कोरोना वायरस पर भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट डालने के मामले में इन्फोसिस ने अपने कर्मचारी पर कार्रवाई करते हुए उसे नौकरी से हटा दिया है।
डबलिन और आयरलैंड की यात्रा कर लौटे 21 वर्षीय व्यक्ति को तमिलनाडु के अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। दो जांचों के बाद नेगेटिव पाए जाने पर उसे घर भेज दिया गया जहां उसे 14 दिन के क्वारंटीन में रहना होगा।
दिल्ली से उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की तरफ जा रहे लोगों को पुलिस ने गाजीपुर बॉर्डर पर रोककर वापस लौटने के लिए कहा गया।
दिल्ली में कोरोना से संक्रमित एक और व्यक्ति की मौत हो गई है।
देश में कोरोना वायरस के प्रकोप के मद्देनजर बंद को देखते हुए भारतीय नौसेना का एक विमान दिल्ली से 60,000 मास्क लेकर गोवा पहुंचा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा का निधन हो गया है।
गुजरात के अहमदाबाद में एक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डीन की पत्नी कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई हैं। जिसके बाद डीन और कॉलेज एवं अस्पातल के 100 से अधिक डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों को पृथक कर दिया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 55 वर्षीय महिला गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गईं थी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘लॉकडाउन’ के दौरान प्रवासियों के पलायन के मुद्दे पर कुछ मुख्यमंत्रियों से बात की : गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव पुण्य एस श्रीवास्तव
सुप्रीम कोर्ट ने आज ईरान के कोम शहर से सभी फंसे हुए भारतीय शिया तीर्थयात्रियों को तुरंत बाहर निकालने और उन्हें संभव चिकित्सा सहायता प्रदान करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए केंद्र को नोटिस जारी किया। वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मामले की सुनवाई के बाद सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी किया। सुप्रीम कोर्ट में आज लद्दाख के उन तीर्थयात्रियों में से एक की याचिका पर सुनवाई हुई है, जो ईरान के कोम गए थे और वहां फंस गए। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि लगभग 250 तीर्थयात्री भोजन और होटल के बिना फंसे हुए हैं और सभी गरीब परिवारों से हैं। सरकार की ओर से इन लोगों को लाने की कोशिश नहीं की जा रही है।अब इस मामले में सोमवार को फिर से सुनवाई होगी।
स्वास्थ्य विभाग, हरियाणा सरकार के मुताबिक राज्य में कोरोनावायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 19 हो गई है।
श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट, शिरडी ने कोरोना वायरस महामारी से लड़ने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 करोड़ रुपये दान किए हैं।
तमिलनाडु में छह और लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। राज्य सरकार ने इसकी पुष्टि की है।
राजस्थान सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते को 12 फीसदी से बढ़ाकर 17 फीसदी कर दिया। सरकार का यह फैसला एक जुलाई 2019 से लागू होगा यानि कर्मचारियों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता एक जुलाई 2019 से ही मिलेगा।
देशव्यापी लॉकडाउन और धारा 144 के तहत लागू निषेधाज्ञा का उल्लंधन कर नमाज के लिए जमा होने पर भोपाल शहर की एक मस्जिद के इमाम और 27 अन्य लोगों की खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग की कोरोना सर्विलांस टीम ने पांच संदिग्ध पुलिस कमर्चारियों को आईआईटी के सहारानपुर कैंपस में क्वारंटीन कराया है। बताया जा रहा है कि ये पुलिस कर्मचारी बाहरी जिले से आए हैं।
केंद्रीय सूचना-प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि जनता की मांग पर हम कल से 'रामायण' का पुनः प्रसारण शुरू कर रहे हैं। डीडी नेशनल पर रोज सुबह 9 से 10 बजे तक रामायण चलाई जाएगी। शाम को फिर 9 बजे से 10 बजे तक भी इसका प्रसारण होगा।
महाराष्ट्र देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। पुणे में संक्रमित मरीजों की संख्या अबतक 32 हो गई है। इनमें से पांच मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं।
अंडमान में कोरोना वायरस का दूसरा पॉजिटिव मामला सामने आया है। दूसरा मरीज पहले मरीज के संपर्क में आने से संक्रमित हुआ है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के मुख्य सचिव चेतन संघी ने यह जानकारी दी।
महाराष्ट्र में चौथे मरीज की मौत, अब तक 124 मामले