कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : PTI
कोरोना वायरस की बिहार में बेकाबू होती स्थिति के मददेनजर तीन विशेषज्ञों की केंद्रीय टीम को पटना रवाना किया गया है। इस बीच दिल्ली एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया के नेतृत्व में चार सदस्यीय केंद्रीय टीम शुक्रवार को गुजरात के सूरत पहुंची और कोरोना के हालात का जायजा लिया।
शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने संयुक्त सचिव लव कुमार अग्रवाल के अलावा एनसीडीसी के निदेशक डॉ. सुजीत कुमार सिंह और दिल्ली एम्स के डॉ. नीरज निश्चल तत्काल दौरे पर भेजने के आदेश दिए। दरअसल भारी बारिश के चलते अस्पतालों में जलभराव और कोविड निगरानी केंद्रों तक न पहुंच पाने जैसी शिकायतें सामने आने और संक्रमित मरीजों को पर्याप्त देखरेख व उपचार दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने अलग से एक टीम को बिहार सरकार की मदद के लिए भेजा है।
इससे पहले मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव कुमार अग्रवाल तेलंगाना, गुजरात और महाराष्ट्र दौरे पर भी थे। दिल्ली एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया के नेतृत्व में एक अन्य केंद्रीय टीम ने गुजरात के सूरत का दौर किया। केंद्रीय विशेषज्ञों ने इलाज के संबंध में हिदायतें भी दीं। अहमदाबाद के बाद सूरत गुजरात का दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित शहर है। सूरत में 9451 मामले आए हैं और 395 लोगों की जान गई है।