केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में देश में कोरोना वायरस महामारी की स्थिति को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश में पिछले 20 दिनों से नए मामलों की दैनिक संख्या 10 हजार से कम बनी हुई है। पिछले सप्ताह केस पॉजिटिविटी 0.65 फीसदी रही। अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में देश में कोरोना के कुल सक्रिय मामलों में से 40.31 फीसदी मामले केवल केरल में हैं।
टीकाकरण की स्थिति पर अग्रवाल ने कहा कि भारत में कोरोना टीकों की खुराकें दुनिया में सबसे तेज गति से लगाई जा रही हैं। भारत में रोजाना टीकाककरण की दर अमेरिका से 4.8 गुना और ब्रिटेन से 12.5 गुना अधिक है। उन्होंने कहा, देश के 19 जिलों में साप्ताहिक पॉजिटिविटी 5-10 फीसदी के बीच है। केरल में ऐसे नौ, मिजोरम में पांच और नगालैंड, राजस्थान, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश व पश्चिम बंगाल में ऐसे एक-एक जिले हैं।
गैरजरूरी यात्रा और भीड़-भाड़ से दूरी बनाएं: डॉ. भार्गव
प्रेसवार्ता में मौजूद रहे आईसीएमआर (भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद) के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर कहा कि यह ऐसा समय है जब हमें गैरजरूरी यात्रा और भीड़-भाड़ वाले आयोजनों से बचना चाहिए। जरूरी है कि हम त्योहारों को छोटे स्तर पर ही मनाएं। वहीं, अग्रवाल ने कहा कि देश में ओमिक्रोन अधिकतर मामले ट्रैवल हिस्ट्री वाले हैं या वो ट्रैवल हिस्ट्री वाले लोगों के संपर्क में आए हैं। उन्होंने बताया कि भारत में फिलहाल एंटीवायरल पील के इस्तेमाल की कोई योजना नहीं है।
यूरोप में हुई कोरोना के नए चरण की शुरुआत: डॉ. पॉल
नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने कहा कि यूरोप में संक्रमण के मामलों में लेजी आने के साथ वहां कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के नए चरण का अनुभव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग कर पाना संभव नहीं है। फिलहाल यह निगरानी और वैश्विक महामारी के आकलन का एक जरिया है। हम इस बात का आश्वासन दे सकते हैं कि पर्याप्त और व्यवस्थित रूप से सैंपल लिए जा रहे हैं।
पॉल ने कहा कि जेनोवा एमआरएनए वैक्सीन के दूसरे आर तीसरे चरण का परीक्षण अच्छी तरह से आगे बढ़ रहा है। पूर्ण टीकाकरण, मास्क पहनना, बड़ी सभाओं से बचना बहुत महत्वपूर्ण है। भारत में उपलब्ध टीके प्रभावी हैं। वैक्सीन बूस्टर शॉट्स पर एक विज्ञान संचालित निर्णय लिया जाएगा।