केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार भारत में शुक्रवार को कोविड-19 के 761 मामले सामने आए हैं। इन आंकड़ों के मुताबिक 12 नए मौत के मामले भी दर्ज किए गए। शुक्रवार की सुबह आठ बजे के आंकड़ों के अनुसार देशभर में सक्रिय कोविड-19 मामले 4,423 से घटकर 4,334 हो गए।
सक्रिय मामलों की संख्या में केरल पहले स्थान पर है। केरल में मौजूदा समय में 1,249 सक्रिय मामले है, वहीं कर्नाटक में 1,240, महाराष्ट्र में 914, तमिलनाडु में 190, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश में 128 सक्रिय मामले हैं। मरने वाले 12 लोगों में पांच केरल से हैं। वहीं कर्नाटक में चार, महाराष्ट्र में दो और उत्तर प्रदेश में एक की मौत हो चुकी है। पांच दिसंबर तक दैनिक मामलों की संख्या दो अंकों में थी, लेकिन ठंड बढ़ने के बाद मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
बता दें कि 12 राज्यों में कोविड-19 के नए वेरिएंट जेन.1 के मामले बढ़कर 619 पर पहुंच चुका है। कर्नाटक में जेएन.1 के 199 मामले, केरल में 148, महाराष्ट्र में 110, गोवा में 47, गुजरात में 36, आंध्र प्रदेश में 30, तमिलनाडु में 26, दिल्ली में 15, राजस्थान में चार, तेलंगाना में दो, ओडिशा और हरियाणा में एक-एक मामले है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रीय रिकवरी दर 98.81 फीसदी पर पहुंच गई है। वेबसाइट के अनुसार देशभर में अबतक 220.67 करोड़ कोविड-19 की खुराक दी जा चुकी है।
कर्नाटक में सांस और फ्लू जैसी बीमारियों के मरीजों के लिए कोविड टेस्ट अनिवार्य
वहीं, कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी (आईएलआई) या गंभीर तीव्र श्वसन बीमारी (एसएआरआई) वाले लोगों के लिए कोविड परीक्षण अनिवार्य करने का निर्देश दिया है। कोविड हेल्पलाइन शनिवार को शुरू की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद उन्होंने कहा, प्रतिदिन 7,000 से अधिक परीक्षण किए जा रहे हैं, कोविड सकारात्मकता दर 3.82 प्रतिशत बनी हुई है, जबकि केरल में कोविड मामलों में गिरावट देखी जा रही है।
राव ने कहा, उन्होंने अधिकारियों से आईएलआई और एसएआरआई के लक्षण वाले वयस्कों के अनिवार्य रूप से कोविड जांच करने को कहा है। इसके पहले इनमें से 20 मामलों में से केवल एक का ही कोविड परीक्षण किया जाता था, लेकिन अब से निजी और सरकारी अस्पतालों को सभी ऐसे लक्षणों वाले रोगियों पर परीक्षण करने का निर्देश दिया गया है।