फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना: महामारी से जंग में एक और उपलब्धि, देश में अब तक 74 करोड़ से अधिक टीके लगे

Sun, 12 Sep 2021 05:07 PM IST
योगेश साहू न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

सिक्किम, दादरा और नगर हवेली, हिमाचल प्रदेश, गोवा, लद्दाख और लक्षद्वीप में सभी वयस्क लोगों को कोरोना वैक्सीन की कम से कम एक खुराक मिल चुकी है। इसी के साथ देश में रविवार तक कुल टीकाकरण का आंकड़ा 74 करोड़ को पार हो गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को इसकी जानकारी दी। कोविन पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, रविवार रात आठ बजे तक लगभग 50 लाख 25 हजार 159 वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया के कार्यालय ने ट्वीट किया कि इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 100 फीसदी वयस्क आबादी को कोरोना वैक्सीन पहली खुराक लगाने के लिए बधाई। इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के परिश्रम और प्रतिबद्धता के लिए बधाई।

विज्ञापन


ट्वीट के साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के कार्यालय ने जानकारी भी दी कि दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव (6.26 लाख खुराक), गोवा (11.83 लाख खुराक), हिमाचल प्रदेश (55.74 लाख खुराक), लद्दाख (1.97 लाख खुराक), लक्षद्वीप (53,499 खुराक) और सिक्किम (5.10 लाख खुराक) ऐसे राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हैं, जहां 100 फीसदी पात्र आबादी को टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है।
 

ओडिशा में पूर्ण टीकाकरण वाले 20 फीसदी लोगों में एंटीबॉडी नहीं मिलीं

भुवनेश्वर स्थित जीवन विज्ञान संस्थान (आईएलएस) ने दावा किया है कि ओडिशा में पूरी तरह से टीका लगवा चुके लगभग 20 फीसदी लोगों में कोरोना के खिलाफ एंटीबाडी नहीं विकसित हुई है। ऐसे में उन्हें बूस्टर खुराक की आवश्यकता हो सकती है। आईएलएस के निदेशक डॉ. अजय परिदा ने बताया कि ओडिशा ने अब तक कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक के साथ 61.32 लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया है, जिसमें भुवनेश्वर के 10 लाख से अधिक लोग भी शामिल हैं। उनमें से लगभग 20 फीसदी लोग कोरोना के खिलाफ एंटीबॉडी विकसित करने में विफल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कुछ कोरोना संक्रमित लोगों में एंटीबॉडी का स्तर 30,000 से 40,000 पाया गया। यह आंकड़ा टीका लगवा चुके कई लोगों में 50 से नीचे है। यदि एंटीबॉडी का स्तर 60 से 100 है, तो हम कह सकते हैं कि व्यक्ति एंटीबॉडी सकारात्मक है। टीकों की दोनों खुराक लेने के बावजूद एंटीबॉडी विकसित करने में असमर्थता आनुवंशिक क्रम में व्यक्तिगत अंतर के कारण हो सकती है। एंटीबॉडी जीनोम सीक्वेंसिंग अध्ययन से इस तथ्य का पता चलता है।

ओडिशा में कोरोना के 649 नए मामले

ओडिशा में कोरोना का कुल आंकड़ा रविवार को बढ़कर 10 लाख 16 हजार 362 हो गया। यहां बीते दिन 649 और लोगों में वायरस की पुष्टि हुई है, जो पिछले दिन की तुलना में 19 अधिक है। कोरोना से होने वाली मौत का आंकड़ा भी बढ़कर 8,098 तक पहुंच गया है, इसमें बीते दिन हुई छह मौतें भी शामिल हैं। 649 नए मामलों में 0-18 वर्ष के आयु वर्ग के 103 बच्चे और किशोर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अब बच्चों में संक्रमण की दर 15.87 है।

केरल में 20,240 नए केस आए

केरल में रविवार को 20,240 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान 67 मरीजों की संक्रमण की वजह से मौत भी हुई। इससे राज्य में कुल संक्रमण 43 लाख 75 हजार 431 तक पहुंच गया है। इसी के साथ मरने वालों का आंकडा भी 22,551 हो गया है। राज्य सरकार ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 1 लाख 15 हजार 575 नमूनों का परीक्षण करने के बाद सकारात्मकता दर 17.51 फीसदी दर्ज की गई। शनिवार से अब तक 29,710 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। यहां अब तक कुल 41 लाख 30 हजार 65 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। फिलहाल यहां दो लाख 22 हजार 255 मरीजों का इलाज चल रहा है।

दिल्ली में कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई

दिल्ली में रविवार को कोरोना की वजह से एक भी मौत नहीं हुई। बीते 24 घंटे में यहां 22 नए मामले सामने आए और संक्रमण दर भी 0.04 फीसदी रही। इस महीने 7 सितंबर को कोरोना की वजह से केवल एक मौत दर्ज की गई थी। दिल्ली में कोरोना संक्रमण के कारण अब तक 25,083 लोगों की मौत हुई है। बीते दिन यहां 47,028 आरटी-पीसीआर और 14,940 रैपिड एंटीजन टेस्ट सहित कुल 61,968 टेस्ट किए गए।

नागपुर में पुणे से लौटे 12 पुलिसकर्मी संक्रमित

नागपुर में 12 पुलिसकर्मियों की कोरोना पॉजिटिव आई है। बीते दो दिनों में इन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये सभी पुणे में महाराष्ट्र खुफिया अकादमी में प्रशिक्षण सत्र से लौटे थे। पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) संदीप पखले ने रविवार को बताया कि 30 अगस्त से नौ सितंबर के बीच नागपुर पुलिस के कुल 33 जवान प्रशिक्षण के लिए गए थे। वापस लौटने के बाद दो में कोरोना के हल्के लक्षण देखे गए। जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद सभी 33 जवानों का टेस्ट किया गया, जिसमें 10 और जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

महाराष्ट्र के मंत्री द्वारा कोरोना प्रोटोकॉल उल्लंघन का वीडियो वायरल

पुणे के इंदापुर में महाराष्ट्र के मंत्री दत्तात्रेय भरने के एक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने और उनके कई समर्थकों ने न तो सामाजिक दूरी का पालन किया और न ही मास्क पहना हुआ है। स्थानीय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक भरने शनिवार को पिंपरी बुद्रुक गांव में एक नए बैंक भवन के उद्घाटन में भाग लेने गए थे। वीडियो में उनके समर्थक उन्हें अपने कंधों पर ले जाते हुए दिखाई दे रहे थे। हालांकि, संपर्क किए जाने पर इंदापुर थाने के निरीक्षक टी मुजावर ने रविवार को कहा कि इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है, क्योंकि कोई भी शिकायत करने के लिए आगे नहीं आया है।
विज्ञापन

तेलंगाना में कोरोना के 249 नए मामले

तेलंगाना में रविवार कोरोनावायरस के 249 ताजा मामले सामने आए। इस दौरान दो लोगों की संक्रमण की वजह से मौत भी हुई। राज्य में अब तक छह लाख 61 हजार 551 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं और 3,895 लोगों की जान भी जा चुकी है। फिलहाल यहां 5,258 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें