 PM, 06-May-2020

जल्द ही सरकार कुछ दिशानिर्देशों के आधार पर बस परिवहन शुरू करेगी- गडकरी

केंद्रीय सड़क परिवहन नितिन गडकरी का कहना है कि जल्द ही सरकार कुछ दिशानिर्देशों के आधार पर बस परिवहन को फिर से शुरू करने की कोशिश करेगी। लोगों के फंसे होने के कारण हवाई, रेलवे और बस परिवहन को फिर से शुरू करने की आवश्यकता है। मुझे लगता है कि इसे पूरा करने की जरूरत है।

08:17 PM, 06-May-2020

गुजरात में पिछले 24 घंटे में 380 नए मामले

गुजरात में पिछले 24 घंटे में 380 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। राज्य में कुल मामलों की संख्या 6625 हो गई है, जिनमें से 1500 लोग ठीक हो गए हैं और 396 लोगों की मौत हो चुकी हैः राज्य स्वास्थ्य विभाग

08:13 PM, 06-May-2020

पंजाब के बाद पश्चिम बंगाल में भी होगी शराब की होम डिलीवरी

पंजाब के बाद पश्चिम बंगाल सरकार भी शराब की होम डिलीवरी करेगी। इसकी अनुमति सरकार ने दी है और इसके लिए राज्य सरकार पोर्टल लॉन्च करेगी।
 

08:09 PM, 06-May-2020

महाराष्ट्र में आज 1233 नए मामले, 34 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में आज कोरोना के 1233 नए पॉजिटिव मामले सामने आए और 34 लोगों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 16,758 हो गई है और कोरोना के कारण अब तक राज्य में 651 लोगों की मौत हो चुकी हैः राज्य स्वास्थ्य विभाग

08:00 PM, 06-May-2020

तमिलनाडु का बुरा हाल, आज मिले 771 नए कोरोना पॉजिटिव केस

तमिलनाडु में आज 771 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए। इसी के साथ यहां पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 4829 हो गई है। राज्य में आज दो मौतें हुई हैं, जिससे मौत का आंकड़ा 35 हो गया है: राज्य स्वास्थ्य विभाग

जम्मू और कश्मीर में आज 34 नए केस
जम्मू और कश्मीर में आज 34 नए केस सामने आए। इसी के साथ यहां कोरोना संक्रमण के कुल मामले 775 हो गए।  

07:52 PM, 06-May-2020

35540 लोग लौटे ओडिशा

तीन मई से 35,540 लोग ट्रेन, बसों और अन्य वाहनों द्वारा देश के अन्य हिस्सों से ओडिशा लौट आए हैं। ओडिशा लौटने वालों को 14 दिनों के लिए क्वारंटीन में रहना होगा: ओडिशा सरकार

07:39 PM, 06-May-2020

पंजाब में सात मई से शुरू होगी शराब की होम डिलीवरी

कोरोना वायरस लॉकडाउन के दौरान पंजाब में सात मई से शराब की होम डिलीवरी की शुरुआत होगी। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने दी।
 

07:29 PM, 06-May-2020

मुंबई के धारावी में आज 68 नए मामले और एक की मौत

मुंबई के धारावी में आज 68 नए मामले दर्ज किए गए और एक की मौत हो गई। यहां कोरोना के कुल मामले 733 हो गए हैं, जिनमें 21 लोगों की मृत्यु हो चुकी हैः बीएमसी

झारखंड में कुल मामलों की संख्या 127
रांची में आज कोरोना के दो और मामले सामने आए हैं। झारखंड में कुल मामलों की संख्या 127 हो गई है, जिसमें से 37 मरीज ठीक हो गए हैं: झारखंड के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी

07:15 PM, 06-May-2020

पंजाब में सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक दुकानें खुली रहेंगी

राज्य में सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक दुकानें खुली रहेंगी। जिला अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि अधिक भीड़ न हो और सोशल डिस्टेंसिंग में कोई गड़बड़ी न हो: पंजाब गृह विभाग
 
 

07:04 PM, 06-May-2020

पश्चिम बंगाल में कोरोना टेस्ट की दर बहुत कम और मृत्यु दर ज्यादा -गृह मंत्रालय

गृह मंत्रालय ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में कोरोना टेस्ट की दर बहुत कम है और मृत्यु दर बहुत अधिक है। राज्य में मृत्यु दर 13.2 फीसदी है। गृह मंत्रालय के मुताबिक पश्चिम बंगाल में कोरोना के कारण मृत्यु दर अन्य राज्यों की तुलना में अधिक है। गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल में लॉकडाउन के दौरान बाजारों में भीड़भाड़, नदियों में लोगों के नहाने, क्रिकेट खेलने, फुटबॉल खेलने के उदाहरण पेश किए।

06:16 PM, 06-May-2020

अहमदाबादः दूध और दवाई की दुकानों को छोड़कर सभी दुकानें बंद रहेंगी

दूध और दवाई की दुकानों को छोड़कर सभी दुकानें 7 मई से 15 मई तक इतने समय के लिए बंद रहेंगीः अहमदाबाद नगर निगम आयुक्त
 

देश में अल्कोहल से बनने वाले सैनिटाइजर का निर्यात बैन
विदेश व्यापार महानिदेशालय, वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा देश में अल्कोहल से बनने वाले सैनिटाइजर का निर्यात बैन किया गया।

06:06 PM, 06-May-2020

कोई भी कोरोना टेस्टिंग लैब मैन्युअल रूप से भरे SRF (सैंपल फॉर्म) को स्वीकार न करें। केवल RT-PCR ऐप पर भरे गए सैंपल को स्वीकार किया जाना चाहिए। अगर कोई लैब मैन्युअल रूप से भरे एसआरएफ को स्वीकार करती है तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी: कर्नाटक सरकार
 

 

05:51 PM, 06-May-2020

हिमाचल प्रदेश में सिर्फ तीन सक्रिय मामले

हिमाचल प्रदेश में आज एक व्यक्ति को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। राज्य में कुल मामलों की संख्या 43 हो गई है, जिसमें 3 मामले सक्रिय है, 34 ठीक हो गए और दो मौतें शामिल हैं: राज्य स्वास्थ्य विभाग

ओडिशा में आज पांच नए पॉजिटिव मामले
ओडिशा में आज पांच नए मामले सामने आए। राज्य में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 185 हो गई, जिसमें 122 सक्रिय, 2 मौतें और 61 डिस्चार्ज शामिल हैं: राज्य स्वास्थ्य विभाग

05:43 PM, 06-May-2020

हमारी स्थिति दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और यूपी से बेहतर- मनोहर लाल खट्टर

हरियाणा सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि हमारी स्थिति दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और यूपी से बेहतर हैं। हम इन राज्यों से घिरे हैं। हमने सीमाओं पर सख्ती बढ़ाई है, जिससे कि कोई कोरोना यहां लेकर ना आ सके। इसके बाद भी पिछले कुछ दिनों से स्थिति चिंताजनक है। 

05:41 PM, 06-May-2020

मेडिकल सलाह के बिना शराब का सेवन छोड़ना खतरनाक हो सकता है- डॉक्टर

मेडिकल सलाह के बिना शराब का सेवन छोड़ना खतरनाक हो सकता है। यह शराब छोड़ने के लिए सुनहरा समय है, जो लोग छोड़ना चाहते हैं। उन्हें मेडिकल सलाह ले लेनी चाहिएः दिल्ली एम्स के नेशनल ड्रग डिपेंडेंस ट्रीटमेंट सेंटर के डॉ अतुल अम्बेकर

05:36 PM, 06-May-2020

हरियाणा में कोरोना के 289 सक्रिय मामले

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि यहां कोरोना के कुल मामले 555 हैं, जिनमें से 289 सक्रिय हैं और 260 लोगों को छुट्टी दे दी गई है और अब तक छह की मौत हो चुकी है। 

05:27 PM, 06-May-2020

राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

अन्य देशों की तुलना में केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली वित्तीय सहायता लगभग न के बराबर है। केंद्र को राज्य सरकारों और जरूरतमंदों के लिए पैकेज की घोषणा करनी चाहिए। अगर वे अब ऐसा नहीं करते हैं, तो वे कब करेंगे?: राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट

05:23 PM, 06-May-2020

केरल में आज कोई केस नहीं, राज्य में केवल 30 सक्रिय मामले

केरल में आज कोरोना का एक भी मामला सामने नहीं आया है। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 502 है, जिसमें 30 सक्रिय मामले हैं: मुख्यमंत्री पिनराई विजयन

पिछले 24 घंटे में कर्नाटक में 20 नए मामले
पिछले 24 घंटे में कर्नाटक में 20 नए मामले रिपोर्ट किए गए। राज्य में कुल मामलों की संख्या 693 है, जिनमें 354 मरीज ठीक हो गए हैं और अब तक 29 मरीजों की मौत हो चुकी हैः राज्य स्वास्थ्य विभाग

05:17 PM, 06-May-2020

लाखों रुपये के नुकसान के साथ किसान गंभीर तनाव में किसान

लाखों रुपये के नुकसान के साथ किसान गंभीर तनाव में हैं। वायनाड में पिछले दो हफ्तों से जारी बारिश और आंधी से केले की फसल बर्बाद हो गई है। 40 हजार केले के केले के पौधे भारी आंधी में नष्ट हो गए। लॉकडाउन के कारण इस दामों में काफी गिरावट आई है। 

04:55 PM, 06-May-2020

पश्चिम बंगाल में आज 112 नए मामले, चार लोगों की मौत

पश्चिम बंगाल में आज 112 नए मामले रिपोर्ट किए गए। इसी के साथ ही राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 1456 हो गई। पिछले 24 घंटे में चार लोगों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के कारण अब तक 72 लोगों ने दम तोड़ दिया हैः अलपन बंद्योपाध्याय, पश्चिम बंगाल के गृह सचिव

04:40 PM, 06-May-2020

कोरोना संकट ने भारत और इस्राइल को करीब ला दिया- भारत में इस्त्राइल के राजदूत

कोरोना संकट ने भारत और इस्राइल को करीब ला दिया है। दोनों देश कोरोना ले लड़ने के बेहतरीन तरीके साझा कर रहे हैं और नई प्रक्रियाएं अपना रहे हैं। कोरोना वायरस की वैक्सीन बनाने को लेकर उन्होंने कहा कि मुझे इसके डिटेल्स की प्रतिक्षा है। इस प्रक्रियाओं को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। हम एडवान्सड स्टेज पर हैं। हां, हम निश्चित रूप से इसे दुनिया के साथ साझा करेंगेः भारत में इस्राइल के राजदूत रॉन मलका 

04:27 PM, 06-May-2020

पश्चिम बंगाल में 15 लैब है, जिनमें 10 सरकारी और 5 निजी है। सभी में कोरोना वायरस के लिए टेस्ट किए जा रहे हैं। हर दिन टेस्ट औसत 2500 टेस्ट किए जा रहे हैं: अलपन बंद्योपाध्याय, पश्चिम बंगाल के गृह सचिव

04:14 PM, 06-May-2020

कोरोना ने देशभर में अब तक लगभग 548 डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिक्स को संक्रमित किया

केंद्र द्वारा बनाए गए आंकड़ों के मुताबिक, कोरोना वायरस ने देशभर में अब तक लगभग 548 डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिक्स को संक्रमित किया है।
 

04:10 PM, 06-May-2020

ठाणे जिले के भिवंडी रहनल गांव के एक रासायनिक गोदाम में लगी आग

महाराष्ट्र: ठाणे जिले के भिवंडी रहनल गांव के एक रासायनिक गोदाम में लगी आग। आग बुझाने का काम जारी है।

04:00 PM, 06-May-2020

हिमाचल प्रदेश में एक और व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव, कुल सक्रिय मामले तीन

हिमाचलः कांगरा में एक व्यक्ति को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसी के राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या तीन हो गई हैः राज्य के विशेष स्वास्थ्य सचिव निपुण जिंदल

03:46 PM, 06-May-2020

दिल्ली सरकार ने विदेश में फंसे वापस आने वाले यात्रियों के लिए गाइडलाइन जारी की

दिल्ली सरकार ने 'विदेश मंत्रालय द्वारा विदेश में फंसे भारतीयों की वापसी की योजना के मद्देनजर विदेश से आने वाले यात्रियों को हैंडिल करने और दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं।'
 

03:28 PM, 06-May-2020

हमने असम के लोगों को वापस लाने के लिए सात ट्रेनों का प्रस्ताव दिया है, जो देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे हुए हैं। ट्रेनें सात मई के बाद शुरू होंगी। हमारी प्राथमिकता छात्रों, मरीजों और तीर्थयात्रा पर जाने वाले लोगों को वापस लाना है: असम के मंत्री चंद्र मोहन पटवारी

03:12 PM, 06-May-2020

बीएसएफ के 85 और जवान कोरोना से संक्रमित, संख्या हुई 154

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की ओर से बताया गया है कि सभी प्रोटोकॉल का पालन करने के बाद दिल्ली में सीमा सुरक्षा बल मुख्यालय में आज से काम शुरू कर दिया गया है। जबकि परिचालन और आवश्यक कर्तव्यों का पालन करते हुए 85 से ज्यादा बीएसएफ जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कुछ दिन पहले मुख्यालय को सैनिटाइजेशन के लिए सील किया गया था। बता दें कि बीएसएफ के ये 85 जवान ड्यूटी के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं। संक्रमित जवानों की कुल संख्या अब 154 हो गई है, जिनमें से दो ठीक हो गए हैं। 

03:09 PM, 06-May-2020

बिहार में 350 डॉक्टरों को नोटिस जारी करने पर स्वास्थ्य मंत्री ने दी सफाई

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने 350 से अधिक डॉक्टरों को काम नहीं करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने पर कहा कि इस महामारी में हम अपने योद्धाओं के प्रति अत्यधिक सम्मान रखते हैं। हमने उनसे बात की और यह महसूस किया गया कि उन्हें नियमों से अवगत कराने की आवश्यकता है, इसलिए हमने यह निर्णय लिया।

02:50 PM, 06-May-2020

बिहार ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के जोन वर्गीकरण पर उठाए सवाल

बिहार के प्रधान स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार ने बताया कि राज्य सरकार ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से पूछा है कि गया जिले को रेड जोन के रूप में कैसे वर्गीकृत किया जा सकता है, जहां कोरोना का केवल एक सक्रिय मामला है।

02:25 PM, 06-May-2020

उत्तराखंड में आज नहीं आया एक भी मामला

उत्तराखंड राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया है कि आज दोपहर दो बजे तक कोई नया पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया है। राज्य में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 61 है और अब तक केवल एक की मौत हुई है। राज्य में सक्रिय मामले 21 हैं और 39 लोग ठीक हो चुके हैं।
 

02:21 PM, 06-May-2020

उत्तर प्रदेश में डीजल-पेट्रोल और शराब के दामों में बढ़ोतरी

उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि डीजल पर एक एक रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल पर दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया गया है। नई दरें आज रात 12 बजे से लागू होंगी।

खन्ना ने बताया कि देशी शराब पर पांच रुपये की वृद्धि हुई है जो 65 रुपये में मिलती थी वो अब 70 रुपये में मिलेगी, 75 रुपये वाली 80 में मिलेगी। विदेशी शराब पर 180 मिलीलीटर तक 10 रुपये, 180 मिलीलीटर से 500 मिलीलीटर तक 20 रुपये और 500 मिलीलीटर से ज्यादा पर 30 रुपये की वृद्धि की गई है। ये इकोनॉमी क्लास पर है।

आयातित शराब में 100-180 मिलीलीटर तक 100 रुपए, 180-500 मिलीलीटर तक 200 रुपए और 500 मिलीलीटर से अधिक पर 400 रुपए की वृद्धि की गई है। ये तुरंत प्रभाव से लागू किया जाएगा।

02:16 PM, 06-May-2020

बीएसएफ के 30 जवान कोरोना पॉजिटिव

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सूत्र के मुताबिक बीएसएफ के 30 जवान जो दिल्ली में कानून और व्यवस्था कायम रखने के लिए तैनात किए गए थे, उन्हें बाद में जोधपुर शिफ्ट किया गया जहां वो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।। 
 

01:52 PM, 06-May-2020

अहमदाबाद से गोरखपुर के लिए विशेष ट्रेन रवाना

गुजरात के अहमदाबाद के साबरमती रेलवे स्टेशन से प्रवासी मजदूरों को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के लिए रवाना हुई।

01:50 PM, 06-May-2020

हरियाणा में सात नए मामले, संक्रमितों की संख्या 555 हुई

हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में आज कोरोना के सात नए मामले सामने आए हैं। राज्य में कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 555 हो गई है। अब तक मृतकों की संख्या छह है।

01:47 PM, 06-May-2020

दिल्ली में शराब की दुकानें बंद करने के लिए हाईकोर्ट में याचिका

दिल्ली में शराब की दुकानों को बंद कराने के लिए हाई कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है। याचिका में कहा गया है कि शराब की दुकानें खोलने से लॉकडाउन का उद्देश्य फेल हो जाएगा।
 

01:42 PM, 06-May-2020

रेलवे ने अब तक 115 श्रमिक विशेष ट्रेनों का किया संचालन

भारतीय रेलवे के मुताबिक कोरोना लॉकडाउन के दौरान एक मई से अब तक 115 'श्रमिक विशेष ट्रेनें' चलाई गई हैं। 22 ट्रेनें आज यानि बुधवार को रवाना की गई हैं और 20 ट्रेनें आज रात को रवाना की जाएंगी।

01:27 PM, 06-May-2020

राहुल गांधी ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतें वापस लेने की मांग की

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि सरकार द्वारा पेट्रोल डीजल की कीमत में 10 रुपये से 13 रुपये प्रति लीटर इजाफा करने का फैसला अनुचित है, इसे वापस लिया जाना चाहिए।

01:21 PM, 06-May-2020

तमिलनाडु में कल खुलेंगे ठेके, महंगी मिलेगी शराब

तमिलनाडु में कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए लगाए लॉकडाउन के कारण 40 दिनों से अधिक दिनों से बंद शराब की दुकानें कल खुलेंगी। लेकिन शराब की कीमतों में अधिकतम 20 रुपये की वृद्धि की जाएगी। राज्य सरकार ने बुधवार को यहां एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा कि भारत में निर्मित विदेशी शराब पर आबकारी शुल्क में 15 प्रतिशत की वृद्धि के बाद यह आदेश जारी किया जा रहा है। उसने बताया कि सामान्य ब्रांड की 180 मिलीलीटर आईएमएफएल की कीमत में 10 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी जबकि प्रीमियम शराब की कीमत में 20 रुपये तक की वृद्धि होगी। आंध्र प्रदेश सरकार ने भी पिछले दो दिनों में शराब की कीमतों में दो बार वृद्धि की है।

12:52 PM, 06-May-2020

कर्नाटक में 19 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 692 हुई

कर्नाटक राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पांच मई शाम पांच बजे से आज दोपहर 12 बजे तक राज्य में कोरोना पॉजिटिव के 19 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 692 हो गई है। जिसमें से 345 लोग ठीक होकर अस्पताल से जा चुके हैं और 29 लोगों की मौत हो चुकी है।

12:45 PM, 06-May-2020

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री बोले- महाराष्ट्र में स्थिति चिंताजनक

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि महाराष्ट्र में 36 में से 34 जिले कोरोना से प्रभावित हैं। मुंबई, पुणे, थाने, नासिक, औरंगाबाद, नागपुर और सोलापुर ज्यादा चिंता का विषय हैं। 1026 कंटेनमेंट जोन्स अभी महाराष्ट्र में हैं। मैं राज्य में वायरस के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए आगे की कार्रवाई पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री के साथ बैठक करूंगा।

12:19 PM, 06-May-2020

रक्षा मंत्रालय से जुड़े कर्मचारी मार्च 2021 तक एक दिन का वेतन पीएम केयर्स कोष में देंगे

रक्षा सचिव अजय कुमार ने कहा कि रक्षा मंत्रालय और इसके संलग्न कार्यालयों / संगठनों / रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों के इच्छुक कर्मचारियों को स्वैच्छिक आधार पर पीएम केयर्स कोष के लिए मई 2020 से मार्च 2021 तक हर महीने एक दिन का वेतन देने के लिए कहा गया है। यह अप्रैल 2020 में दिए गए एक दिन के वेतन के अलावा है।
 

12:04 PM, 06-May-2020

कोरोना वित्तीय पैकेज के रूप में 1610 करोड़ रुपये जारी करेगी कर्नाटक सरकार

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि कोरोना लॉकडाउन के बीच हमने 3500 बसों और ट्रेनों से लगभग एक लाख लोगों को उनके घर वापस भेज दिया है। मैंने प्रवासी श्रमिकों से यहां रहने की अपील भी की है क्योंकि निर्माण कार्य अब फिर से शुरू हो गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस वित्तीय पैकेज के रूप में 1,610 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। इससे 2,30,000 नाइयों और 7,75,000 ड्राइवरों को 5,000 रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

इसके अलावा कर्नाटक सरकार ने 11 प्रतिशत आबकारी/उत्पाद शुल्क वृद्धि की भी घोषणा की, जो बजट में घोषित छह फीसदी की वृद्धि के अतिरिक्त है।
 

11:45 AM, 06-May-2020

दिल्ली के चिल्ला गांव में पीने के पानी के लिए लगी कतारें

दिल्ली में कोरोना लॉकडाउन के बीच चील्ला गांव में लोग दिल्ली जल बोर्ड( DJB) के टैंकर से पीने का पानी इकट्ठा करने के लिए लाइन में लगे दिखें। एक स्थानीय ने बताया कि पानी की बहुत दिक्कत है अभी तो टैंकर मिल जा रहा है नहीं तो पानी के लिए जगह-जगह जाना पड़ता है और सुबह चार बजे से लाइन लगाना पड़ता है।

11:31 AM, 06-May-2020

सोनिया गांधी बोलीं- 17 मई के बाद क्या होगा?

कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में सोनिया गांधी ने कहा कि17 मई के बाद क्या होगा? लॉकडाउन कब तक चलेगा, इसके लिए केंद्र सरकार क्या मापदंड अपना रही है? वहीं, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि हमें यह जानने की जरूरत है कि लॉकडाउन 3.0 के बाद क्या होगा?

बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि जब तक व्यापक प्रोत्साहन पैकेज नहीं दिया जाता, तब तक राज्य, देश कैसे चलेंगे? हमने 10,000 करोड़ रुपये का राजस्व गंवाया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर ने कहा कि दिल्ली में बैठे लोगों ने जमीनी हकीकत जाने बिना कोरोना जोन के वर्गीकरण का फैसला कर लिया।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कोरोना लॉकडाउन के दौरान गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे राज्यों को तत्काल सहायता की जरूरत है।

11:20 AM, 06-May-2020
ANdhra - फोटो : ANI

आंध्र प्रदेश में 60 नए मामले, दो लोगों की मौत

आंध्र प्रदेश राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में आज कोरोना पॉजिटिव के 60 नए  मामले सामने आए हैं और दो लोगों की मौत हुई है। नए मामलों में 12 गुजरात और एक कर्नाटक के निवासी शामिल हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1777 हो गई है। जिनमें से 1012 सक्रिय मामले हैं, अब तक 729 लोगों को छुट्टी दी जा चुकी है और 36 लोगों की मौत हो गई है। 

11:15 AM, 06-May-2020

दिल्ली पुलिस ने मौलाना साद के बेटे से की पूछताछ

दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, मौलाना साद (तब्लीगी जमात प्रमुख) के बेटे से दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने कल पूछताछ की थी। दिल्ली पुलिस ने उनसे 20 लोगों के बारे में ब्योरा मांगा है जो दिल्ली में मरकज में शामिल हुए थे या इसकी प्रबंधन टीम का हिस्सा थे।

11:09 AM, 06-May-2020

शराब खरीदने के लिए लगी लंबी कतारें

हरियाणा में शराब की दुकानें खुलने के बाद गुरुग्राम में एक दुकान के बाहर शराब खरीदने के लिए लोगों की लंबी लाइनें लगीं।

11:03 AM, 06-May-2020

दिल्ली में अब तक संक्रमित मरीजों की संक्या 5104

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 5,104 है, जिनमें से 206 मामले मंगलवार को आए हैं। अब तक 1,468 लोग ठीक हो चुके हैं। अस्पतालों में भर्ती लोगों में से 92 लोग आईसीयू में हैं और 17 लोग वेंटिलेटर पर हैं। दिल्ली में डबलिंग रेट 11 दिन है।

11:01 AM, 06-May-2020

बेगूसराय में शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक धारा 144 लागू

बिहार के बेगूसराय के जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा ने शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक जिले में धारा 144 लागू की है। कोरोना पॉजिटिव मरीजों की बढ़ती संख्या और बाहर से छात्रों और मजदूरों के आने के चलते एहतियातन जिले में धारा 144 लागू की गई है।

10:54 AM, 06-May-2020

पंजाब में 19 दिनों में 90 लाख मीट्रिक टन गेंहू की खरीद

लॉकडाउन के बावजूद पंजाब 19 दिनों में 90 लाख मीट्रिक टन गेंहू खरीद चुका है। पंजाब का 135 लाख मीट्रिक टन गेंहू खरीदने का लक्ष्य है।पंजाब के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री भारत भूषण आशु ने कहा कि हमारे पास इतना बफर स्टॉक है कि अगर जरूरत पड़ी तो हम हिन्दुस्तान के हर निवासी का पेट भर सकते हैं।

10:20 AM, 06-May-2020

कल्याण से दरभंगा के लिए रवाना हुई 'श्रमिक विशेष ट्रेन'

कोरोना वायरस लॉकडाउन 3.0 के बीच ठाणे जिले के कल्याण से बिहार के दरभंगा के लिए मंगलवार को लगभग 1200 लोगों को लेकर 'श्रमिक विशेष ट्रेन' रवाना हुई। 
 

09:58 AM, 06-May-2020

राजस्थान में 35 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 3193 हुई

राजस्थान राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, आज सुबह नौ बजे तक  राज्य में कोरोना पॉजिटिव के 35 नए मामले आए हैं और एक की मौत हुई है। इसके बाद राज्य में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 3193 हो गई है। जिसमें से अब तक 1536 लोग ठीक हो चुके हैं और 90 लोगों की मौत हो चुकी है।

09:50 AM, 06-May-2020

आरोग्य सेतु एप टीम ने डाटा सुरक्षा को लेकर जारी किया बयान

कोरोना से संबंधित अलर्ट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी से आरोग्य सेतु मोबाइल एप डाउनलोड करने की अपील की है। इसी बीच इस एप के डाउनलोड करने से लोगों में निजी डाटा की सुरक्षा को लेकर चिंता होने लगी। इसके बाद 'आरोग्य सेतु' टीम ने मोबाइल एप्लिकेशन की डाटा सुरक्षा पर एक बयान जारी किया।
 

09:46 AM, 06-May-2020

ठाणें में मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए लगी लंबी कतारें

महाराष्ट्र के ठाणे के डोंबिवली शहर में निजी क्लीनिकों के बाहर लंबी-लंबी कतारों में आज प्रवासी श्रमिक नजर आए। ये सभी यहां मेडिकल सर्टिफिकेट प्राप्त करने आए हैं, ताकि कोरोना लॉकडाउन के बीच अपने पैतृक स्थानों पर लौटने के लिए पारगमन पास प्राप्त कर सके।

 

09:38 AM, 06-May-2020

हरियाणा में आज से खुलीं शराब की दुकानें

हरियाणा में आज से शराब की दुकान खोलने की अनुमति मिलने के बाद गुरुग्राम के सोहना अड्डा चौक पर एक शराब की दुकान के बाहर लोग कतार में खड़े हुए दिखाई दिए। शराब की दुकानों को सुबह सात से शाम सात बजे तक खोलने की अनुमति है। राज्य सरकार ने (कंटेनमेंट जोन को छोड़कर) आज से शराब की दुकानें खोलने का आदेश दिया था।

09:07 AM, 06-May-2020

देशभर में संक्रमित मरीजों की संख्या 50 हजार के करीब पहुंची

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 49,391 हो गई है। जिसमें 33,514 सक्रिय हैं, 14,183 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1694 लोगों की मौत हो चुकी है।

08:46 AM, 06-May-2020

कठुआ में खुली औद्योगिक इकाइयां

गृह मंत्रालय द्वारा जारी किए गए संशोधित दिशानिर्देशों के बाद, जम्मू और कश्मीर के कठुआ में औद्योगिक इकाइयां कोरोना लॉकडाउन के बीच आज खुलीं। इस दौरान लोगों के प्लांट में प्रवेश से पहले थर्मल स्क्रीनिंग की गई।

08:21 AM, 06-May-2020

ओडिशा में एक नया मामला, संक्रमितों की संख्या 177 हुई

ओडिशा में आज कोरोना संक्रमण का एक नया मामला सामने आया और एक मौत दर्ज की गई है। इसी के साथ ओडिशा में कोरोना के कुल मामले 177 हो गए और मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई। 115 मरीज सक्रिय हैं और 60 लोग ठीक हो चुके हैं।

08:10 AM, 06-May-2020

दिल्ली में शराब की दुकान के बाहर लगी लाइन

दिल्ली में शराब की दुकान खुलने से पहले ही दुकान के बाहर लोगों की लंबी लाइन लगी। तस्वीरें कापसहेड़ा बॉर्डर की है।

08:07 AM, 06-May-2020

गाजियाबाद में 31 मई तक लागू रहेगी धारा 144

गाजियाबाद  के जिला मजिस्ट्रेट अजय शंकर पांडेय ने बताया कि जिले में कोरोना प्रसार को देखते हुए 31 मई 2020 तक सीआरपीसी की धारा 144 लागू रहेगी। इस अवधि को स्थिति के अनुसार कम या रद्द किया जा सकता है।

07:50 AM, 06-May-2020

दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर पुलिसकर्मियों ने की जांच

कोरोना लॉकडाउन के बीच दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर लोगों के पहचान पत्र और पास की जांच करते पुलिसकर्मी। कोरोना वायरस के नियंत्रण करने के लिए गुरुग्राम में इंटर-स्टेट और इंटर-डिस्ट्रिक पर लोगों की आवाजाही को प्रतिबंधित किया है इसमें मीडियाकर्मी, पुलिस और डॉक्टर भी शामिल हैं।

06:49 AM, 06-May-2020

बिहार में स्वास्थ्यकर्मियों की 31 मई तक सारी छुट्टियां रद्द

बिहार सरकार ने कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव और मौजूदा हालात को देखते हुए स्वास्थ्यकर्मियों और कर्मचारियों की सभी छुट्टियां (मातृत्व अवकाश और अध्ययन अवकाश के अलावा) 31 मई तक के लिए रद्द कर दी हैं। सरकार ने यह भी कहा है कि उसने 362 ऐसी स्वास्थ्यकर्मियों की पहचान की है जो अस्पताल में उपस्थित नहीं रहे हैं। इसे लेकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है, इसके बाद उनपर आपदा अधिनियम, 2005 और महामारी रोग अधिनियम 1897 के तहत कार्रवाई होगी।
 

06:42 AM, 06-May-2020

3500 रुपये देकर ट्रक से गुजरात से पटना पहुंचे 50 प्रवासी मजदूर

बिहार: गुजरात के सूरत से एक ट्रक में लगभग 50 प्रवासी मजदूर पटना पहुंचे। उनमें से एक ने बताया कि ड्राइवर ने उनसे 3500 रुपये लिए और किसी भी सीमा पर उनकी जांच नहीं हुई। पुलिस का कहना है 'जब हमें पता चला, मैं तुरंत यहाँ आया। उन्हें गर्दनीबाग हाई स्कूल में रखा जाएगा जहां उनकी जांच की जाएगी।
 

06:04 AM, 06-May-2020

आरपीएफ ने श्रमिक स्पेशल ट्रेन के यात्रियों को दिया खाना-पानी

ओडिशा: रायगढ़ रेलवे से गुजर रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन के यात्रियों को आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) ने खाना और पानी मुहैया कराया।

06:02 AM, 06-May-2020

तेलंगाना: नेपाल का प्रवासी मजदूर अर्जुन महतो लॉकडाउन की वजह से हैदराबाद में फंसा, उसका कहना है कि उसने पुलिस से बात की और बिहार तक जाने की इजाजत मांगी, जहां से वो नेपाल चला जाएगा लेकिन पुलिस ने उससे आधार कॉर्ड मांगा, जबकि उसके पास नेपाल की आईडी है।


 

05:52 AM, 06-May-2020

शराब की दुकान खोलने का विरोध

आंध्र प्रदेश: गुंटूर जिले के पिलुतला गाँव के निवासियों ने कल अपने गांव में शराब की दुकान खोलने का विरोध किया। उन्होंने मांग की कि वहां कोई शराब नहीं बेची जानी चाहिए क्योंकि लॉकडाउन के बीच अन्य गांवों के लोग भी वहां आ रहे हैं।

05:49 AM, 06-May-2020

राहत सामग्री के लिए कट्टू नाइकर समुदाय को विरोध प्रदर्शन

तमिलनाडु: मदुरै के परवई शहर में रहने वाले कट्टू नाइकर समुदाय के लोगों के एक समूह ने कल स्थानीय प्रशासन से राहत सामग्री की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने साथ ही तहसीलदार (उत्तर क्षेत्र) को एक ज्ञापन भी दिया।

05:47 AM, 06-May-2020

तेलंगाना से 11 विशेष ट्रेनों से घर निकले प्रवासी मजदूर

तेलंगाना: प्रवासी मजदूरों को मेडचल, चेरलापल्ली, लिंगमपल्ली और कई अन्य रेलवे स्टेशनों पर ले जाया गया। यहां से श्रमिकों को 11 विशेष ट्रेनों से उनके घर भेज दिया गया।

05:12 AM, 06-May-2020

एक महीने बाद लौटी नर्स का फूलों से हुआ स्वागत

महाराष्ट्र: नागपुर के इंदिरा गांधी गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में काम करने वाली नर्स राधिका विंचुरकर एक महीने बाद अपने घर पहुंची, इस मौके पर उनके पड़ोसियों और जानने वालों ने उनका फूल से स्वागत किया। 
 

05:08 AM, 06-May-2020

श्रमिक स्पेशल ट्रेन के 1175 यात्रियों को रेलवे ने दिया खाना

श्रमिक स्पेशल ट्रेन के 1175 यात्रियों को मुरादाबाद में रेलवे ने खाना उपलब्ध करवाया। यह ट्रेन पंजाब के जालंधर से झारखंड के डालटनगज जा रही है।

04:31 AM, 06-May-2020

नेपाल सरकार ने अपने नागरिकों के लिए रांची भेजी राहत सामग्री

झारखंड: नेपाल सरकार ने रांची में फंसे अपने नागरिकों की मदद के लिए 1.20 लाख रुपये की भोजन सामग्री भेजी है, और नकदी को कल ही रांची में काम करने वाले नेपाल के लोगों में बांट दिया गया। इनमें से एक सुमन भंडारी ने कहा, 'हममें से अधिकतर यहां चौकीदार का काम करते हैं. लॉकडाउन की वजह से हमें काफी दिक्कतें हो रही हैं।

भंडारी ने बताया कि उन्होंने कल ही नेपाल सरकार से बात की थी, उन्होंने मेरे खाते में पैसे भेजे। मैं सभी से भोजन सामग्री खरीदकर सबको बांट दिए और 500-500 रुपये भी दिए।
 

04:24 AM, 06-May-2020

गुजरात से यूपी के लिए विशेष ट्रेन रवाना

गुजरात: लॉकडाउन में ढील देने के बाद से विशेष ट्रेनों की आवाजाही जारी है, मंगलवार को 1100 लोगों को लेकर एक विशेष ट्रेन सूरत से उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो गई।

02:35 AM, 06-May-2020

पुणे में टोकन से मिलेगी शराब

महाराष्ट्र के पुणे में शराब के लिए लेना होगा टोकन, बिना टोकन के नहीं मिलेगी शराब।

02:33 AM, 06-May-2020

तेलंगाना में बिना मास्क के शराब नहीं मिलेगी

तेलंगाना में कंटेनमेंट की 15 दुकानों को छोड़कर 2200 शराब की दुकानें खुलेंगी। यहां शराब की दामों में 16 प्रतिशत की वृद्धि होगी। जो लोग समाजिक दूरी का पालन नहीं करेंगे, उनके नुकसान उठाना होगा। तेलंगाना के सीएम ने कहा, 'मास्क नहीं तो शराब नहीं, मास्क नहीं तो सामान नहीं'।

12:29 AM, 06-May-2020

कोलकाता में ट्रैफिक पुलिस का एक सार्जेंट संक्रमित

जोरबगान ट्रैफिक गार्ड के सार्जेंट में कोरोना के संक्रमण की पुष्टि हुई है, इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रैफिक विभाग उन अधिकारियों का पता लगाने की कोशिश कर रहा है जो उनके संपर्क में थे: कोलकाता ट्रैफिक अधिकारी

12:23 AM, 06-May-2020

बीएसएफ की 138वीं बटालियन के 13 लोग संक्रमित

बीएसएफ, अंबासा की 138 वीं बटालियन के 13 व्यक्तियों को आज कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, जिसमें 1 मेस वर्कर भी शामिल है। त्रिपुरा में कुल 42 संक्रमित हैं, इनमें 2 पहले ही डिस्चार्ज हो चुके हैं, इसलिए सक्रिय केस अब 40 ही हैं: त्रिपुरा के सीएम बिप्लब कुमार देब

12:04 AM, 06-May-2020

भारत में कोरोना: देशभर में संक्रमितों की संख्या 52345 हुई, अब तक 1702 लोगों की मौत

असम के कोकराझार जिले में एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, संक्रमित व्यक्ति ने बंगाल के कूच बिहार में सफर किया था। अब राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 44 हो गई है।


यहां पढ़ें 05 मई (मंगलवार) के सभी अपडेट्स

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें