केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 5,825 सक्रिय कोविड-19 मामलों के साथ बंगलूरू देश के शीर्ष 10 कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले शहरों में शामिल है। कर्नाटक में कोरोना वायरस बीमारी के 7,831 सक्रिय मामलों और 12,381 लोगों की मौत हुई है। बंगलूरी में बुधवार को 492 नए मामले दर्ज किए गए थे।
कर्नाटक में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 783 और मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9,51,600 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि कोविड-19 के दो और रोगियों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 12,336 हो गई है। बुलेटिन के अनुसार बृहस्पतिवार को 406 लोगों के संक्रमण से उबरने के बाद ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 9,37,353 हो गई है। बुलेटिन में कहा गया है कि राज्य में उपचाराधीन रोगियों की संख्या 7,831 है।
पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 13,000 से अधिक मामले
कर्नाटक के स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और चिकित्सा शिक्षा मंत्री के सुधाकर ने कहा कि पड़ोसी महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 13,000 से अधिक मामलों का पता चला है, जो मुझे परेशान करता है। इससे सतर्क रहने की जरूरत है। इसे एक खतरे की घंटी मानें। चाहे वह कोई त्योहार हो या कोई कार्यक्रम, मास्क पहनें और आपस में शारीरिक दूरी बनाए रखें। भीड़ वाले इलाकों से दूर रहें।
कर्नाटक जो पिछले साल लॉकडाउन लागू करने वाले पहले राज्यों में से एक था। राज्य में आर्थिक गतिविधियों को फिर से शुरू करने की अनुमति देने के लिए प्रतिबंधों में ढील देने वाला भी कर्नाटक पहला राज्य था।