देश में संपूर्ण लॉकडाउन के बीच कोरोना वायरस का कहर बढ़ता ही जा रहा है। आज महाराष्ट्र में 162, गुजरात में 55, राजस्थान में 47, पंजाब में आठ, बिहार में 12, कर्नाटक में 10, झारखंड में चार, मध्यप्रदेश में छह, ओडिशा में दो और छत्तीसगढ़ में एक नए मामले सामने आए हैं। वहीं, झारखंड में कोरोना से आज पहली मौत हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना के 591 नए मामले आए हैं और 20 लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 5865 हो गई है। जिसमें 5218 सक्रिय हैं, 478 लोग स्वस्थ हो गए या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 170 लोगों की मौत हुई है। पढ़िए भारत में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट...
ओडिशा में चार नए संक्रमित मिले हैं, जिसके बाद राज्य में कुल मामले 48 हो गए हैं।इनमें एक की मौत हुई है और दो ठीक हुए हैं।
01:24 AM, 10-Apr-2020
मध्य प्रदेश के इंदौर में 22 नए संक्रमित मिले हैं, जिसके साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 235 हो गई है। वहीं इस वायरस की वजह से यहां अब तक 23 लोगों की मौत हुई है।
01:23 AM, 10-Apr-2020
महाराष्ट्र के पुणे में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई है, इसके साथ ही जिले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। जिले के स्वास्थ्य अधिकारी के मुताबिक पुणे में अब तक 209 संक्रमित मिले हैं।
दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टिट्यूट में भर्ती तीन कैंसर मरीजों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है।
10:57 PM, 09-Apr-2020
बिहार में आज 20 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, जिनमें से 17 व्यक्ति सिवान के एक परिवार के हैं। वे एक कोरोना से संक्रमित व्यक्ति के परिजन हैं, जो ओमान से लौटा था। राज्य में कुल पॉजिटिव मामले 58 हो गए हैं: संजय कुमार, प्रमुख सचिव, स्वास्थ्य (बिहार)
विज्ञापन
10:41 PM, 09-Apr-2020
उत्तराखंड: कोरोना वायरस के मद्देनजर मुख्यमंत्री राहत कोष से राज्य चिकित्सा शिक्षा विभाग को 10 करोड़ रुपये जारी किए गए।
10:40 PM, 09-Apr-2020
कोरोना वायरस के खतरे से लड़ने के लिए पीएम मोदी के आह्वान पर इंटेलिजेंस ब्यूरो के कर्मचारियों ने अपना एक दिन का वेतन (कुल 3.5 करोड़ रुपये) पीएम केयर्स फंड में दान किया है। आईबी निदेशक ने आज केंद्रीय गृह मंत्री, अमित शाह को चेक सौंपा: गृह मंत्रालय कार्यालय
10:30 PM, 09-Apr-2020
केंद्र ने तत्काल प्रभाव से वेंटिलेटर, फेस मास्क, सर्जिकल मास्क, पीपीई, कोरोना परीक्षण किट और इन्हें बनाने के लिए जरूरी इनपुट्स को मूल सीमा शुल्क और हेल्थ सेस में छूट दी है। 30 सितंबर 2020 तक छूट उपलब्धः भारत सरकार
10:18 PM, 09-Apr-2020
उत्तराखंड सरकार ने सरकारी अधिकारियों, सरकारी कर्मचारियों और सभी कोरोना योद्धाओं जो इस महामारी के दौरान अपना कर्तव्य निभाते हुए अपनी जान गंवाते हैं, उनके परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। सभी सरकारी अधिकारी, सरकारी कर्मचारी और कोरोना योद्धा अगर अपने कर्तव्यों को पूरा करते हुए कोरोना वायरस से संक्रमित होते हैं तो उनके उपचार का सारा खर्च राज्य सरकार उठाएगी: उत्तराखंड मुख्यमंत्री कार्यालय
10:04 PM, 09-Apr-2020
आंध्र प्रदेश: मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने आज अमरावती में कोरोना पर राज्य के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। सीएम ने अधिकारियों को आईसीएमआर दिशानिर्देशों के अलावा, वास्तविक समय के आधार पर प्रश्नावली में अधिक विवरण सहित घरों का एक व्यापक सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों को तीसरे सर्वेक्षण में 6,289 रोगसूचक सदस्यों को शामिल करने का निर्देश दिया।
09:52 PM, 09-Apr-2020
मध्य प्रदेश में कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 411 हो गई है। अब तक राज्य में 33 लोगों की मौत हो गई है। सबसे अधिक 221 मामले इंदौर से हैं और भोपाल से 98 मामले सामने आए हैं: स्वास्थ्य विभाग, मध्य प्रदेश
09:40 PM, 09-Apr-2020
कल तक कम से कम 70,000 लोगों को 14 दिनों के क्वारंटीन से रिहा कर दिया जाएगा: हिमंत बिस्वा सरमा, असम मंत्री
09:37 PM, 09-Apr-2020
राजस्थान में आज कोरोना के 80 नए मामले सामने आए
राजस्थान में आज कोरोना के 80 नए मामले सामने आए जिसके बाद राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 463 हो गई।
09:34 PM, 09-Apr-2020
हावड़ा के सरकारी अस्पताल में वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी संक्रमित पाए गए
हावड़ा जिले के सरकारी अस्पताल में कार्यरत एक वरिष्ठ अधिकारी और एक स्वास्थ्यकर्मी गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दोनों संक्रमितों को विशेष तौर पर कोविड-19 मरीजों के इलाज के लिए बनाए गए चार अस्पतालों में से एक दक्षिण कोलकाता के एमआर बांगुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक अधिकारी ने कहा, 'हावड़ा जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एवं उप प्रधानाचार्य कोरोना वायरस के लक्षण दिखाई देने के बाद सोमवार से ही घर में पृथक वास में थे। उनके जांच नमूनों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें एमआर बांगुर अस्पताल ले जाया गया।'
09:34 PM, 09-Apr-2020
तमिलनाडु में 96 नए मामले सामने आए, कुल 834 मामले
तमिलनाडु में कोरोना वायरस के 96 मामले और आए हैं जिनमें से अधिकतर दिल्ली में तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल होकर लौटे लोग हैं। राज्य में संक्रमण के कुल 834 मामले हो गए हैं। राज्य की स्वास्थ्य सचिव बीला राजेश ने बताया कि बुधवार शाम से किसी संक्रमित व्यक्ति की मौत नहीं हुई बल्कि ठीक हो चुके 27 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि आज संक्रमण के 96 मामलों की पुष्टि हुई जिनमें से 84 के संक्रमित होने का स्रोत एक ही है (तब्लीगी जमात)। तीन लोग राज्य में ही किसी अन्य स्थान से लौटे जबकि बाकी के नौ लोगों को संक्रमण एक निजी चिकित्सक समेत अन्य लोगों से हुआ।
09:26 PM, 09-Apr-2020
महाराष्ट्र के पांच जेलों में लॉकडाउन
मैंने पांच केंद्रीय जेलों (यरवदा, आर्थर रोड, बाइकुला, ठाणे और कल्याण) को लॉकडाउन का आदेश जारी किया है। चिकित्सा जांच किए गए जेल कर्मचारी आगे के आदेशों तक खुद को अलग कर लेंगे और बिना बाहर आए जेलों का संचालन करेंगे। यह कदम इसलिए लिया गया है क्योंकि ये पांच जेल राज्य के कोरोना प्रभावित क्षेत्रों में स्थित हैं और यहां कैदियों की संख्या बहुत अधिक है: सुनील रामानंद, एडीजी जेल महाराष्ट्र
09:22 PM, 09-Apr-2020
आंध्र प्रदेश में 15 नए मामले सामने आए
आंध्र प्रदेश के नोडल अधिकारी अरजा श्रीकांत ने जानकारी दी है कि राज्य में कोरोना वायरस के 15 नए मामले सामने आए है। इनमें से 11 प्रकाशम, दो गुंटुर, और एक-एक मामले गोदावरी और कडप्पा में सामने आए है। राज्य में अब तक 363 लोग इस वायरस से संक्रमित है। इनमें से 10 को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और छह लोगों की मौत हो गई है।
09:20 PM, 09-Apr-2020
राज्य सरकार ने राज्य में आपातकालीन चिकित्सा परिवहन सेवाओं के संचालन के लिए ओला कैब को अनुमति दी है। ओला की सेवाएं डायलिसिस, कैंसर, दिल की बीमारी जैसी तत्काल चिकित्सा देखभाल के लिए होंगी। विशाखापत्तनम में पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने का निर्णय लिया गया: आंध्र प्रदेश सरकार
09:07 PM, 09-Apr-2020
पंजाब में अब मास्क पहनना अनिवार्य है। स्वास्थ्य सचिव लोगों को विस्तार में एडवाइजरी जारी कर रहे हैं। जब आप किसी आपातकालीन/जरूरी वस्तु के लिए घर से बाहर निकलते हैं तो मास्क पहनना न भूलें: पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह
09:05 PM, 09-Apr-2020
महाराष्ट्र: डीएचएफएल समूह के वधावन परिवार के सदस्यों को महाबलेश्वर में स्थानीय पुलिस द्वारा इंस्टिट्यूशनल क्वारंटीन में रखा गया है क्योंकि उन्होंने लॉकडाउन का उल्लंघन किया और शहर का दौरा किया। शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया स्थानीय पुलिस स्टेशन में शुरू कर दी गई है।
08:50 PM, 09-Apr-2020
लॉकडाउन के दौरान नकली सामानों की भरमार, एपीडीआई ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र
जासूसी एवं जांच करने वाले पेशेवरों के संघ (एपीडीआई) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कहा है कि कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिए लागू किए गए लॉकडाउन के दौरान बाजार में घटिया और नकली सामान की धड़ल्ले से बिक्री हो रही है। संघ ने कहा कि इन नकली उत्पादों से देश के सामने गंभीर स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।
एपीडीआई के अध्यक्ष विक्रम सिंह ने इस महीने की शुरुआत में मोदी को लिखे पत्र में कहा, 'मैं लॉकडाउन के दौरान बाजारों में आने वाले घटिया और नकली उत्पादों से पैदा होने वाले जोखिमों को आपके संज्ञान में लाने के लिए लिख रहा हूं, जिनसे गंभीर स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी चुनौतियां पैदा हो सकती हैं।'
08:30 PM, 09-Apr-2020
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है किजब तक कोरोना महामारी रहती है तब तक जो लोग कोरोना रोगियों की देखभाल, उपचार या परीक्षण में शामिल होते हैं, उन्हें उनके वेतन की दोगुनी राशि दी जाएगी। मतलब साफ है डॉक्टर और नर्स को डबल सैलरी दी जाएगी।
08:25 PM, 09-Apr-2020
गुजरात में 21 नए कोरोना पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 262 हो गई है। इनमें 26 डिस्चार्ज और 18 मौतें शामिल हैं, जबकि 212 स्थिर और 3 वेंटिलेटर पर हैं। वहीं चार लोगों को निगरानी के लिए क्वारंटीन में रखा गया है: स्वास्थ्य विभाग, गुजरात
08:22 PM, 09-Apr-2020
दिल्ली में आज 51 कोरोना पॉजिटिव केस दर्ज किए गए (जिनमें 35 लोगों ने विदेश की यात्रा की थी, 4 मामले मरकज से जुड़े हैं, 3 मौतें और 5 को छुट्टी दी गई)। राष्ट्रीय राजधानी में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 720 हो गई (12 मौतें और 25 को छुट्टी दे दी गई): दिल्ली सरकार
08:09 PM, 09-Apr-2020
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने 15 जिलों में कोरोना हॉटस्पॉट की सूची जारी की है, जिन्हें सील किया जाएगा।
08:06 PM, 09-Apr-2020
471 कोरोना पॉजिटिव मामले अब तक रिपोर्ट किए गए हैं, इनमें से 388 मरकज से संबंधित हैं। आज 665 सैंपलों का टेस्ट किया गया, जिसमें से केवल 18 पॉजिटिव पाए गए, जो मामलों में कमी को दिखाता है। 25, 26 और 27 मार्च को मरकज से लौटे लोगों का टेस्ट आज भी किया जा रहा है। मुझे लगता है कि मरकज से आए लोगों को मिलाकर 68 लोगों को अंतिम टेस्ट नेगेटिव आने के बाद डिस्चार्ज कर दिया जाएगा: तेलंगाना राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एटाला राजेंद्र
08:04 PM, 09-Apr-2020
महाराष्ट्र में कोरोना के 1346 मामले हैं, जिनमें से 746 मरीज मुंबई में हैं। हम कोरोना वायरस के प्रभावी प्रवर्तन के लिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में राज्य रिजर्व पुलिस बल तैनात करने की योजना बना रहे हैं: राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे
07:59 PM, 09-Apr-2020
पुणे में आज तीन और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई है। जिले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है, जिनमें से 6 की मौत आज हुई है: जिला स्वास्थ्य अधिकारी, महाराष्ट्र
07:58 PM, 09-Apr-2020
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों को राज्य के 15 जिलों के कोरोना हॉटस्पॉट सील करने का निर्देश दिया है: मध्य प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग
07:33 PM, 09-Apr-2020
मध्य प्रदेशः राज्य में कोरोना मामलों की संख्या बढ़कर 397 हो गई है। अब तक 24 लोगों की जानें जा चुकी है। 397 में से सबसे ज्यादा 221 मामले इंदौर के हैं। दूसरे नंबर पर भोपाल है, जहां कोरोना के 98 मामले हैं: राज्य के प्रधान स्वास्थ्य सचिव
07:29 PM, 09-Apr-2020
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि सरकार ने कोरोना रोगियों के इलाज के लिए एलोपैथी और आयुर्वेद को एकीकृत करना शुरू कर दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक राज्य में कोरोना के सात मामले हैं।
07:27 PM, 09-Apr-2020
सांगली में कुल 25 कोरोना से संक्रमित रोगियों में से 14 पूरी तरह से ठीक हो गए हैं और उन्हें छुट्टी दे दी गई है। शेष 11 मरीज स्थिर हैं और ठीक हो रहे हैं: महाराष्ट्र सरकार
07:25 PM, 09-Apr-2020
एक कोरोना पॉजिटिव महिला जिनकी मृत्यु हो गई थी उनके संपर्क में आए चार करीबी लोगों को पुलिस ने टोकवाड़े में रोक दिया। डॉक्टरों ने उन्हें टेस्ट करने की सलाह दी थी लेकिन वे मुंबई से भागने की कोशिश कर रहे थे। चारों को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है: महाराष्ट्र पुलिस
07:11 PM, 09-Apr-2020
मुंबई के धारावी में आज तीन नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। यहां पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 17 हो गई (3 मौतें सहित): बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी)
07:09 PM, 09-Apr-2020
तेलंगाना में आज 18 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या अब 471 हो गई हैं: तेलंगाना राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एटाला राजेंद्र
06:56 PM, 09-Apr-2020
राजस्थान सरकार ने शहरी क्षेत्रों में लोगों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है।
06:54 PM, 09-Apr-2020
हिमाचल प्रदेश में कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 28 है, जिनमें 21 सक्रिय मामले, 2 ठीक, 4 दूसरी जगहों पर माइग्रेट हुए लोग और 1 मौत शामिल है: स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग, हिमाचल प्रदेश
06:53 PM, 09-Apr-2020
मुंबई में आज कोरोना से संक्रमित नौ लोगों की मौत हो गई है। उन सभी में कोमोर्डीडिटीज और उम्र से संबंधित कारण थे। शहर में मरने वालों की संख्या 54 हो गई है। वहीं, शहर में आज 79 और नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। शहर में पॉजिटिव कोरोना वायरस के मामलों की कुल संख्या 775 हो गई है: बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी)
06:46 PM, 09-Apr-2020
हरियाणा सरकार ने राज्य में कोरोना प्रसार के खिलाफ लड़ाई में लगे पुलिस कर्मियों की मृत्यु के मामले में 30 लाख रुपये प्रदान करने का निर्णय लिया है: हरियाणा सरकार
06:44 PM, 09-Apr-2020
केरल के सभी मछुआरों को 2000 रुपये दिए जाएंगे जबकि लॉटरी बेचने वालों और बीड़ी श्रमिकों को वित्तीय सहायता के रूप में 1000 रुपये दिए जाएंगे: केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन
06:27 PM, 09-Apr-2020
आज जिन 96 लोगों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया उनमें से 84 'सिंगल सोर्स' घटना से हैं। राज्य के कुल 834 मामलों में से 763 मामले 'सिंगल सोर्स' घटना से हैं: बीला राजेश, तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव
06:20 PM, 09-Apr-2020
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा है कि राज्य में 12 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। कन्नूर और कासरगोड से चार-चार, मलप्पुरम से दो, कोल्लम और तिरुवनंतपुरम से एक-एक। इनमें से 11 लोग संक्रमितों के संपर्क में थे और एक विदेश से लौटा था। राज्य में कुल पॉजिटिव मामले 357 हो गए हैं। इसके अलावा जो आठ विदेशी पॉजिटिव पाए गए थे, उन सभी का टेस्ट नेगेटिव आया है।
06:14 PM, 09-Apr-2020
आज 12 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। राज्य में कुल सक्रिय मामले 80 हैं। तीन मरीजों को छुट्टी दे दी गई है: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
06:05 PM, 09-Apr-2020
पंजाब में आज 24 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 130 हो गई हैः पंजाब सरकार
05:58 PM, 09-Apr-2020
कोरोना वायरस से मुकाबले के लिए केंद्र ने 15 हजार करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दीः केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय
05:55 PM, 09-Apr-2020
युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी से कोरोना महामारी से उत्पन्न चुनौतियों के बारे में फोन पर बात की। वायरस के प्रसार को नियंत्रित करने के युगांडा के प्रयासों का भारत हर तरह से समर्थन करेगाः पीएम नरेंद्र मोदी
05:42 PM, 09-Apr-2020
पुणे में आज तीन और लोगों की मौत, शहर में मरने वालों की संख्या 21 हुई
पुणे में आज तीन और लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही शहर में मरने वालों की संख्या 21 हो गई है: स्वास्थ्य अधिकारी, पुणे महाराष्ट्र
05:37 PM, 09-Apr-2020
पिछले 24 घंटों में 591 नए मामले और 20 की मौत
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 591 नए मामले सामने आए हैं और 20 लोगों की मौत हो गई है। भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 5865 हो गई है, जिनमें 5218 सक्रिय मामले हैं, 478 ठीक हो गए हैं और 169 लोगों की जानें जा चुकी है।
05:34 PM, 09-Apr-2020
सिवान, नवादा और बेगूसराय से कुछ मामले सामने आए हैं। हम उन सभी जगह पूर्ण लॉकडाउन और कर्फ्यू लगा रहे हैं, जहां से मामले सामने आए हैं। उन इलाकों में कोई भी अपना घर नहीं छोड़ सकता: गुप्तेश्वर पांडे, डीजीपी बिहार
05:31 PM, 09-Apr-2020
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि राज्य में वर्तमान में 21 कोरोना पॉजिटिव मरीज आइसोलेशन वार्ड में हैं। यह दुखद है कि ये सभी मामले तब्लीगी जमात से जुड़े हुए हैं, उनमें से कुछ ऐसे हैं जो दिल्ली में मरकज कार्यक्रम में शामिल हुए थे और अन्य वे हैं जो उनके संपर्क में आए थे।
05:27 PM, 09-Apr-2020
स्पाइसजेट आज चेन्नई-सिंगापुर-चेन्नई रूट पर अपना पहला मालवाहक विमान चला रहा है, जिससे महत्वपूर्ण और कोरोना संबंधित चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति होनी है। स्पाइसजेट का बोइंग 737 मालवाहक विमान आज शाम लगभग 5.30 बजे चेन्नई पहुंचेगा। वहीं, स्पाइसजेट का दूसरा मालवाहक विमान कल (10 अप्रैल) को सिंगापुर से बेंगलुरु के लिए चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति करेगा।
05:23 PM, 09-Apr-2020
कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में 16 और मामले सामने आए हैं। इनमें से 10 मामले अन्य रोगियों के नजदीकी संपर्क और तीन दिल्ली के तब्लीली जमात वाले हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोनो वायरस मामलों की कुल संख्या 197 हो है: कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग
05:18 PM, 09-Apr-2020
भोपालः एम्स के डॉक्टरों के साथ मारपीट के आरोप में पुलिस कांस्टेबल को लाइन अटैच किया गया है: पुलिस उप महानिरीक्षक इरशाद वली
05:06 PM, 09-Apr-2020
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में कोरोना रोगियों की शीघ्र पहचान के लिए रणनीति तैयार करने के बाबत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिल्ली के सरकारी और निजी अस्पतालों के अधीक्षकों व चिकित्सा निदेशकों के साथ बैठक की।
05:03 PM, 09-Apr-2020
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा सिटी में कोरोना के सात मरीज सामने आए। इसी के साथ राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 18 हो गई जिनमें से 9 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं।
04:53 PM, 09-Apr-2020
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने राज्य में 2588 पंचायतों मे सैनिटाइजेशन के लिए 5 करोड़ रुपये की राशि जारी की। यह राशि उन पंचायत समितियों को दी जाएगी, जिनकी वार्षिक आय 2 लाख रुपये से कम है। पंचायत समिति जिनकी आय 2 लाख रुपये से अधिक है, सैनिटाइजेशन पर 20,000 रुपये खर्च कर सकते हैं।
04:52 PM, 09-Apr-2020
जम्मू-कश्मीर में कोरोना के 24 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 184 हो गई है। इनमें से 32 लोग जम्मू के हैं जबकि 152 लोग कश्मीर के हैं: रोहित कंसल, प्रधान सचिव (योजना), जम्मू और कश्मीर
04:44 PM, 09-Apr-2020
मुंबईः धारावी में कोरोना से संकर्मित 70 वर्षीय महिला की मौत
मुंबई के धारावी में कोरोना से संकर्मित एक 70 वर्षीय महिला की मौत हो गईः बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी)
04:28 PM, 09-Apr-2020
पीएम मोदी ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति से की टेलीफोन पर बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। नेताओं ने कोरोना वायरस महामारी की वजह से वैश्विक स्वास्थ्य प्रणालियों के सामने चुनौती, वर्तमान आर्थिक स्थिति और महामारी से निपटने के लिए अपने देशों में उठाए गए कदमों की जानकारी साझा की।
04:25 PM, 09-Apr-2020
1,30,000 सैंपल्स का अब तक टेस्ट किया जा चुका है। इनमें से 5,734 सैंपल अबतक पॉजिटिव पाए गए हैं। पिछले एक-डेढ़ महीनों में पॉजिटिविटी रेट 3-5% के बीच रहा। इसमें ज्यादा बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। कल हमने 13,143 सैंपल्स का टेस्ट किया: भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर)
04:23 PM, 09-Apr-2020
राजस्थानः कोरोना से 76 वर्षीय व्यक्ति की मौत
राजस्थान के जोधपुर में कोरोना संक्रमण की वजह से एक 76 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। राजस्थान में आज कोरोना के 47 नए केस आए हैं।
04:22 PM, 09-Apr-2020
रेलवे ने 2,500 से अधिक डॉक्टरों और 35,000 पैरामेडिकल स्टाफ को तैनात किया है। 586 स्वास्थ्य इकाइयों की उनकी श्रृंखला, 45 सब-डिविजनल अस्पताल, 56 डिविजनल अस्पताल, 8 प्रोडक्शन यूनिट अस्पताल और 16 जोनल अस्पताल कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अपनी महत्वपूर्ण सुविधाओं को समर्पित कर रहे हैं: लव अग्रवाल, संयुक्त सचिव
04:19 PM, 09-Apr-2020
पीपीई, मास्क और वेंटिलेटर की आपूर्ति अब शुरू हो गई है। भारत में 20 घरेलू निर्माताओं को पीपीई के लिए विकसीत किया गया है। 1.7 करोड़ पीपीई के लिए ऑर्डर दिए गए हैं और आपूर्ति शुरू हो गई है। 49,000 वेंटिलेटर का भी ऑर्डर दिया गया है: लव अग्रवाल, संयुक्त सचिव, स्वास्थ्य मंत्रालय
04:17 PM, 09-Apr-2020
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा, अडॉप्ट ए फैमिली कैंपने के तहत करनाल (हरियाणा) में 13000 जरूरतमंद परिवारों को 64 लाख रुपये की मदद दी जा रही है।
04:10 PM, 09-Apr-2020
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा
देश में अभीतक 5734 लोग संक्रमित
24 घंटे में 549 मामले सामने आए हैं
कल से लेकर आज तक 17 की मौत
473 लोगों का अबतक सफल इलाज हुआ
अभीतक कुल 166 लोगों की मौत हुई है
03:56 PM, 09-Apr-2020
पाकिस्तान की नापाक मंशा
सरकार के सूत्रों ने कहा- सार्क (SAARC) सचिवालय को शामिल कराकर पाकिस्तान कोविड-19 से निपटने की भारत की पहल में अड़ंगा लगाना चाहता है। उसकी मंशा सार्क चार्टर प्रावधानों और नियमों का फायदा उठाकर भारत के प्रयासों को रोकने की है।
03:44 PM, 09-Apr-2020
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरोना सरकारी और निजी अस्पतालों के चिकित्सा निदेशकों और चिकित्सा अधीक्षकों के साथ बैठक करेंगे। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन,मुख्य सचिव विजय देव और स्वास्थ्य सचिव भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे।
03:31 PM, 09-Apr-2020
महाराष्ट्र कैबिनेट ने इसी महीने (अप्रैल) से अगले एक साल तक विधायकों की सैलरी में 30 फीसदी की कटौती के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
03:28 PM, 09-Apr-2020
मध्य प्रदेशः एक डॉक्टर और उनकी पत्नी समेत छह लोग कोरोना से संक्रमित
मध्य प्रदेशः होशंगाबाद के इटारसी इलाके में एक डॉक्टर और उनकी पत्नी समेत छह लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मरीजों को क्वारंटीन किया गया है, जबकि उनके संपर्क के लोगों को होम क्वारंटीन किया गया हैः सुधीर जैसानी, मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी, होशंगाबाद
03:19 PM, 09-Apr-2020
राजस्थान में 47 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 430 हुई
राजस्थान स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में आज कोरोना पॉजिटिव के 47 नए मामले आए हैं। जिनमें चार विदेशों से लाए गए, बांसवाड़ा में दो, जयपुर में 11, जैसलमेर में पांच, झुंझनू में सात, जोधपुर में तीन, टोंक में सात, झालावाड़ में सात, बाड़मेर में एक मरीज शामिल हैं। इसी के साथ राज्य में कुल कोरोना पॉजिटिव की संख्या 430 हो गई है।
03:04 PM, 09-Apr-2020
भारत में स्वास्थ्य सेवाओं के राष्ट्रीयकरण के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका
देश में कोरोना वायरस महामारी पर अंकुश लगने तक देश में सारी स्वास्थ्य सुविधाओं और उनसे संबंधित इकाइयों का राष्ट्रीकरण करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है। यह याचिका एक स्थानीय अधिवक्ता अमित द्विवेदी ने दायर की है। याचिका में दावा किया गया है कि भारत में इस महामारी से निपटने के लिए जन स्वास्थ सेवाओं की समुचित व्यवस्था का अभाव है।
याचिका में केन्द्र और सभी राज्य सरकारों को सारी स्वास्थ्य सुविधाओं का राष्ट्रीयकरण करने और सारी स्वास्थ्य सेवाओं, संस्थाओं, कंपनियों और उनसे संबद्ध इकाइयों को महामारी से संबंधित जांच और उपचार मुफ्त में करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।
शीर्ष अदालत ने बुधवार को ही सभी निजी प्रयोगशालाओं को कोविड-19 संक्रमण की जांच नि:शुल्क करने का निर्देश देते हुए टिप्पणी की थी कि राष्ट्रीय संकट की इस घड़ी में उन्हें उदार होने की जरूरत है।
03:00 PM, 09-Apr-2020
पीएम के साथ बैठक के बाद छत्तीसगढ़ में लॉकडाउन पर निर्णय लेंगे: बघेल
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 11 अप्रैल को मुख्यमंत्रियों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद उनकी सरकार भी राज्य में लॉकडाउन को लेकर निर्णय लेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर समय रहते विदेश से आने वालों की जांच कर उन्हें पृथक कर दिया जाता तो आज कोरोना वायरस की स्थिति इतनी भयावह नहीं होती। बघेल ने कहा की छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के 11 मरीज मिले हैं जिनमें से नौ स्वस्थ हो चुके हैं और वो अपने घर जा चुके हैं।
02:24 PM, 09-Apr-2020
दिल्ली हाईकोर्ट ने गर्मी की छुट्टियां रद्द कीं
दिल्ली उच्च न्यायालय ने उच्च न्यायालय और अधीनस्थ न्यायालयों का ग्रीष्मकालीन अवकाश निलंबित कर दिया है। राष्ट्रीय राजधानी के न्यायालय जून के महीने में कार्य करेंगी।
02:19 PM, 09-Apr-2020
खरीफ बुवाई पर रणनीति 16 अप्रैल को होगी तय
केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित करने का निर्णय लिया। आगामी खरीफ सत्र में फसलों की बुवाई के संबंध में कॉन्फ्रेंस 16 अप्रैल को होगी। खरीफ फसलों की बुवाई दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के साथ जून-सितंबर के दौरान होती है।केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने एक बयान में कहा कि खरीफ राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस 16 अप्रैल 2020 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी। तोमर ने बुधवार को हुई बैठक में राज्य सरकारों से कहा कि वे किसानों को मिली छूट के बारे में स्थानीय एजेंसियों को जागरुक करें।
02:01 PM, 09-Apr-2020
डीएसजीएमसी ने दिल्ली सरकार को सौंपा अपना अस्पताल
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि डीएसजीएमसी अपने 50 बिस्तर वाले गुरु हरकिशन अस्पताल और छह मंजिला 500 बेड वाले अस्पताल भवन को गुरुद्वारा बाला साहिब में कोरोना पॉजिटिव या संदिग्ध मरीजों के इलाज या आइसोलेट करने के लिए दिल्ली सरकार को सौंपती है।
01:27 PM, 09-Apr-2020
मुंबई के नियंत्रण क्षेत्र में डोर-टू-डोर डिलीवरी
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने लॉकडाउन के दौरान धारावी के नियंत्रण क्षेत्र में सभी सब्जी/ फलों के बाजारों, फेरीवालों और विक्रेताओं पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। इलाके में सिर्फ दवाई की दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई है। बीएमसी ने पुष्टि की है कि इस क्षेत्र में आज देर रात या कल तक आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति हर घर में (डोर-टू-डोर डिलीवरी) शुरू हो जाएगी।
01:00 PM, 09-Apr-2020
ओडिशा में दो नए मामले
ओडिशा स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आज दो नए मामले सामने आए हैं। ढेंकनाल में 51 वर्षीय महिला और भुवनेश्वर में रह रहे पश्चिम बंगाल निवासी 69 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
12:58 PM, 09-Apr-2020
नोएडा सेक्टर-28 के वरुण विहार अपार्टमेंट को सील किया गया
उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-28 के वरुण विहार अपार्टमेंट को सील कर दिया गया है। अपोलो अस्पताल में काम करने वाले डॉ. नीतिन घोंघे कहते हैं सीलिंग की वजह से हमें बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है क्या ऐसे हम इस संकट का सामना करेंगे?
12:50 PM, 09-Apr-2020
बीएमसी ने 381 इलाकों को घोषित किया नियंत्रण क्षेत्र
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए 381 इलाकों को नियंत्रण क्षेत्र (कंटेनमेंट जोन) घोषित कर दिया है। महाराष्ट्र में अब तक कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 1297 है।
12:46 PM, 09-Apr-2020
कर्नाटक में 10 नए मामले, कुल संख्या 191 हुई
कर्नाटक सरकार के अनुसार राज्य में 10 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसी के साथ अब तक कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 191 हो गई है। जिनमें 28 को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और छह की मौत हो गई है।
12:28 PM, 09-Apr-2020
ओडिशा ने लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाया
ओडिशा ने लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। अभी तक लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा करने वाला ओडिशा पहला राज्य है। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने केंद्र सरकार से 30 अप्रैल तक ट्रेन और हवाई सेवा शुरू ना करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में शैक्षणिक संस्थान 17 जून तक बंद रहेंगे।
12:12 PM, 09-Apr-2020
बिहार में 12 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 51 हुई
बिहार स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि राज्य में आज 12 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें सिवान में एक परिवार के 10 लोग शामिल हैं। इसी के साथ राज्य में अब संक्रमित मामलों की कुल संख्या 51 हो गई है।
12:10 PM, 09-Apr-2020
कोरोना वायरस पर मंत्रियों के समूह की बैठक
दिल्ली में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में कोरोना वायरस पर मंत्रियों के समूह (GoM) की एक उच्च-स्तरीय बैठक जारी है।
12:02 PM, 09-Apr-2020
आरोग्य सेतु आईवीआरएस लॉन्च
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बताया कि आज भारत सरकार और तमिलनाडु के बीच एक बहुत ही अच्छी पहल की शुरुआत हुई है, आरोग्य सेतु आईवीआरएस को लॉन्च किया गया है। जैसे ही आप एक बार मिस कॉल देंगे ये एक्टिवेट हो जाएगा और आपकी लोकेशन की पहचान कर ली जाएगी। इस पर आपको सहायता, स्वास्थ्य देखभाल और मार्गदर्शन के सभी विकल्प उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि आज इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पांस सिस्टम (आईवीआरएस) की पायलट योजना थी, जल्द ही इसे दूसरे राज्यों में भी लागू किया जाएगा। ये नॉन-स्मार्टफोन में भी काम करेगा।
11:52 AM, 09-Apr-2020
इंदौर में एक डॉक्टर की मौत, मृतकों की संख्या 22 हुई
एमजीएम मेडिकल कॉलेज, इंदौर के प्रवक्ता ने बताया कि कोरोना संक्रमित एक डॉक्टर की आज मौत हो गई। इसी के साथ इंदौर में कोरोना मृतकों की संख्या 22 हो गई है। अभी तक इंदौर में कोरोना पॉजिटिम मामलों की कुल संख्या 213 है।
11:29 AM, 09-Apr-2020
महाराष्ट्र में 162 नए मामले
देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में आज कोरोना पॉजिटिव के 162 नए मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 1297 हो गई है।
11:19 AM, 09-Apr-2020
कर्नाटक में महिला की मौत, मृतकों की संख्या छह हुई
कर्नाटक के गडग जिले में कोरोना वायरस से संक्रमित 80 वर्षीय एक महिला की मौत दिल का दौरा पड़ने से हो गई। उन्हें सांस लेने में काफी तकलीफ हो रही थी जिसके बाद जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। कर्नाटक में इस खतरनाक वायरस से अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है। जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार मरीज को कुछ दिन पहले सांस में तकलीफ के साथ अस्पताल में भर्ती किया गया था। छह अप्रैल को उनके कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
11:00 AM, 09-Apr-2020
गुजरात में 55 नए मामले, संक्रमितों की कुल संख्या 241 हुई
गुजरात स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में कोरोना पॉजिटिव के 55 नए मामले दर्ज किए गए हैं। जिनमें 50 मामले अहमदाबाद में, सूरत में दो और दाहोद, आनंद और छोटा उदयपुर में एक-एक मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 241 हो गई है।
10:54 AM, 09-Apr-2020
बीएमसी खरीदेगा एक लाख त्वरित परीक्षण किट
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) दक्षिण कोरिया से एक लाख त्वरित परीक्षण किट खरीदेगा। बीएमसी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
10:41 AM, 09-Apr-2020
पीएम मोदी ने ट्रंप के ट्वीट पर दिया जवाब
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्वीट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रीट्वीट कर जवाब देते हुए कहा कि मैं आपसे पूरी तरह से सहमत हूं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। ऐसे समय में ही दोस्त करीब आते हैं। भारत-अमेरिका की साझेदारी पहले से ज्यादा मजबूत है। भारत कोरोना वायरस के खिलाफ मानवता की लड़ाई में मदद करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। हम इसे एक साथ जीतेंगे।
10:15 AM, 09-Apr-2020
मध्यप्रदेश के भोपाल में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 93
मध्यप्रदेश स्वास्थ्य विभाग के अनुसार भोपाल में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 93 है। जिनमें से 50 मामले राज्य स्वास्थ्य विभाग से हैं, 20 मामले तब्लीगी जमात से जुड़े हैं और 12 पुलिस विभाग से जुड़े हैं। दो मरीज को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है और एक की मौत हो गई है।
10:09 AM, 09-Apr-2020
झारखंड में पहली मौत
झारखंड के बोकारों में कोरोना संक्रमित 75 साल के एक बुजुर्ग का आज सुबह निधन हो गया। बोकारो के उपायुक्त मुकेश कुमार ने इसकी पुष्टि की है। झारखंड में कोरोना से यह पहली मौत है।
09:52 AM, 09-Apr-2020
पंजाब में एक की मौत
पंजाब के जालंधर में कोरोना से संक्रमित 58 साल के एक व्यक्ति की बुधवार रात मौत हो गई। विशेष मुख्य सचिव, पंजाब आपदा प्रबंधन केबीएस सिद्धू ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से वेंटिलेटर पर था। जिला प्रशासन दाह संस्कार के लिए मानक प्रोटोकॉल के अनुसार तौर-तरीकों पर काम कर रहा है।
09:50 AM, 09-Apr-2020
मध्यप्रदेश के खंडवा में पांच नए मामले
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में कोरोना वायरस के पांच नए मामले सामने आए हैं। खंडवा के जिला कलेक्टर ने बताया कि पॉजिटिव मामलों के संपर्क में आने वालों का पता लगाया जा रहा है।
09:27 AM, 09-Apr-2020
बिहार में चार नए मामले, संक्रमितों की संख्या 43 हुई
स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव संजय कुमार ने बताया कि बिहार के सीवान जिले में कोरोना पॉजिटिव के चार मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 43 हो गई है।
09:16 AM, 09-Apr-2020
मंत्रियों के समूह की उच्च-स्तरीय बैठक आज
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री हर्षवर्धन के घर पर आज कोरोना वायरस पर मंत्रियों के समूह (GoM) की एक उच्च-स्तरीय बैठक होगी।
09:13 AM, 09-Apr-2020
यूपी के आगरा में 19 नए मामले, जिले में संक्रमितों की संख्या 84 हुई
आगरा के कलेक्टर प्रभु एन सिंह ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस के 19 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद जिले में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 84 हो गई है।
08:50 AM, 09-Apr-2020
लुधियाना में कोरोना के दो नए मामले
लुधियाना के उपायुक्त परदीप अग्रवाल ने बताया कि लुधियाना में दो लोग (एक 15 वर्षीय और एक 24 वर्षीय) कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसी के साथ जिले में कोरोना पॉजिटिव के कुल मामले आठ हो गए हैं।
08:41 AM, 09-Apr-2020
देशभर में संक्रमित मरीजों की संख्या 5734 हुई
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना के 540 नए मामले आए हैं और 17 लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 5734 हो गई है। जिसमें 5095 सक्रिय हैं, 473 लोग स्वस्थ हो गए या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 166 लोगों की मौत हुई है।
08:30 AM, 09-Apr-2020
बिहार के गोपालगंज और पूर्वी चंपारण से सटे इलाके सील
गोपालगंज में कोरोना वायरस का एक मामला सामने आने के बाद बिहार का पूर्वी चंपारण जिला गोपालगंज जिले के सत्तर घाट और डुमरिया घाट के साथ अपनी सीमाओं को सील करेगा।
08:27 AM, 09-Apr-2020
छत्तीसगढ़ में कोरोना का एक नया मामला
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस का एक और मामला सामने आया है। इसी के साथ राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 11 हो गई है। इसमें नौ लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
08:23 AM, 09-Apr-2020
मध्यप्रदेश के धार में कोरोना का पहला मामला
मध्यप्रदेश के धार में कोरोना का पहला मामला सामने आया है। धार के कलेक्टर श्रीकांत बनोठ ने बताया कि भक्तियार मार्ग के आसपास तीन किलोमीटर का इलाका सील कर दिया गया है।
08:21 AM, 09-Apr-2020
झारखंड में चार नए मामले, संक्रमितों की संख्या 13 हुई
झारखंड के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस के चार और मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से एक रांची में कोरोना संक्रमित परिवार से है और तीन अन्य बोकारो में एक संक्रमित परिवार से हैं। राज्य में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 13 हो गई है।
07:40 AM, 09-Apr-2020
पंजाब के मोहाली में छह नए मामले
मोहाली के उपायुक्त गिरश दयालन ने बताया कि यहां कोरोना पॉजिटिव के छह नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ पंजाब के मोहाली में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 36 हो गई है। पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने वालों का हम पता लगा रहे हैं।
07:27 AM, 09-Apr-2020
भारत में कोरोना: एमपी के इंदौर में 22 नए संक्रमित, राज्य में अब तक 33 की मौत
महिला चिकित्सकों के साथ मारपीट करने वाला गिरफ्तार
दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के आपातकालीन विभाग में तैनात और गौतम नगर में रहने वाली दो महिला डॉक्टरों के साथ मारपीट करने वाले आरोपी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सफदरजंग अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर मनीष चौधरी के मुताबिक मारपीट की यह घटना रात लगभग 9:30 बजे हुई जब दोनों फल खरीदने के लिए बाहर गई थीं। उन्होंने बताया कि इस दौरान पड़ोसी ने चीखते हुए कहा कि वह यहां कोरोना फैला रही हैं। जब महिला चिकित्सकों ने इसका विरोध किया तो पड़ोसियों ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की दी है।