देशभर में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए 21 दिनों का लॉकडाउन जारी है। लॉकडाउन के दौरान गुजरात का दाहोद 'नाग नगरी' में बदल गया है। सड़कों पर सांपों ने कब्जा जमा लिया है। वन्यजीव बचावकर्मियों ने शहर से बड़ी मात्रा में सापों को पकड़ा है।
24 घंटों में पकड़े 25 सांप
शहर की सड़कों से 24 घंटों में 25 सांपों को पकड़ा गया है। इतनी बड़ी संख्या में सापों को पकड़े जाने पर शहर के वन्यजीव विशेषज्ञ भी आश्चर्यचकित हैं। बचावकर्मियों के अनुसार, आठ अप्रैल से नौ अप्रैल के बीच बचाए गए सांपों में 16 कोबरा शामिल थे। विशेषज्ञ इस संभावना से भी इंकार नहीं कर रहे हैं कि सांप लॉकडाउन के दौरान सड़के खाली होने पर शहर में घुस गए होंगे।
शहर में भीषण गर्मी में दिखते हैं सांप
दाहोद के एक वन्यजीव जानकार ने कहा कि शहर में भीषण गर्मी के दौरान काफी सांप देखे जातें हैं लेकिन इस समय इनका दिखना अभूतपूर्व है। मॉनसून के दौरान शहर में इतनी बड़ी संख्या में सांपों को कभी भी नहीं बचाया जा सका है।
उन्होंने आगे कहा कि सांप कंपन और गंध के प्रति बहुत संवेदनशील होते हैं। हो सकता है सांप गर्मी होने के कारण अपने बिलों से बाहर निकलकर शहर की ओर आ गए होंगे। वहीं, एक सांप एक स्त्री रोग अस्पताल के सामान्य वार्ड में प्रवेश कर गया था।
दाहोद जिला प्रशासन ने वन्यजीव बचाव और संबंधित कार्यों के लिए कुछ वन्यजीव जानकारों को वन विभाग के साथ काम करने की अनुमति दी है।
432 हुई संक्रमित मरीजों की संख्या
गुजरात में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 432 हो गई है। प्रदेश में 44 लोग पूरी तरह ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जबकि 22 लोगों की इस जानलेवा वायरस से मौत हो चुकी है।