अहमदाबाद नगर निकाय की अनूठी पहल (फाइल फोटो)
- फोटो : पीटीआई
अहमदाबाद नगर निकाय ने अनूठी पहल शुरू करते हुए कोरोना वायरस संक्रमण से उबरे पांच व्यक्तियों को कोविड-19 देखभाल केंद्र में स्वयंसेवी के तौर पर काम करने के लिए तैयार किया है। यह केंद्र ऐसे कोविड-19 मरीजों के लिए स्थापित किया गया है, जिनमें बीमारी के कोई लक्षण नजर नहीं आते और उनमें पहले से कही कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या नहीं है।
अहमदाबाद नगरपालिका आयुक्त विजय नेहरा ने शनिवार को कहा कि यह पहल इसलिए शुरू की गई है, क्योंकि ठीक हुए मरीजों में बीमारी के प्रति रोगप्रतिरोध क्षमता विकसित कर लेने की संभावना होती है और उनके दोबारा संक्रमित होने की आशंका अन्य की तुलना में बहुत कम होती है।
उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में संक्रमण के मामले बढ़ने के बीच, नगर निकाय ने कोविड-19 देखभाल केंद्र शुरू किया है। यह 18 से 60 साल के बिना लक्षण वाले ऐसे कोरोना वायरस मरीजों के लिए एक अलग केंद्र है जिन्हें स्वास्थ्य से जुड़ी कोई अन्य समस्या नहीं है। इसका लक्ष्य अस्पताल के बेड नाजुक स्थिति वाले मरीजों के लिए सुरक्षित रखना है जिन्हें चिकित्सीय देखभाल की जरूरत होती है।