केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 10,974 नए मामले सामने आए हैं और 2,003 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 3,54,065 हो गई है, जिनमें से 1,55,227 सक्रिय मामले हैं, 1,86,935 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 11,903 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां पढ़ें भारत में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स...
कर्नाटक में आरटी-पीसीआर तकनीक से होगी कोरोना की जांच
कर्नाटक में कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार ने निर्देश दिया है कि झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले, विक्रेताओं / बिल लेने वाले कर्मी, डिलीवरी बॉय और कोरियर पहुंचाने वाले कर्मचारियों की जांच आरटी-पीसीआर नमूना तकनीक से की जाए।
गुजरात में 520 नए मामले, मृतकों की कुल संख्या 1561 हो गई
गुजरात में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 520 नए मामले सामने आने से राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 25,148 हो गई है। वहीं आज 27 लोगों की मौत से मृतकों की संख्या 1561 हो गई है। जबकि 17,438 लोग अब तक स्वस्थ हो चुके हैं।
त्रिपुरा : 1250 सैंपल की जांच में 43 पॉजिटिव
त्रिपुरा में 1250 सैंपल की जांच में 43 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। राज्य के मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने बताया कि इनमें से अधिकतर वह हैं जो कहीं से यात्रा करके आए हैं और बाकी वो हैं जो कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं।
11:03 PM, 17-Jun-2020
गोवा में बढ़ रही जांच की संख्या : मुख्यमंत्री सावंत
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, 'हम सीमावर्ती इलाकों और कंटेनमेंट जोन में बड़ी संख्या में जांच करवा रहे हैं। इसी लिए हमारे राज्य में मामलों की संख्या ज्यादा है, लेकिन केवल आठ से 10 मरीज ही एसिम्टोमैटिक हैं। हमने मरीजों को वर्गीकृत किया है कि किसे कोविड अस्पताल भेजना है और किसे केयर सेंटर भेजना है।'
10:37 PM, 17-Jun-2020
दिल्ली में आज 2414 मामले, 67 की मौत
देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार को एक दिन में कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड 2414 मामले सामने आए और 67 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा आज दिल्ली में 510 लोग इस महामारी से ठीक हुए या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब यहां कोरोना के मामले 47 हजार से ज्यादा हो गए हैं और इस जानलेवा महामारी से अभी तक 1904 लोगों की मौत हो चुकी है।
ओडिशा : सीएम की अपील, जून अंत तक रहे राज्य में रेल व हवाई यात्रा पर रोक
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्य के लिए यातायात साधनों पर प्रतिबंध जारी रखने की मांग की है। पटनायक ने पीएम से कहा कि ओडिशा के लिए ट्रेन और रेल यातायात पर कम से कम जून अंत कर प्रतिबंध जारी रखें।
10:21 PM, 17-Jun-2020
झारखंड : आज 56 नए मामले और एक की मौत
झारखंड में बुधवार को कोरोना वायरस के 56 नए मामले सामने आए हैं और एक व्यक्ति की मौत हुई है। इसके अलावा 30 लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं। राज्य सरकार ने बताया कि झारखंड में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 1895 हो गई है। उनमें 10 लोगों की मौत हुई है और 1151 लोग ठीक हो चुके हैं।
विज्ञापन
10:13 PM, 17-Jun-2020
तेलंगाना में आज कोरोना के 269 नए मामले
तेलंगाना में आज कोरोना के 269 नए मामले सामने आए हैं और एक व्यक्ति की मौत हुई है। राज्य में आज 151 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई है। राज्य के जन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशक ने बताया कि अब राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 5675 हो गई है, जिनमें 3071 लोग ठीक हो चुके हैं और 192 लोगों की मौत हुई है।
10:09 PM, 17-Jun-2020
हिमाचल में कोरोना के 25 नए मामले
हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के आज 25 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना के कुल मामले 585 हो गए हैं, जिनमें 198 सक्रिय हैं।
09:58 PM, 17-Jun-2020
उत्तराखंड में आज 38 नए मामले
उत्तराखंड में आज कोरोना वायरस के 38 नए मामले सामने आए हैं। राज्य के कोविड-19 कंट्रोल रूम की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार अब प्रदेश में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 2023 हैं।
09:53 PM, 17-Jun-2020
मुंबई में आज 1359 नए मामले
देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में आज कोरोना वायरस के 1359 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या 61,501 हो गई है। अब तक यहां कोरोना के चलते 3242 लोगों की मौत हो चुकी है।
09:33 PM, 17-Jun-2020
पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह कोरोना पॉजिटिव
पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनके करीबी सहयोगी ने यह जानकारी दी।
09:23 PM, 17-Jun-2020
सीआरपीएफ में आज 35 नए मामले, एक की मौत
कोरोना वायरस से संक्रमित एक और सीआरपीएफ अधिकारी की मौत हो गई। अब तक देश के सबसे बड़े पैरामिलिट्री बल में कोरोना से पांच लोगों की मौत हो चुकी है। सीआरपीएफ में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 35 नए मामले भी सामने आए हैं। इसके साथ ही बल में कोरोना संक्रमितों की संख्या 783 हो गई है, जिनमें से 440 लोग ठीक हो चुके हैं।
09:14 PM, 17-Jun-2020
गोवा में आज कोरोना के 27 नए मामले
गोवा में आज कोरोना वायरस के 27 मामले सामने आए हैं, जिसके साथ यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या 656 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य सेवा निदेशालय ने बताया कि अब यहां कोरोना के 560 सक्रिय मामले हैं।
08:49 PM, 17-Jun-2020
राजस्थान में आज 326 नए मामले
राजस्थान में आज रात 8.30 बजे तक कोविड-19 के 326 नए मामले सामने आए हैं और पांच लोगों की मौत हुई है। राज्य के स्वास्थ्यविभाग ने बताया कि अब प्रदेश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 13,542 हो गई है। वहीं, अब तक यहां कोरोना से 313 लोगों की मौत हुई है।
08:47 PM, 17-Jun-2020
महाराष्ट्र : आज मिले 3307 नए मामले, 114 की मौत
महाराष्ट्र में आज कोरोना के 3307 नए मामले मिले हैं और 114 लोगों की मौत हुई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अब प्रदेश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या एक लाख 16 हजार 752 हो गई है। वहीं, अब तक राज्य में इस जानलेवा महामारी की वजह से 5651 लोगों की मौत हो चुकी है।
08:38 PM, 17-Jun-2020
हरियाणा में आज 506 नए मामले
हरियाणा में आज कोरोना वायरस के 506 नए मामले पाए गए हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या 8832 हो गई है, इनमें से 4750 मामले सक्रिय हैं।
08:33 PM, 17-Jun-2020
अहमदाबाद में आज 330 नए मामले
गुजरात के अहमदाबाद में आज कोरोना वायरस के 330 नए मामले सामने आए हैं। शहर के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अब यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या 1253 हो गई है और 22 लोगों की मौत हो चुकी है।
08:31 PM, 17-Jun-2020
धारावी में एक और मौत के साथ मृतकों की कुल संख्या 78 हुई
मुंबई के धारावी इलाके में कोरोना वायरस से आज एक और व्यक्ति की मौत हो गई। इसके साथ ही यहां कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 78 हो गई है।
08:28 PM, 17-Jun-2020
दिल्ली में बढ़ी सैंपल लेने की दर, 2400 रुपये में होगी जांच
गृह मंत्रालय ने बताया है कि दिल्ली में कोरोना वायरस जांच को दोगुना करने के लिए 14 जून को गृह मंत्री अमित शाह द्वारा लिए गए निर्णय को देखते हुए 15 और 16 जून को 16,618 सैंपल लिए गए। इनमें से 6510 सैंपल की रिपोर्ट आ चुकी है और बाकी की रिपोर्ट 18 जून कर आने की संभावना है। बता दें कि 14 जून तक प्रतिदिन 4000 से 4500 तक कोरोना सैंपल लिए जा रहे थे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बताया कि कोरोना जांच की कीमत को लेकर उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति से स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय को मिली रिपोर्ट को आवश्यक कार्यवाही के लिए आगे दिल्ली सरकार को भेज दिया गया है। परीक्षण दर 2,400 रुपये तय करने का निर्णय लिया गया है।
मंत्रालय ने बताया कि 18 जून से दिल्ली में कोरोना जांच रैपिड एंटीजेन तकनीक से की जाएगी। दिल्ली को ये जांच किट उपलब्ध कराने में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए दिल्ली में 169 केंद्र स्थापित किए गए हैं।
08:21 PM, 17-Jun-2020
बंगाल में आज 391 नए मामले, 11 लोगों की मौत
पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य विभाग ने बताया है कि राज्य में बुधवार को कोरोना वायरस के 391 नए मामले सामने आए हैं और 11 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 11,909 हो गई है। वहीं, राज्य में अब तक इस जानलेवा महामारी की वजह से 506 लोगों की मौत हो चुकी है।
08:18 PM, 17-Jun-2020
गुजरात में पिछले 24 घंटे में सामने आए 520 नए मामले
गुजरात में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस कते 520 नए मामले सामने आए हैं और 27 लोगों की मौत हुई है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब 25,148 हो गई है। इनमें से 17,438 लोग ठीक हो चुके हैं। बता दें कि राज्य में इस जानलेवा महामारी की चपेट में आने से अब तक 1561 लोगों की मौत हो चुकी है।
08:12 PM, 17-Jun-2020
जम्मू-कश्मीर में आज 108 नए मामले
जम्मू-कश्मीर सरकार की ओर से जारी की गई जानकारी के अनुसार यहां कोरोना वायरस के आज 108 नए मामले सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार इनमें से 27 जम्मू से और 81 कश्मीर से हैं। इसके साथ ही केंद्रशासित प्रदेश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब 5406 हो गई है।
07:57 PM, 17-Jun-2020
बंगाल में कोरोना से मौत का आंकड़ा 500 के पार
पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस की वजह से मौत का आंकड़ा 500 के पार हो गया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक राज्य में आज कोरोना के चलते 11 लोगों की मौत हुई है। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 12,300 हो गई है।
07:55 PM, 17-Jun-2020
विदेश से आने वाले सभी यात्रियों की हो कोरोना जांच : विजयन
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा है कि विदेश से आने वाले सभी यात्रियों को विमान में चढ़ने से पहले अपनी कोरोना जांच करवानी चाहिए। कोरोना के मरीज और अन्य यात्री एक साथ यात्रा नहीं कर सकते। यह सामुदायिक संक्रमण फैलने से रोकने के लिए जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जो पॉजिटिव हैं उन्हें अलग उड़ान से लाया जा सकता है, राज्य सरकार उनके इलाज की व्यवस्था करेगी। केंद्र सरकार को दूतावासों के माध्यम से विदेश से आने वाले सभी यात्रियों की कोरोना जांच कराने की व्यवस्था करनी चाहिए। राज्य ने पांच मई को केंद्र सरकार को लिखे पत्र में यह मांग की थी।
07:49 PM, 17-Jun-2020
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री कोरोना पॉजिटिव
देश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
07:40 PM, 17-Jun-2020
दिल्ली सरकार ने मनोरोग परामर्श के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
दिल्ली में स्वास्थ्य सेवा कर्मियों और सभी फ्रंट लाइन कर्मचारियों के लिए टेली काउंसिलिंग के जरिए मनोरोग सामाजिक परामर्श सेवा 'समर्थन' जारी है। दिल्ली सरकार ने इसके लिए दो फोन नंबर 9868296801 और 9868396859 जारी किए हैं। इन नंबर पर सोमवार से शनिवार सुबह आठ से रात आठ बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
07:35 PM, 17-Jun-2020
तमिलनाडु : 24 घंटे में 25 हजार से ज्यादा सैंपल की जांच
तमिलनाडु में बुधवार को पहली बार कोविड-19 के लिए सैंपल जांच की संख्या 25 हजार के पार हुई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में 25, 463 सैंपल की जांच हुई है।
07:09 PM, 17-Jun-2020
धारावी में 17 नए मामले
मुंबई के धारावी में 17 और लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। अब यहां कुल मामले बढ़कर 2106 हैं। अब तक यहां 77 लोगों की मौत हो चुकी है।
कर्नाटक में 24 घंटे में 8 लोगों की मौत
कर्नाटक में 16 जून शाम पांच बजे से लेकर 17 जून शाम पांच बजे तक 204 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान आठ लोगों की मौत भी हो गई है। राज्य में अब कुल मामले 7734 हो गए हैं और 102 लोगों की मौत हो गई है।
07:02 PM, 17-Jun-2020
पंजाब में 126 नए मामले
पंजाब में आज 126 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में कुल मामले बढ़कर 3497 हो गए हैं।
06:43 PM, 17-Jun-2020
असम में आज कोरोना के 95 नए मामले
असम में आज कोरोना वायरस के 95 नए मामले सामने आने के साथ यहां इस महामारी के कुल मामलों की संख्या 4605 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य मत्री हिमंग बिस्वा सरमा ने बताया कि राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 2183 हो गई है।
06:24 PM, 17-Jun-2020
तमिलनाडु में आज मिले कोरोना के 2174 नए मामले
तमिलनाडु में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 50 हजार पार कर गई। यहां आज कोरोना के 2,174 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 50,193 हो गई है। इसके अलावा आज राज्य में 48 लोगों की मौत हुई है। अभी तक राज्य में कोरोना से 576 लोगों की मौत हो चुकी है।
06:13 PM, 17-Jun-2020
यूपी में आज 583 नए मामले
उत्तर प्रदेश में आज कोरोना वायरस के 583 नए मामले सामने आए हैं। आज राज्य में एक दिन में अब तक सबसे ज्यादा मामले देखने को मिले हैं। राज्य में आज कोरोना से 30 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या 15,181 हो गई है। राज्य में अभी तक इस जानलेवा महामारी की वजह से 465 लोगों की मौत हो चुकी है।
06:01 PM, 17-Jun-2020
इंदौर में सामने आए 44 नए मामले, चार की मौत
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में आज कोरोना वायरस के 44 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ जिले में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 4,134 हो गई है। इसके अलावा यहां आज चार लोगों की कोरोना से मौत हुई है। जिले में कोरोना से अभी तक 182 लोगों की मौत हो चुकी है।
06:00 PM, 17-Jun-2020
नागालैंड में कोरोना के आज 14 तो पुडुचेरी में 30 नए मामले
नागालैंड में आज कोरोना के 14 नए मामले सामने आए हैं। यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या 193 हो गई है, जिनमें से 90 सक्रिय हैं। वहीं, पुडुचेरी में आज 30 नए मामले मिले हैं। यहां कोरोना के कुल मामलों की संख्या 246 हो गई है, जिनमें 131 सक्रिय हैं।
05:57 PM, 17-Jun-2020
पश्चिम बंगाल में आज 391 नए मामले
पश्चिम बंगाल में बुधवार को कोरोना वायरस के 391 नए मामले सामने आए हैं। राज्य के मुख्य सचिव राजीव सिन्हा ने बताया कि अब राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 5777 हो गई है और 6533 लोग ठीक हो चुके हैं।
05:42 PM, 17-Jun-2020
श्रीनगर में सेना की इमारत बनी कोविड केयर सेंटर
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में स्थित भारतीय सेना की एक स्टाफ इमारत को कोविड केयर सेंटर में तब्दील कर दिया गया है। ससेंटर के कोऑर्डिनेटर डॉ. जाकिर खान ने कहा कि यहां 42 कोरोना संक्रमित मरीजों को आइसोलेट किया गया है। यहां सभी सुविधाओं का प्रबंध स्वास्थ्य निदेशालय कर रहा है।
05:09 PM, 17-Jun-2020
प्रधानमंत्री ने 15 राज्यों के मुख्यमंत्रियों से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात करने के लिए दो दिनी डिजिटल बैठक के दूसरे दिन 15 राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई। इस दौरान उन्होंने देश में कोरोना वायरस की स्थिति पर चर्चा की। इससे पहले प्रधानमंत्री ने मंगलवार को 21 राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की थी।
05:01 PM, 17-Jun-2020
दिल्ली में बहुत जल्द तैयार हो जाएंगे आइसोलेशन कोच
उत्तरी रेलवे ने जानकारी दी गई है कि दिल्ली में तैनात किए गए 503 आइसोलेशन कोच में से 317 कोच बुधवार तक तैयार हो जाएंगे। इन कोच में कोरोना मरीजों को आइसोलेट किया जाएगा। इसके साथ ही रेलवे ने कहा कि आइसोलेशन कोच में तापमान एक मुद्दा है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि इससे मरीजों को कोई दिक्कत नहीं होगी।
04:49 PM, 17-Jun-2020
केरल छात्र यूनियन ने किया प्रदर्शन
केरल छात्र यूनियन ने राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ राज्य सचिवालय तक विरोध मार्च किया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ गईं।
04:46 PM, 17-Jun-2020
चंडीगढ़ में कोरोना के मामलों की संख्या 368 हुई, छह की मौत
चंडीगढ़ में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 368 हो गई है। चंडीगढ़ प्रशासन ने बताया कि यहां कोरोना से मरने वालों की संख्या छह हो गई है।
04:20 PM, 17-Jun-2020
दून मेडिकल कॉलेज बना सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
उत्तराखंड के सरकारी दून मेडिकल कॉलेज को कोविड-19 के क्लीनिकल प्रबंधन के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस घोषित किया गया है। प्रोफेसर अनुराग सिंह को इसके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
04:05 PM, 17-Jun-2020
स्वास्थ्य इन्फ्रा बढ़ाना हमारी प्राथमिकता : प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश में अभी तक कोरोना वायरस से ठीक होने वाले लोगों की संख्या कोरोना संक्रमण के कुल सक्रिय मामलों से अधिक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ऐसे मरीज बहुत कम हैं जिन्हें वेंटिलेटर और आईसीयू की आवश्यकता है। हम कोविड-19 से जंग लड़ने और इसके प्रसार को नियंत्रित करने में सफल रहे हैं क्योंकि हमने समय से इसे लेकर फैसले लिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोनावायरस के बढ़ते मरीजों के साथ स्वास्थ्य इन्फ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है। यह तब होगा जब हर कोरोना मरीज को उचित उपचार मिलेगा, इसके लिए हमें जांच पर ध्यान देना होगा जिससे हम जांच कर सकें, ट्रेस कर सकें और संक्रमित व्यक्ति को आईसोलेट कर सकें।
03:35 PM, 17-Jun-2020
उत्तराखंड में 43 नए मामले सामने आए
उत्तराखंड में कोरोना वायरस के 43 नए मामले सामने आए हैं, राज्य में अब कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 1,985 हो गई है, जिसमें 1,230 ठीक हो चुके मामले और 25 मौतें शामिल हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
03:33 PM, 17-Jun-2020
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं देश को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि हमारे जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। हमारे लिए भारत की अखंडता और संप्रभुता सर्वोच्च है और इसकी रक्षा करने से हमें कोई भी रोक नहीं सकता। भारत शांति चाहता है लेकिन भारत उकसाने पर हर हाल में यथोचित जवाब देने में सक्षम है।
03:31 PM, 17-Jun-2020
बैठक में महाराष्ट्र, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, बिहार और तेलंगाना के मुख्यमंत्री शामिल हैं। सबसे पहले महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे बोलेंगे। हालांकि, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बैठक में शामिल होने से मना कर दिया है।
03:23 PM, 17-Jun-2020
पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक शुरू
कोरोना से निपटने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 15 प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक शुरू हो गई है। बैठक की शुरुआत में चीन सीमा पर हुए खूनी झड़प में भारतीय जवानों की शहादत पर पीएम समेत मुख्यमंत्रियों ने खड़े होकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
03:18 PM, 17-Jun-2020
अरुणाचल प्रदेश में चार नए मामले सामने आए
अरुणाचल प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव के चार नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से चंगलांग जिले में तीन मामले आए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 99 हो गई है।
03:14 PM, 17-Jun-2020
अवनीश अवस्थी ने बताया कि अब तक धारा 188 के अंतर्गत 66,907 एफआईआर दर्ज और 56,000 से अधिक वाहन जब्त किए गए हैं। अब तक 30 करोड़ रुपये. की धनराशि चालान के द्वारा जमा और 1486 फेक न्यूज के मामलों पर कार्रवाई की गई है।
03:11 PM, 17-Jun-2020
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि अब तक 651 ट्रेनें प्रदेश में आ चुकी हैं। अब तक 31 ट्रेनें भट्ठा श्रमिकों को अपने जनपदों में ले जा चुकी हैं। 47 ट्रेनों की व्यवस्था अगले 4-5 दिनों में की जा रही है।
02:47 PM, 17-Jun-2020
सत्येंद्र जैन का आज फिर कोरोना परीक्षण किया गया
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का आज फिर कोविड-19 के लिए परीक्षण किया गया। उनका कोरोना टेस्ट मंगलवार को नेगेटिव आया था। उन्हें तेज बुखार और सांस लेने में कठिनाई की शिकायत के बाद राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
02:42 PM, 17-Jun-2020
कोरोना से निपटने को लेकर दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक हुई
उप राज्यपाल अनिल बैजल ने बताया कि कोरोना वायरस से दिल्ली कैसे निपटे इसे लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह), प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) और सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ एक्सपर्ट पैनल की एक बैठक हुई।
01:59 PM, 17-Jun-2020
आंध्र प्रदेश में 275 नए मामले सामने आए
आंध्र प्रदेश में आज कोरोना वायरस के 275 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में अब कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 5,555 हो गई है जिसमें से 2,559 सक्रिय मामले हैं। कोरोना वायरस से होने वाली मौतों का आंकड़ा 90 है। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी है।
01:20 PM, 17-Jun-2020
दिल्ली के अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर 503 आइसोलेशन कोच तैनात
रेलवे ने दिल्ली के अलग-अलग स्टेशनों पर 503 आइसोलेशन कोचों की तैनाती की है। इनमें 267 कोच आनंद विहार में और 50-50 कोच शकूर बस्ती, सराय रोहिल्ला व अन्य स्टेशनों पर तैनात किए।
01:13 PM, 17-Jun-2020
सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की बेंच ने पूछा कि 'दिल्ली ने क्या किया है? कृप्या डॉक्टरों, नर्सों की सुरक्षा करें। वे 'कोरोना योद्धा' हैं। आप (दिल्ली सरकार) नहीं चाहते कि सच्चाई सामने आए। कई वीडियो सामने आए हैं।'
01:11 PM, 17-Jun-2020
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली और देश के अन्य राज्यों में कोरोना मरीज की मौत के बाद शव के रख-रखाव मामले में लिए गए स्वत: संज्ञान पर सुनवाई की। इस दौरान कोर्ट ने कहा कि सरकार डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को धमकी नहीं दे सकती।
12:54 PM, 17-Jun-2020
हिमाचल प्रदेश में आठ नए मामले सामने आए
हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के आठ नए मामले सामने आए हैं। राज्य में अब कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 568 हो गई है जिनमें से 185 सक्रिय मामले हैं। कोरोना वायरस से होने वाली मौतों का आंकड़ा छह है।
12:30 PM, 17-Jun-2020
जम्मू कश्मीर में कोविड-19 से संक्रमित मरीज की मौत
जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में कोविड-19 से संक्रमित 65 वर्षीय शख्स की बुधवार को यहां एक अस्पताल में मौत हो गई। इसके साथ ही केंद्र शासित प्रदेश में मरने वाले लोगों की संख्या 64 हो गई है।
12:25 PM, 17-Jun-2020
अधिकारियों ने बताया कि 'दक्षिण कश्मीर में शोपियां के फेरीपुरा इलाके के शख्स की एसकेआईएमएस अस्पताल सौरा में तड़के चार बजकर 15 मिनट पर हृदय तथा फेफड़े संबंधी रोग से मौत हो गई। मरीज को बुखार और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत के बाद सोमवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसके फेफड़ों संबंधी कई रोगों से ग्रस्त होने का पता चला जिससे सांस लेने में परेशानी होती है।'
11:49 AM, 17-Jun-2020
चिकित्सकों के वेतन भुगतान को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को लगाई फटकार
न्यायालय ने केंद्र से कहा कि वह चिकित्सकों को वेतन के भुगतान संबंधी आदेश का पालन करने के संबंध में रिपोर्ट चार सप्ताह के भीतर जमा करे और चेताया कि आदेश का पालन नहीं करने को गंभीरता से लिया जाएगा।
11:48 AM, 17-Jun-2020
न्यायालय ने कहा कि कोविड-19 के मरीजों का उपचार कर रहे चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य सेवाकर्मियों को पृथक-वास की सुविधाओं से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
11:47 AM, 17-Jun-2020
उच्चतम न्यायालय ने केंद्र को आदेश दिया कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का उपचार कर रहे चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य सेवा कर्मियों को वेतन का भुगतान करने के लिए राज्यों को निर्देश दे।
11:46 AM, 17-Jun-2020
पुलिस ने बताया कि दुकान मालिक के संक्रमित पाए जाने के बाद प्रबंधन ने यह फैसला किया। दुकान के मालिक को काफी समय से निमोनिया था और 13 जून को उसे यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में उसके कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
11:45 AM, 17-Jun-2020
हैदराबाद के मशहूर ‘गोकुल चाट’ दुकान का मालिक कोरोना पॉजिटिव
हैदराबाद में अपनी चाट के लिए मशहूर ‘गोकुल चाट’ दुकान को उसके मालिक के कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने के बाद अस्थाायी रूप से बंद कर दिया गया है। वर्ष 2007 में हुए बम धमाकों में जिन दो स्थानों को निशाना बनाया गया था, उनमें से यह दुकान भी एक थी। उन धमाकों में 44 लोगों की जान गई थी और 68 लोग घायल हुए थे।
11:12 AM, 17-Jun-2020
राजस्थान में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 13,338 हो गई है। जिसमें से 2904 सक्रिय मामले हैं।
11:09 AM, 17-Jun-2020
राजस्थान में 122 नए मामले सामने आए
राजस्थान स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में आज सुबह 10.30 बजे तक कोरोना पॉजिटिव के 122 नए मामले सामने आए हैं और एक की मौत हुई है।
10:57 AM, 17-Jun-2020
ओडिशा में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 4338
ओडिशा राज्य सरकार के मुताबिक, मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव के 175 नए मामले सामने आए और 120 लोग ठीक हुए। इसके बाद राज्य में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 4,338 हो गई है। जिसमें से 1,350 सक्रिय मामले हैं और 2,974 लोग ठीक हो चुके हैं।
10:54 AM, 17-Jun-2020
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना की स्थिति पर 'कोविड-19 प्रबंधन टीम-11' के अधिकारियों के साथ बैठक की।
10:45 AM, 17-Jun-2020
प्रधानमंत्री आज दोपहर तीन बजे महाराष्ट्र, तमिलनाडु और दिल्ली समेत सबसे ज्यादा प्रभावित 15 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों के साथ चर्चा करेंगे।सूत्रों के अनुसार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद बैठक में शामिल होने की बजाय किसी अधिकारी को इसमें शामिल होने के लिए भेज सकती हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि आज की चर्चा में जिन मुख्यमंत्रियों को बोलने का मौका मिलेगा उनमें ममता बनर्जी का नाम नहीं है।
10:17 AM, 17-Jun-2020
आज फिर पीएम मोदी मुख्यमंत्रियों के साथ करेंगे बातचीत
आज फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 15 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ कोरोना के मुद्दे पर चर्चा करेंगे। इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे।
10:03 AM, 17-Jun-2020
पहली बार दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत
कोरोना वायरस संक्रमण के मामले देश में लगातार तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा पहली बार है जब देश में एक दिन में दो हजार से ज्यादा कोरोना मरीजों की मौत हुई है।
09:32 AM, 17-Jun-2020
देशभर में संक्रमित मरीजों की संख्या तीन लाख 54 हजार से ज्यादा
इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 3,54,065 हो गई है, जिनमें से 1,55,227 सक्रिय मामले हैं, 1,86,935 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 11,903 लोगों की मौत हो चुकी है।
09:31 AM, 17-Jun-2020
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 10,974 नए मामले सामने आए हैं और 2,003 लोगों की मौत हुई है।
09:08 AM, 17-Jun-2020
नागालैंड में दो नए मामले सामने आए
नागालैंड के स्वास्थ्य मंत्री एस पंगनु फु ने बताया कि राज्य में कोरोना पॉजिटिव के दो नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 181 हो गई है। जिसमें 78 सक्रिय मामले हैं और 103 लोग ठीक हो चुके हैं।
08:44 AM, 17-Jun-2020
कोरोना पर नियंत्रण के लिए पंजाब सरकार ने सभी जिलों में समिति का किया गठन
पंजाब सरकार की ओर से बताया गया कि राज्य में कोविड-19 मामलों के बढ़ते प्रकोप और रोकथाम क्षेत्रों में किए जाने वाले गतिविधियों के साथ कंटेनमेंट जोन को परिभाषित करने के लिए, सिविल सर्जनों की अध्यक्षता में सभी जिलों में जिला तकनीकी समिति का गठन किया गया है। यह समिति सभी जिलों में विशिष्ट क्षेत्र की सटीक सीमाओं का सीमांकन करेंगे, जहां कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं।
08:14 AM, 17-Jun-2020
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की आज फिर होगी कोरोना जांच
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की आज दोबारा जांच की जाएगी। हालांकि कल उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। तेज बुखार और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत के बाद उन्हें राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
07:21 AM, 17-Jun-2020
मिजोरम: कोई नया मामला नहीं
सियाहा, लॉन्गटलाई, कोलासिब, हनथियाल, लुंगलेली और आइजोल जिले में मंगलवार को जांच के लिए कुल 821 नमूने लिए गए। इनमें से 633 नमूनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि शेष 188 का परीक्षण आज होगा। कोई नया मामला सामने नहीं आया है। प्रदेश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 121 है। -मिजोरम सरकार
07:07 AM, 17-Jun-2020
वंदे भारत मिशन: 217 भारतीय स्वदेश रवाना
वंदे भारत मिशन के तहत न्यूजीलैंड के ऑकलैंड हवाई अड्डे से एयर इंडिया की दूसरी उड़ान बुधवार सुबह रवाना हुई। इसमें 217 भारतीय सवार हैं। -भारतीय उच्चायोग, न्यूजीलैंड
06:43 AM, 17-Jun-2020
मध्यप्रदेश: इंदौर में नियमों का पालन कर रहे लोग
इंदौर में लोगों ने कोविड-19 और लॉकडाउन को लेकर जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन किया है, इसलिए वायरस के प्रसार की श्रृंखला टूट गई है। यह अच्छी बात है और लोगों को सामाजिक दूरी बनाए रखने और अन्य एहतियाती उपायों का भी पालन करते रहना चाहिए। -महेंद्र शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी
04:54 AM, 17-Jun-2020
बिहार में 39 नए मामले
बिहार में कोरोना के 39 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कुल मामलों की संख्या 6,910 हो गई है। -अधिकारी
04:14 AM, 17-Jun-2020
राजस्थान: 150 आइसोलेशन कोच तैयार
जोधपुर रेलवे डिवीजन ने उत्तर-पश्चिमी रेलवे जोन के लिए 150 आइसोलेशन कोच तैयार किए हैं, इनमें से 50 जोधपुर के लिए हैं। हमने मानकों के अनुसार कोचों को तैयार किया है। -गोपाल शर्मा, जनसंपर्क अधिकारी, जोधपुर रेलवे डिवीजन, राजस्थान
01:54 AM, 17-Jun-2020
मध्यप्रदेश: इंदौर में 44 नए मामले
मध्यप्रदेश के इंदौर में कोरोना के 44 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही जिले में सकारात्मक मामलों की कुल संख्या 4,134 हो गई है जबकि अब तक 182 की मौत हुई है। -मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, इंदौर जिला
12:27 AM, 17-Jun-2020
छत्तीसगढ़ में आज सामने आए कोरोना वायरस के 71 नए मामले, 148 लोग ठीक हुए
दिल्ली-एनसीआर में सामान्य से अधिक रहेगा तापमान
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान सामान्य से अधिक है, जो आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। 20 जून के बाद तापमान में कमी आ सकती है। -आनंद शर्मा, उप महानिदेशक, मौसम विज्ञान विभाग