ईरान स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार नई दिल्ली के लिए विशेष उड़ान भरने वाले विमान से आज रात 114 समुद्री यात्रियों को भारत लाया जाएगा। भारतीय दूतावास ने आगे कहा कि हम ईरान में शेष भारतीयों की वापसी के लिए भी प्रतिबद्ध हैं।
हिमाचल प्रदेश में आज छह नए कोरोना पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए। अब कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 508 हो गई है। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
कर्नाटक के दावणगेरे में सांसद रेणुकाचार्य ने नव विवाहितों को उनकी शादी की बधाई देते हुए उन्हें मास्क बांटे। जिस तरह दूल्हा-दुल्हन शादी में एक दूसरे को माला पहनाते हैं वैसे ही दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को मास्क पहनाए।
दिल्ली में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और एम्स के निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया के साथ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य मौजूद हैं।
कोरोना वायरस के प्रसार को देखते हुए दिल्ली की दरियागंज सब्जी मंडी में लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही लोगों को मंडी में प्रवेश करने दिया जा रहा है।
कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के एक निजी स्कूल ने तीन महीने की फीस माफ की है।