फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in India Live Updates: इंदौर में 100 हुई मृतकों की संख्या, बिहार में 33 नए संक्रमित मिले

Sun, 17 May 2020 12:07 AM IST
Rajeev Rai न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3970 नए मामले सामने आए हैं और 103 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 85,940 हो गई है, जिनमें 53,035 सक्रिय हैं, 30,153 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 2752 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, आज आंध्र प्रदेश में 48, बिहार में 46, ओडिशा में 65 और राजस्थान में 86 नए मामले दर्ज किए गए हैं। यहां पढ़ें देश में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट्स...
विज्ञापन
भारत में कोरोना - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:05 AM, 17-May-2020

इंदौर में 100 हुई मृतकों की संख्या

एमपी के इंदौर में शनिवार को 92 नए संक्रमित मिले, इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 2470 हो गई है। वहीं एक और मौत के साथ मृतकों की कुल संख्या 100 हो गई है।

12:03 AM, 17-May-2020

बिहार में 33 नए मामले

बिहार में 33 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है, जिसके साथ राज्य में कुल मामले बढ़कर 1178 हो गए हैं।

11:16 PM, 16-May-2020

ओडिशा में वैट बढ़ने से 17 मई से पेट्रोल और डीजल महंगा

ओडिशा में वैट बढ़ने से 17 मई से पेट्रोल की कीमत में 3.11 रुपये का इजाफा हो जाएगा, जबकि डीजल के दाम में 1.03 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि होगी।

विज्ञापन
09:46 PM, 16-May-2020

रेल मंत्री ने झूठ बोला है कि हमने केवल 10 ट्रेनों की मांग की थी- भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, रेल मंत्री ने झूठ बोला है कि हमने केवल 10 ट्रेनों की मांग की थी। हमने 30 ट्रेनों की मांग की थी, जिनमें से नौ छत्तीसगढ़ पहुंच चुकी है।

राजस्थान में आज 213 नए मामले, एक की मौत
राजस्थान में आज कोरोना के 213 नए मामले सामने आए और एक की मौत हो गई। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 4960 हो गई है। 1890 सक्रिय मामले हैं, जबकि मौत का आंकड़ा 126 हो गया हैः राज्य स्वास्थ्य विभाग 

उत्तराखंड में संक्रमितों की संख्या 91 हुई
उत्तराखंड में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 91 हुईः राज्य स्वास्थ्य विभाग

ओडिशा में पिछले 24 घंटे में 65 नए मामले सामने आए
ओडिशा में पिछले 24 घंटे में 65 नए मामले सामने आए। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 737 हो गई, जिनमें 538 सक्रिय मामले हैं और 196 ठीक हो चुके हैं, जबकि तीन की मौत हो गई हैः सूचना और जनसंपर्क विभाग, ओडिशा सरकार

पश्चिमी रेलवे ने दो से 16 मई तक 463 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाईं
पश्चिमी रेलवे ने दो से 16 मई तक 463 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाईं और 6,40,000 लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया।

कर्नाटकः कलबुर्गी में 31 मई तक धारा 144 लगी रहेगी
कर्नाटकः कलबुर्गी में 31 मई तक धारा 144 लगी रहेगी। लोगों के आवागमन को नियंत्रित करने के लिए यह फैसला किया गया है।

09:29 PM, 16-May-2020

पुणे में आज कोरोना से 11 लोगों की मौत

पुणे में आज कोरोना के कारण 11 लोगों की मौत हो गई। शहर में इस महामारी से मरने वालों की संख्या 197 पहुंच गई हैः स्वास्थ्य अधिकारी

विज्ञापन
09:20 PM, 16-May-2020

महाराष्ट्र में आज 1606 नए मामले, 67 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में आज 1606 नए मामले सामने आए और 67 लोगों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के कुल मामले 30, 706 हो गए हैं, जबकि मौत का आंकड़ा बढ़कर 1135 हो गया है। आज 524 लोग डिस्चार्ज हो गए हैं। राज्य में अब तक 7088 लोग ठीक हो चुके हैं: स्वास्थ्य विभाग

09:07 PM, 16-May-2020

मणिपुर में 22 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव

मणिपुर में चेन्नै लौटी एक 22 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। राज्य में अभी दो सक्रिय केस हैं। पांच लोग पहले ही ठीक हो चुके हैं।

09:00 PM, 16-May-2020

हरियाणा में आज तक कोरोना के 887 पॉजिटिव मामले

हरियाणा में आज तक 887 पॉजिटिव मामले पाए गए हैं, जिनमें से 514 डिस्चार्ज हो चुके हैं और 13 की मौत हुई हैः राज्य स्वास्थ्य विभाग
 

08:56 PM, 16-May-2020

गुजरात में पिछले 24 घंटे में 348 नए मामले

गुजरात में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 348 नए मामले पाए गए हैं। इसके साथ ही कुल संख्या 10989 हो गई है, जिनमें 4308 मरीज ठीक हो गए। अब तक 625 लोगों की मौत हो चुकी है।

08:39 PM, 16-May-2020

मुंबई में आज कोरोना के 884 नए मामले

मुंबई में आज कोरोना के 884 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही शहर में कुल आंकड़ा 18396 पहुंच गया है। आज 238 मरीज ठीक हुए हैं। अब तक 4806 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। मुंबई में कोरोना के कारण अब तक 696 लोगों की मौत हुई है।

08:37 PM, 16-May-2020

जम्मू कश्मीर में आज 108 नए मामले

जम्मू कश्मीर में आज 108 नए मामले सामने आए। इसी के साथ यहां कुल मामले 1121 हो गए।

08:32 PM, 16-May-2020

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एमपी बोर्ड में कक्षा 10 के छात्रों की बची हुई परीक्षाएं नहीं करवाई जाएंगी। जो परीक्षा हुई हैं उसी के आधार पर मेरिट लिस्ट घोषित की जाएगी। निजी स्कूलों को छात्रों से केवल शिक्षण शुल्क लेने की अनुमति दी गई है। 19 मार्च 2020 लॉक डाउन शुरू होने की तिथि से लेकर लॉकडाउन समाप्त होने तक की अवधि तक कोई भी निजी विद्यालय विद्यार्थियों से केवल ट्यूशन फीस ले सकेगा। इसके अतिरिक्त कोई भी अन्य फीस नहीं ली जाएगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वी की परीक्षा के जो पेपर शेष रह गए है उनकी परीक्षा 8 जून से 16 जून के बीच होगी।

08:28 PM, 16-May-2020

रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सरकार श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाने को तैयार है। जिला प्रशासन मजदूरों की लिस्ट बनाए और नोडल ऑफिसर के माध्यम से मंत्रालय को जानकारी दे।
 

08:23 PM, 16-May-2020

गृह मंत्रालय ने राज्यों से कहा- NMIS पर प्रवासी मजदूरों का डेटा करें अपलोड

गृह मंत्रालय ने राज्यों से NMIS पर प्रवासी मजदूरों का डेटा अपलोड करने को कहा है, जिससे उनके आवागमन का ध्यान रखा जाए और सुविधाएं दी जा सकें।

08:16 PM, 16-May-2020

पंजाब में 31 मई तक जारी रहेगा लॉकडाउन

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एलान किया है कि राज्य में 31 मई तक लॉकडाउन जारी रहेगा। 18 मई से पब्लिक ट्रांसपोर्ट को छूट दी जाएगी और कंटेनमेंट जोन के बाहर अन्य गतिविधियों को भी अनुमति दी जाएगी।

07:59 PM, 16-May-2020

राहुल गांधी के प्रवासी मजदूरों के मिलने पर केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने कहा, उन्हें 50 दिन के बाद याद आया। वह तो केवल फोटो खिंचाने के लिए मिले। हमारी सरकार उनके लिए स्पेशल ट्रेनें चला रही है। खाने-पीने की व्यवस्था कर रही है। उनके खाते में धनराशि भेजी जा रही है।

07:48 PM, 16-May-2020

झारखंड पुलिस की जगुआर इकाई के पुलिसकर्मियों ने राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स), रांची में 86 यूनिट रक्त दान किया।
 

07:40 PM, 16-May-2020

झारखंड में संक्रमितों की संख्या 217 हुई

गढ़वा और रांची के दो व्यक्तियों को आज कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 217 हो गई हैः डीके सिंह, निदेशक, रिम्स

07:22 PM, 16-May-2020

पंजाब में आज तक कोरोना के कुल 1946 पॉजिटिव मामले

पंजाब में आज तक कुल 1946 लोगों को पॉजिटिव पाया गया है, जिसमें 1257 मरीज ठीक हुए हैं और 32 मौतें हुईं हैं: सूचना और जनसंपर्क विभाग, पंजाब सरकार

07:14 PM, 16-May-2020

दिल्लीः पैदल घर जा रहे प्रवासी मजदूरों से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बात की। बाद में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें घर भेजने के लिए गाड़ी भी मुहैया करवाई। उनमें से एक मजदूर ने कहा कि हरियाणा से आ रहे हैं और झांसी जाना है। बता दें कि ये सभी मजदूर अपने गृह राज्य लौटने के लिए सुखदेव विहार फ्लाईओवर पर चल रहे थे।

07:11 PM, 16-May-2020

सरकार ने अब सभी तरह के नॉन मेडिकल मास्क (सूती, ऊनी) के निर्यात को मंजूरी दे दी है। अभी एचएस कोड सहित ITCHS कोड के अंडर आने वाले मास्क के निर्यात पर प्रतिबंध जारी रहेगाः वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय

06:54 PM, 16-May-2020

तमिलनाडु में आज कोरोना के 477 नए मामले, तीन की मौत

तमिलनाडु में आज कोरोना के 477 नए मामले दर्ज किए गए और तीन लोगों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 10,585 हो गई और मौत का आंकड़ा 74 हो गया है। तमिलनाडु में सक्रिय मामलों की संख्या 6970 हैः तमिलनाडु स्वास्थ्य विभाग

06:48 PM, 16-May-2020

हैदराबादः मदन्नापेट में 25 लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया

हैदराबाद के पुराने शहर के मदन्नापेट क्षेत्र में एक आवासीय अपार्टमेंट के 25 लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। सभी को अस्पताल में शिफ्ट किया गया है और उनके संपर्कों का पता लगाया जा रहा है।

06:41 PM, 16-May-2020

बिहार में 39 और लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया

बिहार में 39 और लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसी के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 1145 हो गई हैः प्रमुख स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार

केरल में अब 87 सक्रिय मामले
केरल में आज 11 नए मामले दर्ज किए गए, जिनमें त्रिशूर से चार, कोझीकोड से तीन, पलक्कड़ और मलप्पुरम जिलों से दो-दो मामले सामने आए हैं। राज्य में अब 87 सक्रिय मामले हैं: केरल के स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा 

06:22 PM, 16-May-2020

मुंबई के धारावी में आज 53 नए मामले

दादर, माहिम और धारावी में आज मौत का कोई मामला सामने नहीं आया है। मुंबई के धारावी में आज 53 नए मामले रिपोर्ट किए गए। इसके साथ ही यहां संक्रमितों की कुल संख्या 1198 हो गई हैः बृहन्मुंबई नगर निगम
 

06:19 PM, 16-May-2020

राहुल गांधी ने की प्रवासी मजदूरों से बातचीत

दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज उन प्रवासी मजदूरों से बातचीत की जो अपने गृह राज्य लौटने के लिए सुखदेव विहार फ्लाईओवर पर चल रहे थे।
 

06:05 PM, 16-May-2020

कर्नाटक में आज 36 नए मामले दर्ज किए गए

कर्नाटक में आज 36 नए मामले दर्ज किए गए। राज्य में कुल मामले 1092 हो गए हैं, जिनमें 496 डिस्चार्ज हो चुके हैं और 36 की मौत हुई है: स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग, कर्नाटक सरकार

05:46 PM, 16-May-2020

हिमाचल प्रदेश में कोरोना के 35 सक्रिय मामले

हिमाचल प्रदेश में कोरोना के 35 सक्रिय मामले हैं। अब तक 35 लोग ठीक हुए हैं और तीन लोगों की मौत हुई हैः राज्य स्वास्थ्य विभाग

05:43 PM, 16-May-2020

पश्चिम बंगाल सरकार ने 105 स्पेशल ट्रेनों को दी मंजूरी

पश्चिम बंगाल सरकार ने 16 राज्यों से प्रवासी श्रमिकों और अन्य लोगों को वापस लाने के लिए 105 स्पेशल ट्रेनों को मंजूरी दी है। इस संबंध में रेलवे बोर्ड को सूचित कर दिया गया है। राज्य सरकार इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले लोगों का यात्रा खर्च वहन करेगी: गृह सचिव अलपन बंद्योपाध्याय

05:43 PM, 16-May-2020

भुवनेश्वर: ओडिशा के मुख्य सचिव असित त्रिपाठी, विकास आयुक्त, विशेष राहत आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से चक्रवात अम्फान पर केंद्रीय कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक में भाग लिया।

05:39 PM, 16-May-2020

चंडीगढ़ में आज कोरोना का कोई नया मामला नहीं

चंडीगढ़ में आज कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 191 है, जिनमें से 137 सक्रिय मामले हैं। कोरोना के कारण अब तक यहां मरने वालों की संख्या तीन है। 51 मरीज ठीक हो गए हैं: चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग

05:36 PM, 16-May-2020

पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटे में 115 नए मामले, सात की मौत

पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटे में 115 नए मामले सामने आए और सात लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 2576 पहुंच गई है, जिनमें से 892 ठीक हो चुके हैं। राज्य में मौत का आंकड़ा 160 हो गया हैः राज्य के गृह सचिव अलपन बंद्योपाध्याय

05:15 PM, 16-May-2020

कल सुबह 11 बजे होगी वित्त मंत्रालय की प्रेसवार्ता

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज की पांचवीं और आखिरी किस्त का एलान कल सुबह 11 बजे करेंगी।
 

05:05 PM, 16-May-2020

नागालैंड में कोरोना का एक भी मामला नहीं लेकिन स्वास्थ्य संबंधी ढांचे का अभाव

नागालैंड में कोरोना वायरस संक्रमण का एक भी मामला नहीं है लेकिन उसके पास किसी तरह के प्रकोप से निपटने के लिए पर्याप्त स्वास्थ्य संबंधी ढांचे का का अभाव है। यह बात अधिकारियों के लिए चिंता का विषय है, जो मानते हैं कि प्रार्थनाओं ने राज्य को इस घातक वायरस से दूर रखा हुआ है।

करीब 20 लाख की आबादी वाले इस पूर्वोत्तर राज्य में एक भी मेडिकल कॉलेज नहीं है। उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद कोहिमा में कोविड-19 की जांच के लिए एकमात्र प्रयोगशाला स्थापित की गई है लेकिन उचित प्रांगण नहीं मिलने के चलते यह काम करना अब तक नहीं शुरू कर पाया है।

मुख्य सचिव तेमजेन तॉय ने बताया कि यह भगवान का करिश्मा है, जिसने नगालैंड को अब तक कोविड-19 से सुरक्षित रखा हुआ है। उन्होंने कहा कि अन्य कारण संदिग्ध मामलों से निपट रहे स्वास्थ्य कर्मियों की कड़ी मेहनत है।

वर्तमान में, नगालैंड नमूनों को जांच के लिए मणिपुर और असम भेजता है और शुक्रवार तक 910 नमूने भेजे गए थे। इनमें से 889 नमूनों में संक्रमण नहीं मिला है जबकि 21 रिपोर्टों की प्रतीक्षा की जा रही है। तॉय ने कहा कि हमारी जांच दर कम है लेकिन लैब स्थापित होने के बाद, जांच दर बढ़ जाएगी और राज्य की साफ-साफ तस्वीर सामने आ पाएगी।

05:01 PM, 16-May-2020

केंद्र ने जम्मू से 10 सीएपीएफ कंपनियों को वापस लेने का दिया आदेश

केंद्र ने जम्मू से 10 सीएपीएफ कंपनियों को वापस लेने का आदेश दिया, नौ को महाराष्ट्र भेजा गया। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने दी।

04:25 PM, 16-May-2020

कोयला, खनिज, रक्षा उत्पादन आदि पर बड़े एलान

औद्योगिक आधारभूत ढांचों का अपग्रेडेशन, कोयला, खनिज, रक्षा उत्पादन, एयरस्पेस मैनजमेंट, एयरपोर्ट्स, एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल), केंद्रशासित प्रदेशों में बिजली वितरण कंपनियां, अंतरिक्ष क्षेत्र और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सुधारों का एलान होगा।
  • कोयला क्षेत्र में कमर्शियल माइनिंग होगी और सरकार का एकाधिकार खत्म होगा
  • कोयला क्षेत्र में 50 नए ब्लॉक की नीलामी की योजना
  • कोयला क्षेत्र के लिए 50 हजार करोड़ का फंड
  • सही कीमत पर ज्यादा कोयला मुहैया होगा
  • 500 माइनिंग ब्लॉक की नीलामी होगी
  • खनीज सेक्टर में विकास की नीति
  • माइनिंग लीज का ट्रांसफर हो सकेगा
  • हथियारों का उत्पादन देश में होगा
  • कुछ हथियारों के आयात पर बेन लगेगा
  • आयात न किए जाने वाले उत्पादों की लिस्ट बनेगी
  • सेना को आधुनिक हथियारों की जरूरत
  • रक्षा क्षेत्र में मेक इन इंडिया पर जोर दिया जाएगा
  • डिफेंस में FDI बढ़ाने का बड़ा फैसला
  • रक्षा उत्पदान में अलग बजट का प्रावधान होगा
  • रक्षा उत्पदान में FDI सीमा 49 फीसदी से बढा़कर 74 फीसदी की गई
  • ऑर्डिनेंस फैक्ट्री बोर्ड का निगमीकरण होगा
  • छह एयरपोर्ट की नीलामी की जाएगी
  • अभी 60 फीसदी एयरस्पेस खुला है
  • पीपीपी मॉडल से एयरपोर्ट का विकास
  • छह एयरपोर्ट के विकास की योजना
  • एयरस्पेस बढ़ाने से आमदनी बढ़ेगी
  • एयरस्पेस बढ़ाने से एक हजार करोड़ बचेंगे
  • एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने छह में से तीन एयरपोर्ट का अनुबंध प्राप्त किया है
  • 12 हवाई अड्डों में पहले-दूसरे चरण में 13 हजार करोड़ रुपये का निवेश आएगा
  • सोशल इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए 8100 करोड़ रुपये का एलान किया गया
  • बिजली क्षेत्र में सब्सिडी डीबीटी के जरिए दी जाएगी
  • अंतरिक्ष के क्षेत्र में प्राइवेट कंपनियों को मौका दिया जाएगा
  • इसरो की सुविधाओें का प्रयोग भी निजी कंपनियां कर पाएंगी



 

04:13 PM, 16-May-2020

आर्थिक पैकेज पर चौथी प्रेस कॉन्फ्रेंस में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने क्या-क्या कहाः-

  • प्रधानमंत्री मोदी का सुधारों को लेकर बेहतरीन रिकॉर्ड
  • हमें कॉम्पिटिशन के लिए तैयार रहना है
  • कई सेक्टर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं
  • डीबीटी, जीएसटी जैसे सुधार देश के लिए अहम
  • बैंक सुधार का फैसला देश के हित में लिया गया
  • प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत का एलान किया है
  • हमारा फोकस बुनियादी सुधारों पर
  • हमें अपने उत्पादों को विश्वसनीय बनाना होगा 
  • भारत निवेश के लिए पहली पसंद
  • निवेश और रोजगार भी बढ़ाने हैं
  • कई सेक्टरों की मजबूती के लिए नीतिगत बदलाव चाहिए
  • सरकार का फोकस ईज ऑफ डुइंग बिजनेस पर
  • मेक इन इंडिया भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए
  • निवेश को बढ़ाने के लिए सचिव समूह बनाया जाएगा
  • विदेशी निवेश के लिए भारत में अच्छे अवसर
  • रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म पर सरकार का जोर

03:58 PM, 16-May-2020

किसी भी प्रवासी मजदूरों से शुल्क नहीं लिया जाएगा: ममता बनर्जी 

मैं प्रवासी मजदूरों के जज्बे को सलाम करती हूं। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अन्य राज्यों से श्रमिक स्पेशल ट्रेनों द्वारा पश्चिम बंगाल तक आने वाले सभी प्रवासी मजदूरों का खर्च पश्चिम बंगाल सरकार वहन करेगी। किसी भी प्रवासी मजदूरों से शुल्क नहीं लिया जाएगा: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 


03:50 PM, 16-May-2020

हिमाचल में 36 साल के एक शख्स को हुआ कोरोना, संक्रमितों की संख्या 77 हुई

हिमाचल प्रदेश में 36 साल के एक शख्स को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों की कुल संख्या 77 हो गई हैः निपुण जिंदल, विशेष सचिव (स्वास्थ्य)

03:44 PM, 16-May-2020

सरकारी महकमे को आदेश दिए हैं कि राज्य में कोई भी मजदूर पैदल नहीं चलना चाहिए- हेमंत सोरेन

सड़क दुर्घटना में प्रवासी मजदूरों की मृत्यु पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमें सूचना मिली है, हम इस विषय पर बात कर रहे हैं कि उनके लिए आगे क्या किया जा सकता है। यह पहली घटना नहीं है। पहले भी ऐसी घटना हो चुकी हैं। किसी भी राज्य के पैदल चल रहे लोगों की मृत्यु होती है तो यह बहुत दुखद है। हमने कल ही अपने सरकारी महकमे को आदेश दिए हैं कि राज्य में कोई भी मजदूर पैदल नहीं चलना चाहिए, अगर कोई पैदल चलता मिलता है तो उनको गाड़ी उपलब्ध कराकर एक सुरक्षित स्थान पर रखकर, उनको खाना खिलाकर, उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाए।

03:37 PM, 16-May-2020

उत्तराखंड में संक्रमितों की संख्या 88 हुई

उत्तराखंड में कोरोना के छह नए मामले दर्ज किए गए हैं। राज्य में संक्रमितों की संख्या 88 हो गई है, जिनमें से 51 ठीक हो चुके हैं। सक्रिय मामलों की संख्या 36 है: उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग

03:24 PM, 16-May-2020

पिछले 24 घंटे में बीएसएफ के 16 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की ओर से बताया गया है कि पिछले 24 घंटों में कोरोना पॉजिटिव के 16 नए  मामले दर्ज किए गए हैं। इन सभी लोगों का कोविड-19 हेल्थकेयर अस्पतालों में उपचार चल रहा है। इनमें से अधिकांश ऐसे लोग है जिनमें कोरोना के लक्षण नहीं पाए गए थे।

बीएसएफ में पहले पाए गए 98 पॉजिटिव मरीजों (जोधपुर -42, त्रिपुरा -31, दिल्ली -25) की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद शुक्रवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अब तक बीएसएफ के 135 जवान कोरोना से ठीक हो चुके हैं।

03:10 PM, 16-May-2020

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ बैठक की

पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने पूर्वोत्तर राज्यों में कोरोना वायरस की स्थिति को लेकर आज वीडिया कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कोरोना से निपटने में पूर्वोत्तर ने भारत के अधिकांश क्षेत्रों से बेहतर प्रदर्शन किया है।

03:06 PM, 16-May-2020

15 मई तक रेलवे ने 14 लाख प्रवासियों को उनके घर पहुंचाया

रेल मंत्रालय ने बताया कि 15 मई की मध्यरात्रि तक 14 लाख से अधिक दूसरे राज्यों में फंसे हुए लोगों को उनके गृह राज्यों में वापस भेज दिया गया है। भारतीय रेलवे ने देश भर में 1074 श्रमिक विशेष ट्रेनों का संचालन किया है। पिछले तीन दिनों के दौरान, प्रति दिन दो लाख से अधिक व्यक्तियों को उनके गृह राज्यो में पहुंचाया गया है।
 

02:59 PM, 16-May-2020

राजस्थान में 86 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 4924 हुई

राजस्थान स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में आज दोपहर दो बजे तक कोरोना पॉजिटव के 86 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 4924 हो गई है। जिसमें से 2014 सक्रिय हैं, 2480 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 125 लोगों की मौत हो गई है।

02:49 PM, 16-May-2020
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप - फोटो : फाइल फोटो

पीएम मोदी ने ट्रंप का किया धन्यवाद

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत में वेंटिलेटर्स भेजने की घोषणा का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वागत किया और इसके लिए उन्हें धन्यवाद दिया। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि यह महामारी सामूहिक रूप से हम सभी द्वारा लड़ी जा रही है। ऐसे समय में, विश्व को स्वस्थ और कोरोना से मुक्त बनाने के लिए जितना संभव हो राष्ट्रों को एक साथ काम करना बहुत महत्वपूर्ण है। इससे भारत और अमेरिका की दोस्ती और मजबूत होगी।
 
 

02:38 PM, 16-May-2020

मुंबई में एक एएसआई की कोरोना संक्रमण से मौत

मुंबई पुलिस के एक सहायक पुलिस निरीक्षक की कोविड-19 संक्रमण के कारण शनिवार को यहां एक सरकारी अस्पताल में मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।अधिकारी ने बताया कि धारावी में शाहू नगर पुलिस थाने में तैनात 33 वर्षीय अधिकारी को सुबह उनके घर में बेहोश पाया गया और उन्हें सायन स्थित लोकमान्य तिलक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सायन के प्रतीक्षा नगर में रहने वाले यह अधिकारी छुट्टी पर थे। वह सर्दी और बुखार से पीड़ित थे।

अधिकारी ने बताया कि मरीज की बुधवार को जांच की गई थी और उनकी रिपोर्ट शनिवार को आई, जिसमें उन्हें संक्रमित पाया गया। मुंबई पुलिस बल में कोविड-19 से यह आठवीं मौत है।

02:36 PM, 16-May-2020

मानसून में कोरोना वायरस के अलावा अन्य बीमारियों से निपटने के लिए तैयार रहें- संजय ओक

कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण पैदा हुए हालात को काबू करने में महाराष्टू सरकार की मदद के लिए बनाए गए कार्य बल ने प्रशासन से कहा है कि वह आगामी मानसून में कोरोना वायरस के अलावा अन्य बीमारियों से निपटने के लिए तैयार रहें। कार्य बल के अध्यक्ष संजय ओक ने कहा कि उन्होंने सरकार से बारिश के मौसम में मलेरिया एवं डेंगू से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।

02:30 PM, 16-May-2020

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में नाइयों पर लगेगा जुर्माना

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के जिला सैलून एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अशोक कुमार सेन ने बताया कि आज एक बैठक में, उन नाइयों पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया है, जो राजनांदगांव में ग्राहकों के घर पर जाकर सेवा देते हुए पकड़े जाएंगे। साथ ही इन्हें भी प्रतिबंधित किया जाएगा।

02:18 PM, 16-May-2020

दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 438 नए मामले, छह की मौत

दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना पॉजिटिव के 438 नए मामले दर्ज किए गए हैं और छह लोगों की मौत हुई है। इसके बाद दिल्ली में संक्रमितों की कुल संख्या 9333 हो गई है। जिसमें से 5278 सक्रिय मामले हैं।

02:16 PM, 16-May-2020

उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के साथ केंद्रीय मंत्री ने की बात

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की।

01:49 PM, 16-May-2020

असम में दो नए मामले, संक्रमितों की संख्या 91 हुई

असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि गुवाहाटी में कोरोना पॉजिटिव के दो नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद असम में संक्रमितों की कुल संख्या 91 हो गई है। जिसमें 46 सक्रिय मामले हैं, 41 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और दो लोगों की मौत हो गई है।

01:44 PM, 16-May-2020

पूर्वोत्तर राज्यों के स्वास्थ्य कर्मचारियों को अपने गृह राज्य लौटने से पश्चिम बंगाल में समस्या

पश्चिम बंगालके एएमआरआई अस्पताल के सीईओ रूपक बरुआ ने बताया कि पूर्वोत्तर सरकार ने विशेष रूप से मणिपुर और त्रिपुरा ने विभिन्न राज्यों में काम कर रहे अपने स्वास्थ्य कर्मचारियों से कहा है कि वे अपने गृह राज्यों में लौट आएं। यह हमारे लिए एक बड़ी समस्या है क्योंकि हम उन पर काफी निर्भर हैं।.

01:32 PM, 16-May-2020

बॉम्बे हाईकोर्ट ने बीएमसी से प्रसूति गृहों, क्लीनिकों पर जानकारी मांगी

बॉम्बे हाईकोर्ट ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को यहां उन प्रसूति गृहों और क्लीनिकों की जानकारी वाला हलफनामा दाखिल करने को कहा है जहां कोविड-19 महामारी के बीच डॉक्टर गर्भवती महिलाओं को देख रहे हैं। मुख्य न्यायाधीश दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति अमजद सैयद की खंडपीठ ने शुक्रवार को मुहीउद्दीन वैद की याचिका पर सुनवाई की जिसमें सरकारी जेजे अस्पताल की एक घटना पर चिंता जताई गई थी। याचिका में दावा किया गया कि जेजे अस्पताल में एक गर्भवती महिला को भर्ती करने से इनकार कर दिया गया क्योंकि उसके पास कोविड-19 का संक्रमण नहीं होने की बात प्रमाणित करने वाली रिपोर्ट नहीं थी।

01:25 PM, 16-May-2020

मंगलूरू में फंसे हैं झारखंड के 2000 प्रवासी मजदूर

कर्नाटक के मंगलूरू में झारखंड के करीब 2,000 प्रवासी मजदूर पिछले चार दिनों से टाउन हॉल में अपने राज्य वापस भेजने की मांग कर रहे हैं। प्रवासी मजदूर आरोप लगा रहे हैं कि उत्तर प्रदेश और बिहार वालों को ट्रेन मिल रही है, लेकिन हमें ट्रेन नहीं मिल रही है।

01:16 PM, 16-May-2020

मध्यप्रदेश के नौ जिले कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल के निदेशक प्रोफेसर सरमन सिंह ने शनिवार को बताया कि कोविड-19 के इलाज में माइकोबैक्टीरियम डब्ल्यू (एमडब्ल्यू) दवा का पिछले कुछ दिनों से एम्स भोपाल में क्लिनिकल ट्रायल चल रहा है और इसके अच्छे परिणाम आए हैं।

वहीं, मध्यप्रदेश सरकार ने नौ जिलों के कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त होने की घोषणा की है। इन नौ जिलों में पहले कोरोना वायरस के मामले पाए गए थे।

01:07 PM, 16-May-2020

गुजरात में कोरोना लॉकडाउन के दौरान फर्जी पास जारी

गुजरात में कोरोना लॉकडाउन के दौरान फर्जी पास जारी करने का मामला सामने आया है। राजकोट जिले के एसीपी जेएच सरवैया ने बताया कि विश्वसनीय जानकारी के आधार पर, हमने ऐसे लोगों की तलाश शुरू की जो फर्जी पास जारी कर रहे हैं। इसके बाद, हमने 17 लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से नकली पास बरामद किए हैं। वे एक पास के लिए 300 रुपये लेते थे।

01:04 PM, 16-May-2020

बिहार में 46 और नए मामले, संक्रमितों की संख्या 1079 हुई

बिहार के प्रधान स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार ने बताया कि राज्य में कोरोना पॉजिटिव के 46 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 1079 हो गई है। 46 नए मामलों में से पटना में पांच, मुंगेर और समस्तीपुर में एक-एक, बांका में 18, शेखपुरा में नौ, औरंगाबाद में दो, कटिहार में तीन और जमुई में सात मामले शामिल हैं।

01:02 PM, 16-May-2020

महाराष्ट्र पुलिस के अब तक 1140 पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित

महाराष्ट्र पुलिस की ओर से बताया गया कि राज्य भर में अब तक कोरोना से 1,140 पुलिसकर्मी संक्रमित हुए हैं। जिनमें 862 सक्रिय मामले हैं, 268 ठीक हो चुके हैं और 10 लोगों की मौत हुई है।

01:00 PM, 16-May-2020

बिहार में संक्रमण के 15 नए मामले, संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1033 हुई

बिहार में एक महिला और नौ नाबालिगों समेत 15 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद राज्य में संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,033 हो गई है।स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि मधेपुरा में सात, सहरसा में तीन, सुपौल एवं किशनगंज में दो-दो और भोजपुर में एक नया मामला सामने आया है।कोरोना वायरस बिहार के सभी 38 जिलों में फैल चुका है।

12:55 PM, 16-May-2020

कर्नाटक में 23 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 1079 हुई

कर्नाटक राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में 15 मई शाम पांच बजे से आज दोपहर 12 बजे तक कोरोना पॉजिटिव के 23 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य में कुल मामलों की संख्या 1079 हो गई है। जिनमें से 548 सक्रिय हैं, 494 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 36 लोगों की मौत हो गई है।

12:52 PM, 16-May-2020

सीआईएसएफ के तीन और जवान कोरोना पॉजिटिव, संक्रमितों की संख्या 118 हुई

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की ओर से बताया गया कि पिछले 24 घंटे में कोरोना पॉजिटिव के तीन नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद देशभर में सीआईएसएफ के संक्रमित जवानों की कुल 118 हो गई है।

12:40 PM, 16-May-2020

नागपुर से साइकिल से अपने घर रवाना हुए प्रवासी मजदूर

कोरोना लॉकडाउन के कारण काम की कमी होने पर महाराष्ट्र के नागपुर से प्रवासी मजदूर साइकिल पर अपने-अपने राज्यों की ओर निकल पड़े हैं। बस्ती (उत्तर प्रदेश) के रास्ते में एक मजदूर ने कहा कि हम अपने घरों तक पहुंचना चाहते हैं। हमने ट्रेन के लिए पोर्टल पर आवेदन किया था, लेकिन यह अभी भी प्रतीक्षा में है।

12:30 PM, 16-May-2020

राहुल गांधी बोले- प्रधानमंत्री मजदूरों को पैकेज नहीं सीधे पैसा दें

कोरोना संकट पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मजदूरों को पैकेज नहीं सीधे पैसा दें। उन्होंने कहा कि आज हमारे गरीब लोगों को पैसे की जरूरत है, मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध कर रहा हूं कि उन्हें इस पैकेज पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्हें सीधे बैंक हस्तांतरण, 200 दिनों के लिए मनरेगा और किसानों को पैसा देने पर विचार करना चाहिए, क्योंकि ये लोग हमारा भविष्य हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि मैंने सुना है कि पैसे नहीं देने के पीछे की वजह रेटिंग है। यह कहा जा रहा है कि अगर हम आज अपना घाटा बढ़ाते हैं, तो विदेशी एजेंसियां हमारी रेटिंग को नीचे कर देंगी। लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि हिन्दुस्तान की जो रेटिंग है वो हिन्दुस्तान के लोगों से है। इसलिए सरकार को विदेश के बारे में सोचकर काम नहीं करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अगर यहां लोगों को काम मिलेगा तो देश की रेटिंग अपने आप ठीक हो जाएगी। जब आप लोगों को पैसा देंगे तभी मांग बढ़ेगी। लोगों को आज कर्ज नहीं कैश चाहिए। अगर मांग नहीं हुई तो देश को कोरोना वायरस से भी ज्यादा आर्थिक रूप से नुकसान होगा।

12:05 PM, 16-May-2020

सीबीएसई 10वीं और 12वीं की बची हुई परीक्षा की डेट शीट आज शाम 5 बजे जारी होगी

सीबीएसई बोर्ड के 10वीं और 12वीं की बची हुई परीक्षाओं की डेट शीट आज शाम 5 बजे जारी की जाएगी। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। निशंक ने ट्वीट किया कोरोना संकट के चलते सीबीएसई की बची हुई परीक्षाओं की अनिश्चितता बनी हुई थी, आज यह अनिश्चितता को दूर करते हुए और विद्यार्थियों की उत्सुकता को देखते हुए हम कक्षा 10वीं और 12वीं परीक्षा की डेट शीट शाम पांच बजे जारी कर रहें हैं। मेरे साथ ट्विटर और फेसबुक पर बने रहिए।

 

11:55 AM, 16-May-2020

आंध्र प्रदेश में 48 नए मामले, संक्रमितों की कुल संख्या 2205 हुई

आंध्र प्रदेश कोविड-19 कंट्रोल रूम की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में पिछले 24 घंटे में 48 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 2205 हो गई है। जिसमें से 803 सक्रिय मामले हैं, 1353 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 49 लोगों की मौत हो गई है।

11:53 AM, 16-May-2020

मध्यप्रदेश के बांदा में पांच प्रवासी मजदूरों की मौत

मध्यप्रदेश के सागर जिले के बांदा के पास एक सड़क दुर्घटना में पांच प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। जिस ट्रक से मजदूर सफर कर रहे थे वह रास्ते में पलट गई  ये सभी मजदूर महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश में अपने-अपने घरों को जा रहे थे। एसपी प्रवीण भूरिया ने यह जानकारी दी।

11:51 AM, 16-May-2020

हिमाचल प्रदेश के सीएम ने प्रवासी श्रमिकों को लेकर झारखंड के सीएम को लिखा पत्र

हिमाचल प्रदेश के सीएम जय राम ठाकुर ने प्रवासी श्रमिकों को लेकर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को पत्र लिखा। पत्र में कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश के नोडल अधिकारी द्वारा प्रवासी श्रमिकों के विवरण साझा करने के बावजूद, झारखंड नोडल अधिकारी ने संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं दी है, जिससे प्रक्रिया में देरी हुई है।

11:10 AM, 16-May-2020
tamilnadu - फोटो : ANI

तमिलनाडु में आज से खुलीं शराब की दुकानें

तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में सरकार द्वारा संचालित शराब की दुकान (TASMAC) के बाहर लोगों ने सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए धूप से बचने के लिए अपने सामान को लाइन में लगा रखा है। राज्य सरकार ने चेन्नई, तिरुवल्लूर, मॉल और कंनटेंमेंट जोन को छोड़कर राज्य में आज से शराब की दुकानों को फिर से खोलने की अनुमति दी है।

10:41 AM, 16-May-2020

ओडिशा में 65 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 737 हुई

ओडिशा राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में आज सुबह नौ बजे तक कोरोना पॉजिटिव के 65 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 737 हो गई। जिसमें से 568 सक्रिय मामले हैं, 166 लोग ठीक हो चुके हैं और तीन लोगों की मौत हो गई है।

10:26 AM, 16-May-2020

इंदौर में संक्रमितों की संख्या 2378 पर पहुंची, अब तक 99 मरीजों की मौत

इंदौर में पिछले 24 घंटे के दौरान 79 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 2,299 से बढ़कर 2,378 पर पहुंच गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जडिया ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि कोविड-19 संक्रमित पाए गए 57 वर्षीय एक पुरुष की यहां एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। इसके बाद जिले में इस महामारी की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 99 पर पहुंच गई है।

10:25 AM, 16-May-2020

गोवा में तीन और लोग संक्रमित पाए गए, कुल संख्या 11 हुई

कोलकाता से लौटे वास्को निवासी सात में तीन लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए हैं और इसके साथ ही गोवा में इस घातक वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि कोलकाता के गंगापुर से शुक्रवार को गोवा लौटे सात पुरुषों में से तीन पुरुष कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

10:14 AM, 16-May-2020

भाजपा नेता ने मुंबई के शिवाजी नगर में भारी भीड़ जुटने का किया दावा

महाराष्ट्र के भाजपा नेता किरीट सोमैया ने शुक्रवार शाम आठ बजे मुंबई के शिवाजी नगर गोवंडी रोड नंबर 2 पर भारी भीड़ जुटने का दावा करते हुए अपने ट्विटर पेज पर एक वीडियो साझा किया।

किरीट सोमैया ने कहा कि शिवाजी नगर इलाके में पिछले 15 दिनों में करीब 1000 कोरोना के मामले सामने आए हैं, फिर भी इतनी भारी भीड़ है। महाराष्ट्र सरकार ने केंद्रीय सशस्त्र बलों की 20 कंपनियां बुलाए हैं, वे उनका उपयोग क्यों नहीं कर रहे हैं? मैं शिवाजी नगर जैसे क्षेत्रों में तत्काल सेना की तैनाती की मांग करता हूं।

10:02 AM, 16-May-2020

उत्तर प्रदेश में कोरोना की वजह से एनपीआर का काम स्थगित

कोरोना महामारी के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) 2021 के लिए काम स्थगित कर दिया गया है।

09:55 AM, 16-May-2020

अमेरिका से 121 भारतीय हैदराबाद पहुंचे

वंदे भारत मिशन के तहत एयर इंडिया की विशेष उड़ान से 121 भारतीय यात्री आज तड़के 3.14 बजे अमेरिका के नेवार्क से तेलंगाना के हैदराबाद पहुंचे।

09:49 AM, 16-May-2020

588 भारतीयों को लेकर मालदीव से रवाना हुआ आईएनएस जलाश्व

भारतीय नौसेना के मुताबिक ऑपरेशन समुद्र सेतु के दूसरे चरण के तहत मालदीव से 588 भारतीय नगारिकों को लेकर आईएनएस जलाश्व माले बंदरगाह से रवाना हो गया है।

09:33 AM, 16-May-2020

राजस्थान में 91 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 4838 हुई

राजस्थान स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में आज सुबह नौ बजे तक कोरोना पॉजिटिव के 91 नए मामले दर्ज किए गए हैं। जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 4838 हो गई है। जिसमें से 1941 सक्रिय हैं और 125 लोगों की मौत हो चुकी है।

09:30 AM, 16-May-2020

आज शाम चार बजे वित्त मंत्री करेंगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज शाम चार बजे संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगी। इस दौरान आर्थिक पैकेज के बारे में विवरण देंगी।

09:19 AM, 16-May-2020

देशभर में संक्रमितों की संख्या 85940 हुई

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3970 नए मामले सामने आए हैं और 103 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 85,940 हो गई है, जिनमें 53,035 सक्रिय हैं, 30,153 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 2752 लोगों की मौत हो चुकी है।

09:03 AM, 16-May-2020

सीमा सड़क संगठन ने शुरू किया काम

जम्मू और कश्मीर में सीमा सड़क संगठन (BRO) ने राजौरी-बुद्धल और कंडी रोड पर कोरोना लॉकडाउन के बीच सड़क निर्माण का काम शुरू कर दिया है। इस दौरान लगभग 500 मजदूरों को रोजगार देने का काम शुरू किया गया है।

08:24 AM, 16-May-2020

कर्नाटक में छह जून तक कोर्ट रहेंगे बंद

मुख्य न्यायाधीश के आदेशानुसार कर्नाटक में जिला कोर्ट, फैमिली कोर्ट, लेबर कोर्ट और इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल्स छह जून 2020 तक बंद रहेंगे। पहले आदेश के मुताबिक इन्हें 16 मई तक बंद रखने का आदेश दिया गया था जिसे आगे बढ़ाकर अब छह जून कर दिया गया है।
 

08:05 AM, 16-May-2020

जयपुर की कंपनी ने स्वास्थ्य कर्मियों की मदद के लिए बनाया रोबोट

राजस्थान के जयपुर की एक कंपनी क्लब फर्स्ट ने कोरोना महामारी के बीच स्वास्थ्य कर्मचारियों की मदद के लिए रोबोट विकसित किया है। कंपनी के एमडी भुनेश मिश्रा ने बताया कि रोबोट थर्मल स्क्रीनिंग कर सकता है, यह पहचान भी सकता है कि कोई व्यक्ति मास्क पहन रहा है या नहीं।

उन्होंने बताया कि हमारा उत्पाद 95 फीसदी भारत में निर्मित है। यह दुनिया का पहला रोबोट है जो रीढ़ की तकनीक पर आधारित है। जो रोबोट को कुछ भी संतुलित करने में मदद करता है। रोबोट किसी भी लाइन या चुंबकीय पथ का अनुसरण नहीं करता है, यह खुद को नेविगेट करता है।

07:53 AM, 16-May-2020

दो दिनों के बाद आज खुली गाजीपुर मंडी

दिल्ली की गाजीपुर फल और सब्जी मंडी आज दो दिनों बाद खुली, बड़ी तादाद में लोग मंडी में जाते दिखे। मंडी के सचिव और उप सचिव के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद मंडी को सैनिटाइज करने के लिए पिछले दो दिनों के लिए बंद किया गया था।

07:49 AM, 16-May-2020

झारखंड में चार नए मामले, संक्रमितों की संख्या 215 हुई

झारखंड के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने बताया कि हजारीबाग के तीन और पूर्वी सिंहभूम का एक व्यक्ति शुक्रवार रात कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 215 हो गई है।

07:07 AM, 16-May-2020

औरैया में ट्रक हादसे में 21 मजदूरों की मौत

राजस्थान से लौट रहे मजदूरों की यूपी के औरैया में हुए ट्रक हादसे में मौत हो गई है। ट्रक में सवार 24 मजदूरों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है। औरैया के डीएम अभिषेक सिंह के मुताबिक, हादसा सुबह 3:30 बजे हुआ, इनमें अधिकतर बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के हैं।

06:43 AM, 16-May-2020

हैदराबाद से पैदल बिहार लौट रहे श्रमिक

तेलंगाना: कोरोनो वायरस लॉकडाउन के बीच प्रवासी श्रमिकों का एक समूह हैदराबाद में पैदल अपने घर की तरफ जाता देखा गया। एक श्रमिक के मुताबिक, 'हम तंदूर से आए हैं और हम यूपी और बिहार में अपने घरों की ओर चल रहे हैं। 2 महीने हो गए हैं हमें सरकार से कोई मदद नहीं मिली है।'

06:40 AM, 16-May-2020

गोरखपुर में शुरू हुआ निर्माण कार्य

गोरखपुर: लॉकडाउन के बीच शहीद अशफाकउल्ला खान जूलॉजिकल गार्डन में निर्माण कार्य फिर से शुरू हो गया है। परियोजना प्रबंधक डीबी सिंह कहते हैं, '20 अप्रैल को हमने 95 मजदूरों के साथ निर्माण कार्य शुरू किया था, लेकिन दुकानों और गोदामों के बंद होने की वजह से कच्चे माल की कमी है।

04:06 AM, 16-May-2020

अमृतसर से हावड़ा रवाना हुए श्रमिक

पंजाब: कल अमृतसर से 980 यात्रियों को लेकर हावड़ा के लिए रवाना हुई एक 'श्रमिक स्पेशल ट्रेन'। ट्रेन में चढ़ने से पहले यात्रियों की जांच की गई।
 

01:37 AM, 16-May-2020

किराया मांगने वाले मकान मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज

किरायेदारों से जबरन किराया मांगने वाले दस मकान मालिकों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

01:35 AM, 16-May-2020

लॉकडाउन 4.0 के लिए दिल्ली सरकार के सुझाव

चौथे लॉकडाउन के लिए दिल्ली सरकार ने सुझाव देते हुए कहा है कि निजी दफ्तर 50 फीसदी की क्षमता के साथ खुलें, दुकानों में ऑड/इवन नियम का पालन हो।

01:32 AM, 16-May-2020

असम में अब तक कुल 89 मामले

असम के मंत्री हिमंत विश्व सरमा ने कहा कि कामरूप मेट्रो में तीन व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक व्यक्ति सरसजाइ क्वारंटीन शिविर से है, एक जीएमसीएच का इनडोर रोगी है, और एक पश्चिम बंगाल चला गया है। राज्य में कुल मामले 89 हैं।

01:05 AM, 16-May-2020

बिहार के श्रमिकों के लिए विशेष ट्रेन की मांग

कर्नाटक: बिहार से संबंधित फंसे हुए प्रवासी मजदूरों की आवाजाही के लिए 17 मई को कलबुर्गी के उपायुक्त ने मंडल रेल प्रबंधक, सोलापुर डिवीजन को एक कोरोना स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है।
 

12:31 AM, 16-May-2020

हैदराबाद के चार क्षेत्रों के अलावा तेलंगाना में कोरोना के सक्रिय मामले नहीं

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने घोषणा की है कि हैदराबाद में चार क्षेत्रों को छोड़कर, राज्य में कोरोनोवायरस सक्रिय मामले नहीं हैं: मुख्यमंत्री कार्यालय 
 

12:03 AM, 16-May-2020

भारत में कोरोनाः इंदौर में 100 हुई मृतकों की संख्या, बिहार में 33 नए संक्रमित मिले

ओडिशा: दिल्ली से 670 यात्रियों को लेकर विशेष ट्रेन भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पहुंची। सभी यात्रियों के हाथों पर अमिट स्याही से क्वारंटीन स्टांप लगाया गया।

यहां पढ़ें 15 मई (शुक्रवार) के सभी अपडेट्स

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें